शादियों को सीजन किसे पसंद नहीं. मिठाई, नए कपड़े, नाच-गाना और जश्न का माहौल ही कुछ ऐसा होता है कि हमेशा मुंह फुलाए रखने वाले फूफाजी का भी दिल कुछ देर के लिए खुशी से झूम उठता है. बॉलीवुड की फिल्मों से लेकर टीवी के सीरियलों में शादियों का अपना रंग और मजा है. टेलीविजन पर कोई भी शो शुरू हो, वक्त आने पर उसमें नजर आने वाले हीरो-हीरोइन का ब्याह किसी न किसी तरह हो ही जाता है. तो फिल्मों में भी लगभग सभी लीड कपल 'डेट-टू-मैरी' ही करते हैं.
सिनेमा में हम सभी ने राज-सिमरन से लेकर अक्षरा-नैतिक तक, लव से लेकर अरेंज तक, हर तरह की शादियां होती देखी हैं. 'बालिका वधू' में बाल विवाह से 'काव्या' में आईएएस काव्या बंसल और 'अनुपमा' में अनुपमा जोशी तक की शादी होते हम सभी ने देखी हैं. हर उम्र के शख्स के लिए मनोरंजन की दुनिया में प्यार, लव स्टोरी और शादी बनी है. अब इसी में नया ट्विस्ट लाई हैं दादियां. जी हां, आपने सही पढ़ा. दादियां. ये पूरा मामला क्या है ये भी आपको समझा देते हैं.
कौन हैं दादियां, जो कर रहीं शादियां?
आज, 8 मई का दिन बेहद खास है. आज के दिन बॉलीवुड और टीवी पर दो दादियों की शादी हो रही है. सिनेमाघरों में सुबह-सुबह नीतू कपूर और कपिल शर्मा स्टारर फिल्म 'दादी की शादी' रिलीज हो रही है. इस कॉमेडी-ड्रामा फिल्म में दादी बनीं नीतू कपूर, अपने होने वाले दामाद कपिल शर्मा की शादी में भांजी मार रही हैं. दादी इस उम्र में अपने लवर से शादी रचाने वाली हैं. दुनिया की सारी तोहमतों को इग्नोर करते हुए दादी पीछे हटने को तैयार नहीं और उनका होने वाला लाइफ पार्टनर भी अच्छे-अच्छों के छक्के छुड़ाना जानता है. इस पिक्चर से नीतू की रियल लाइफ बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी अपना बॉलीवुड डेब्यू भी कर रही हैं.
एक दादी की कहानी पूरी हो गई, तो आइए दूसरी की भी बात कर लें. ये दादी दशकों पुरानी हैं, इनका नाम तुलसी वीरानी है. जी हां, हमारी प्यारी तुलसी अब दादी बन चुकी हैं. 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में एक नया ट्विस्ट आ रहा है. 8 मई की रात, टीवी के सबसे पॉपुलर कपल में से एक रहे तुलसी और मिहिर फिर से शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. हां, हां, तुलसी पर चीट करने, अपने उड़ते दिल को संभालने और रिश्ते पर दोबारा काम करने के बाद अब मिहिर वीरानी फिर से अपनी प्यारी तुलसी के साथ सात जन्म बिताने की कसम खाएंगे.
तो फिर आप भी दोनों दादियों की शादियों में शामिल होने की तैयारी कर ही लीजिए.
पल्लवी