उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र की विधान परिषद की 28 सीटों पर वोटिंग शुरू हो गई है. इन सीटों पर स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे. उत्तर प्रदेश की 11, बिहार की 8, कर्नाटक की 4 और महाराष्ट्र की 5 और सीटों पर मतदान शुरू हो गया है. मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा.
यहां देखें लाइव अपडेट्स
UP में 11 सीटों पर वोटिंग
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों पर आज मतदान शुरू. इनमें 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं.
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ डिवीजन ग्रेजुएट्स, वाराणसी डिवीजन ग्रेजुएट्स, आगरा डिवीजन ग्रेजुएट्स, मेरठ डिवीजन ग्रेजुएट्स और इलाहाबाद-झांसी डिवीजन ग्रेजुएट्स सीट शामिल हैं.
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ डिवीजन टीचर्स, वाराणसी डिवीजन टीचर्स, आगरा डिवीजन टीचर्स, मेरठ डिवीजन टीचर्स, बरेली-मुरादाबाद डिवीजन टीचर्स और गोरखपुर-फैजाबाद डिवीजन टीचर्स सीट शामिल हैं.
बिहार विधान परिषद चुनाव
बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मतदान किया जा रहा है. चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों पर कुल 150 उम्मीदवार मैदान में हैं. स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी सीट शामिल हैं. वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण सीट शामिल है
बिहार में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मुकाबला जेडीयू के नीरज कुमार और मोकामा के विधायक अनंत सिंह के बीच प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है. एक तरफ नीरज कुमार अपनी सीट बचाने के लिए मैदान में हैं, तो दूसरी तरफ अनंत सिंह ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल रखा है.
महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव
महाराष्ट्र विधान परिषद की 5 सीटों पर मतदान शुरू हो गया है. इनमें 3 स्नातक और 2 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. स्नातक सीटों में औरंगाबाद डिवीजन ग्रेजुएट्स, पुणे डिवीजन ग्रेजुएट्स और नागपुर डिवीजन ग्रेजुएट्स शामिल हैं.
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में अमरावती डिवीजन टीचर्स और पुणे डिवीजन टीचर्स सीट शामिल है.
कर्नाटक विधान परिषद चुनाव
कर्नाटक विधान परिषद की 4 सीटों पर मतदान किया जा रहा है. इनमें 2 स्नातक और 2 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कर्नाटक साउथ-ईस्ट ग्रेजुएट्स और कर्नाटक वेस्ट ग्रेजुएट्स सीट शामिल हैं. शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कर्नाटक नॉर्थ-ईस्ट टीचर्स और बेंगलुरु टीचर्स सीट पर मतदान किया जा रहा है.
कुमार अभिषेक / रोहित कुमार सिंह