जब सोनू निगम ने धोए आशा भोसले के पैर, मंच पर नजारा देखते रहे RSS प्रमुख मोहन भागवत

आशा भोसले के जाने से सिंगर सोनू निगम पूरी तरह टूट चुके हैं. उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए दिग्गज सिंगर को श्रद्धांजलि दी. साथ ही उनके साथ गाना गाने का अपना अनुभव साझा किया.

Advertisement
आशा के जाने से गम में सोनू निगम (Photo: Instagram @sonunigamofficial) आशा के जाने से गम में सोनू निगम (Photo: Instagram @sonunigamofficial)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 12 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 6:46 PM IST

आशा भोसले ने अपने करियर में कई दिग्गज सिंगर्स के साथ काम किया. उनमें से एक सोनू निगम भी रहे, जो आशा जी के जाने से बेहद दुखी हैं. सिंगर ने इंस्टाग्राम पर एक खास पोस्ट शेयर करके उन्हें श्रद्धांजलि भी दी है. 

सोनू निगम ने आशा भोसले के साथ अपनी कुछ अनदेखी और यादगार तस्वीरें साझा की हैं. इसमें वो सिंगर के पैरों को छूते दिखाई दे रहे हैं. एक फोटो में तो सोनू खुशी-खुशी आशा जी के पैरों को पानी से धो रहे हैं. इसमें आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत भी बैठे नजर आते हैं. वहीं दूसरी फोटो में वो स्टेज पर आशा भोसले के पांव को छू रहे हैं. 

Advertisement

आशा जी के जाने से सोनू निगम हैं दुखीं

आशा भोसले के निधन पर सोनू निगम ने लिखा, 'आज भारतीय फिल्म संगीत के सबसे महान गायकों में से एक का पर्दा गिर गया. पायनियरिंग दौर की आखिरी बची हुई योद्धा ने आज संन्यास ले लिया और हम सबको अपनी अंतिम विदाई दे दी. उन्होंने जीवन भर बहुत उतार-चढ़ाव और मुश्किलों का सामना किया, और उसी से वो इतनी महान बनीं. कई दशकों तक अपनी गायकी और खुशमिजाजी से उन्होंने करोड़ों लोगों के दिलों को छुआ. एक ऐसी कलाकार, जो जीवन के आखिरी दिन तक रियाज करने के जज्बे से हम सबको प्रेरणा देती रहीं.'

सिंगर ने आगे आशा भोसले संग पहला गाना रिकॉर्ड करने से लेकर आखिरी कॉन्सर्ट तक की बात लिखी. सोनू ने कहा, 'आशा जी, 1994 में जब मैंने आपसे पहली बार मुलाकात की और आपके साथ गाया था, तब से लेकर दिसंबर 2024 में हमारे आखिरी कॉन्सर्ट तक, और पिछले साल हमारे साथ गाए गए आखिरी दो डुएट्स तक... ये सारा सफर मैं हमेशा बहुत खुशी और गर्व के साथ याद रखूंगा. बस यही कह सकता हूं- चले तो गए हो पर दिल अभी भरा नहीं...  आपसे दूसरी तरफ मुलाकात होगी. ओम शांति.' 

Advertisement

आशा भोसले का निधन 12 अप्रैल को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में हुआ. बीती रात 11 अप्रैल को उन्हें कार्डिएक अरेस्ट के चलते अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा था. सिंगर के पार्थिव शरीर को अभी उनके मुंबई स्थित घर लाया जा रहा है, जहां लोग आकर उन्हें अंतिम विदाई दे सकेंगे. आशा भोसले का अंतिम संस्कार कल यानी 13 अप्रैल को शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में आयोजित होगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement