रविवार (8 मार्च) को भारतीय टीम ने T20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम कर ली है. जसप्रीत बुमराह ने फाइनल में 4/15 की शानदार गेंदबाजी की. T20 वर्ल्ड कप फाइनल में चार सलेने वाले सिर्फ दूसरे गेंदबाज बने. हर ओर बुमराह की गेंदबाजी की चर्चा हो रही है. जीत के बाद बुमराह की पत्नी संजना गणेशन ने भी एक पोस्ट के जरिए अपनी भावनाएं बयां की हैं.
संजना की दिल छू लेने वाली पोस्ट
संजना गणेशन लिखती हैं कि अगर कई साल पहले किसी ने कहा होता कि बड़ा होकर मैं ये हकीकत जीऊंगी, तो यकीन न होता. एक भारतीय के नाते, घर पर अपनी टीम को वर्ल्ड कप जीतते देखना, वो भी इतने दबदबे से, दिल गर्व से फूल जाता है. एक पत्नी के तौर पर मेरा पति हर रोज इतनी मेहनत करता है, जो वो करता है उसके लिए, कोई शॉर्टकट नहीं. कोई शोर-शराबा नहीं. बस मेहनत, अनुशासन और यकीन. उसे फल मिलता देखना सशक्तिकरण, प्रेरणा और जादू जैसा है.
संजना लिखती हैं कि एक मां के रूप में 2024 में हमने केनिंग्टन ओवल पर अपने बेटे को गोद में उठाया था, क्योंकि वो तब चल नहीं पाता था. 2 साल बाद, नरेंद्र मोदी स्टेडियम में वो अपने पापा के साथ भारतीय राष्ट्रगान के लिए आया. हमने अपनी छोटी सी फैमिली के लिए एक कोर मेमोरी बना ली. एक ब्रॉडकास्टर के नाते, इस टूर्नामेंट पर काम करना कितना तृप्ति देने वाला रहा. मैं अपने काम का एक भी दिन बेकार नहीं समझती, ये सपना जी रही हूं और इतिहास का हिस्सा बनने का मौका मिला, इसके लिए हमेशा शुक्रगुजार हूं. ये खास रहा, अब पीछे हटकर बनाई यादों का मजा लेने का वक्त है. जय हिंद!
कौन हैं संजना गणेशन?
संजना गणेशन और जसप्रीत बुमराह 2021 में शादी के बंधन में बंधे थे. शादी के 2 साल बाद 2023 में उन्होंने अपने बेटे अंगद का वेलकम किया. मां बनने के बाद संजना का वजन बढ़ा और उन्हें बॉडीशेम किया जाने लगा. लेकिन संजना ने उन्हें ट्रोल करने वालों को सोशल मीडिया पर फटकार लगाई और कहा कि किसी भी महिला या उसके बच्चे पर गलत टिप्पणी करना शर्मनाक हैं.
स्पोर्ट्स एंकर बनने से पहले संजना एक मॉडल थीं. मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखने से पहले उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी. वो MTV Splitsvilla जैसे शोज का भी हिस्सा रही हैं. लेकिन कुछ साल बाद उन्होंने मॉडलिंग छोड़ स्पोर्ट्स एंकरिंग शुरू की और आज वो एक बड़ा चेहरा बन चुकी हैं.
aajtak.in