माधुरी दीक्षित को बॉलीवुड की धक-धक गर्ल और इंडस्ट्री की बेहतरीन एक्टर के साथ डांसर भी माना जाता है. उनकी शानदार डांसिंग के पीछे दिग्गज कोरियोग्राफर सरोज खान का भी बड़ा हाथ रहा है. ‘तेजाब’ के आइकॉनिक गाने ‘एक दो तीन’ से लेकर ‘कलंक’ के ‘तबाह हो गए’ तक, दोनों की जोड़ी ने बॉलीवुड को कई यादगार डांस नंबर दिए.
देवदास के गाने डोला रे डोला में भी माधुरी को सरोज ने ही कोरियोग्राफ किया था. इस फिल्म को रिलीज हुए 20 साल से ज्यादा हो चुके हैं, लेकिन आज भी इसके किस्सों की चर्चा होती है. हाल में गाने में बैकग्राउंड डांसर रह चुकीं रुबीना खान ने उनका जिक्र किया.
सरोज खान की टीम के साथ लंबे समय तक काम कर चुकीं रुबीना खान ने बॉलीवुड ठिकाना से बातचीत में माधुरी इस गाने की शूटिंग के दौरान 4 महीने की प्रेग्नेंट थीं. रिहर्सल के दौरान एक्ट्रेस को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था.
'डोला रे डोला' की शूटिंग पूरी करने में 17 दिन लगे थे. गाने की रिहर्सल करीब एक महीने तक चली थी. उन्होंने कहा कि डांसर्स और लीड एक्टर्स अलग-अलग प्रैक्टिस करते थे ताकि हर स्टेप परफेक्ट लगे.
माधुरी चार महीने की प्रेग्नेंट थीं, बावजूद इसके वो किसी स्टेप पर हिचकिचाई नहीं. गाने में एक ऐसा स्टेप था जिसमें उन्हें घूमकर नीचे बैठना था. इस शॉट को सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक बार-बार शूट करना पड़ा.
प्रेग्नेंसी की वजह से माधुरी को चक्कर आ रहे थे और उन्हें ये स्टेप करने में काफी परेशानी हो रही थी. इतनी दिक्कतों के बावजूद माधुरी ने कभी कोई स्टेप बदलने की मांग नहीं की.
रुबीना ने बताया कि माधुरी को उस समय बुखार भी था, लेकिन फिर भी उन्होंने पूरी मेहनत और लगन से शूटिंग की. उन्होंने कहा कि माधुरी हमेशा सरोज खान की बात को अंतिम मानती थीं. जहां नए कलाकार कई बार स्टेप बदलने की बात करते थे, वहीं माधुरी हर हाल में वही स्टेप परफॉर्म करने पर जोर देती थीं.
सरोज खान भी इस बात को जानती थीं, इसलिए वो माधुरी को उनकी क्षमता के मुताबिक की स्टेप्स देती थीं. दोनों के बीच गहरा रिश्ता था. शायद यही वजह है कि इनकी जोड़ी जिस भी गाने में रही वो सुपरहिट ही हुआ.
माधुरी दीक्षित ने साल 1999 में अमेरिका के डॉक्टर श्रीराम नेने से शादी की थी. शादी के बाद वो फिल्मों से दूरी बनाकर डेनवर शिफ्ट हो गई थीं. बावजूद इसके संजय लीला भंसाली ने उन्हें ‘देवदास’ में चंद्रमुखी का रोल करने के लिए मनाया. फिल्म करने के बाद वो वापस ससुराल चली गई थीं, फिर आजा नचले फिल्म बॉलीवुड में वापसी की थी.
सिर्फ माधुरी ही नहीं, बल्कि ‘डोला रे डोला’ की शूटिंग के दौरान सरोज खान खुद भी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं. संजय लीला भंसाली ने एक इंटरव्यू में बताया था कि सरोज खान काफी दर्द में थीं, लेकिन फिर भी जमीन पर लेटकर डांस स्टेप्स समझाती थीं. उन्होंने करीब 15 दिनों तक इस गाने पर लगातार काम किया.