उत्तर प्रदेश में छह महीने पहले ही पंचायत चुनाव हो जाने चाहिए थे, लेकिन नहीं हो सके. सवाल केवल चुनाव के मतदान की तारीख तय होने तक सीमित नहीं है. इसके पीछे पंचायतों के आरक्षण, निर्वाचन क्षेत्रों की स्थिति, पिछड़े वर्गों के प्रतिनिधित्व, मतदाता सूची, चुनावी तैयारियों और न्यायिक प्रक्रिया से जुड़े कई सवाल हैं. जब इन प्रक्रियाओं में से किसी एक पर कानूनी विवाद खड़ा होता है, तो उसका असर ग्राम पंचायत से लेकर क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत तक के चुनाव कार्यक्रम पर पड़ता है.
यूपी पंचायत चुनाव में हो रही देरी को लेकर मामला अदालत तक पहुंच गया. हाईकोर्ट के सख्त रुख अख्तियार किए जाने के बाद यूपी ओबीसी आयोग का गठन किया गया, उसके बाद भी चुनाव नहीं हो सके. अब हाईकोर्ट ने यूपी ओबीसी आयोग से एक महीने में रिपोर्ट और यूपी सरकार को तीन महीने में पंचायत चुनाव कराने के आदेश दिए हैं.
पंचायत चुनाव में हो रही देरी की सबसे बड़ी वजह ओबीसी आयोग की रिपोर्ट है या फिर सरकार टाला-मटोली कर रही है. मामले में सबसे अहम बात है कि हाईकोर्ट के ताजा आदेश में वास्तव में क्या कहा गया है, आदेश किन पक्षों पर लागू होता है और अदालत ने सरकार तथा राज्य निर्वाचन आयोग को क्या निर्देश दिया है. इन्हीं सारे बिंदुओं से तय होगा कि यूपी में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया कितनी जल्दी आगे बढ़ सकती है.
तीन महीने में पंचायत चुनाव कराने की डेडलाइन
यूपी पंचायत चुनाव को लेकर 14 अक्टूबर 2026 को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दशरथ यादव और अन्य की याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग को पंचायत चुनाव की प्रक्रिया तत्काल आगे बढ़ाने और फैसले की तारीख से तीन महीने के भीतर चुनाव पूरा करने का निर्देश दिया. अदालत ने मौजूदा आरक्षण व्यवस्था के तहत चुनाव कराने को कहा है, जिसके लिए एक महीने में ओबीसी आयोग को अपनी रिपोर्ट देने का आदेश दिया है.
राज्य सरकार और यूपी निर्वाचन आयोग को अब तैयारियों और पंचायत चुनाव कार्यक्रम को निर्धारित अवधि के भीतर पूरा करना है. पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट लंबित होने को चुनाव टालने का आधार नहीं माना गया. अदालत ने निवर्तमान ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने के आदेश को रद्द करने से इनकार किया, लेकिन यह व्यवस्था निर्वाचित पंचायत का स्थायी विकल्प नहीं है.
उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा है कि पिछड़ा वर्ग की रिपोर्ट आने के बाद यूपी पंचायत चुनाव करा दिए जाएंगे. उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश पर ही पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन किया गया है. अब रिपोर्ट का इंतजार है, रिपोर्ट आते ही चुनाव कराने में कोई दिक्कत नहीं है. इसके बावजूद पंचायत चुनाव में कहां अड़चन है?
यूपी में पंचायत चुनाव आखिर क्यों अटके हैं?
उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव की सबसे बड़ी अड़चन और देरी की प्रमुख वजह अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए आरक्षण निर्धारित करने की प्रक्रिया है. यूपी सरकार का पक्ष रहा है कि स्थानीय निकायों में पिछड़े वर्गों को आरक्षण देने के लिए पर्याप्त आंकड़े जुटाना और कानूनी प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है. इसके बिना पंचायत चुनाव नहीं कराए जा सकते हैं.
इलाहाबाद हाईकोर्ट के सख्त आदेश पर यूपी सरकार ने 18 मई 2026 को ओबीसी आयोग का गठन किया. सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति राम अवतार सिंह की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग गठित किया गया था. ओबीसी आयोग को उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में रैपिड सर्वे कर पिछड़ों के सामाजिक-आर्थिक और राजनीतिक आंकड़ों की जांच करने के लिए 6 महीने का समय दिया गया था.
यह भी पढ़ें: यूपी पंचायत चुनाव पर बड़ा फैसला: अब 'समर्पित आयोग' करेगा पिछड़ों का रैपिड सर्वे, रिपोर्ट के बाद ही तय होगा आरक्षण
नवंबर 2026 तक तो ओबीसी आयोग की रिपोर्ट की डेडलाइन है. इसके बाद पंचायत सीटों का नए सिरे से आरक्षण तय होगा और मतदाता सूची (वोटर लिस्ट) को दुरुस्त किया जाएगा. जब यह पूरी प्रक्रिया खत्म होगी, तब तक साल 2026 बीत चुका होगा और दहलीज पर खड़ा होगा 2027 का यूपी विधानसभा चुनाव. ऐसे में विधानसभा चुनाव के बाद ही पंचायत चुनाव की संभावना मानी जा रही है.
यूपी में समस्या यह थी कि ओबीसी आयोग की जांच और सिफारिशों का इंतजार करते हुए पंचायत चुनाव प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही थी. संविधान के तहत निर्धारित अवधि में पंचायतों के चुनाव कराकर निर्वाचित संस्थाओं को अस्तित्व में लाना अनिवार्य है. अदालत के अनुसार, आरक्षण संबंधी अध्ययन जारी रह सकता है, लेकिन उसकी वजह से पंचायत चुनाव अनिश्चितकाल के लिए नहीं रोके जा सकते हैं.
आरक्षण केवल प्रतिशत तय करने का मामला नहीं
पंचायत चुनाव में आरक्षण का अर्थ केवल यह तय करना नहीं है कि किस वर्ग को कितनी सीटें मिलेंगी. यह भी देखना होता है कि आरक्षण किस स्थानीय निकाय और किस निर्वाचन क्षेत्र पर लागू होगा, संबंधित वर्ग के प्रतिनिधित्व का आधार क्या है और कुल आरक्षण निर्धारित कानूनी सीमा के भीतर है या नहीं.
सुप्रीम कोर्ट ने स्थानीय निकायों में ओबीसी आरक्षण के संदर्भ में जिस ट्रिपल टेस्ट की व्यवस्था बताई है, उसमें तीन अहम शर्तें हैं. पहला- समर्पित OBC आयोग, जो स्थानीय निकायों में पिछड़ेपन की प्रकृति और उसके प्रभाव की समकालीन रिपोर्ट तैयार करेगा. दूसरा- निकायवार आरक्षण, जिसमें आयोग की सिफारिशों के आधार पर स्थानीय निकायों के लिए आवश्यक आरक्षण का अनुपात निर्धारित किया जाए.
यह भी पढ़ें: यूपी पंचायत चुनाव के एक कदम और करीब पहुंची योगी सरकार, जानें कौन सी तैयारी हुई पूरी
तीसरा- कुल आरक्षण की सीमा है. अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और ओबीसी के लिए कुल ऊर्ध्वाधर आरक्षण सामान्यतः 50 प्रतिशत की निर्धारित सीमा से अधिक न हो. इस प्रक्रिया का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि पिछड़े वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की व्यवस्था पर्याप्त आंकड़ों और कानूनी आधार पर टिकी हो, लेकिन इसी प्रक्रिया को पूरा करने में देरी होने पर निर्वाचित पंचायतों का कार्यकाल समाप्त हो गया और चुनाव को लेकर विवाद अदालत तक पहुंच गया.
पंचायतों का कार्यकाल खत्म, लेकिन नई पंचायतें नहीं बनीं
उत्तर प्रदेश में साल 2021 में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव हुए थे, जिसमें 58,189 ग्राम प्रधान चुने गए थे. इन प्रधानों का कार्यकाल मंगलवार यानी 26 मई 2026 को समाप्त हो गया था, लेकिन समय पर चुनाव नहीं होने के चलते यूपी सरकार ने ग्राम प्रधानों को प्रशासक नियुक्त करने का निर्णय लिया. ग्राम प्रधानों को ही छह महीने के लिए प्रशासक बनाने का निर्णय पहली बार हुआ है. इससे पहले जब भी समय पर पंचायत चुनाव नहीं हो पाते थे, तो सहायक विकास अधिकारी को ग्राम पंचायत का प्रशासक बनाया जाता था.
पंचायतों के चुनाव का सवाल इसलिए भी गंभीर हुआ, क्योंकि पिछली बार निर्वाचित पंचायतों का पांच साल का कार्यकाल मई 2026 में समाप्त हो गया था. चुनाव समय पर नहीं हुए तो ग्राम पंचायतों के प्रशासन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी. इस व्यवस्था को चुनौती देते हुए याचिकाकर्ताओं ने सवाल उठाया कि निर्वाचित प्रतिनिधियों का कार्यकाल खत्म होने के बाद उन्हें प्रशासनिक जिम्मेदारी देना क्या संविधान की भावना और पंचायतों के कार्यकाल से संबंधित प्रावधानों के अनुरूप है.
हाईकोर्ट ने ओबीसी आरक्षण पर क्या कहा?
फैसले का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा यह है कि अदालत ने लंबित आयोग की जांच को चुनाव रोकने का पर्याप्त कारण नहीं माना. हाईकोर्ट ने निर्देश दिया कि चुनाव मौजूदा आरक्षण व्यवस्था के तहत कराए जाएं, जिसमें ओबीसी के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण भी शामिल है. आयोग की रिपोर्ट का इंतजार करते हुए ओबीसी के लिए आरक्षित सीटों को सामान्य सीटों में बदलकर चुनाव नहीं कराया जा सकता. अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिलाओं के लिए लागू आरक्षण भी संबंधित कानूनों के अनुसार जारी रहेगा, जो कुल आरक्षण की लागू सीमा के अधीन होगा.
यह भी पढ़ें: कम हुए वार्ड, घटी ग्राम पंचायतों की संख्या... यूपी पंचायत चुनाव से पहले बड़ा बदलाव!
पंचायत चुनाव कराने के लिए सरकार को आयोग की पूरी जांच समाप्त होने तक इंतजार करने की जरूरत नहीं है. हालांकि, इसका अर्थ यह भी नहीं है कि आयोग का काम समाप्त हो गया है; आयोग अपनी जांच और रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया जारी रखेगा. सरकार को बाद में उसकी सिफारिशों पर विचार करके जरूरत पड़ने पर कानून के अनुरूप आवश्यक वैधानिक या विधायी कदम उठाने होंगे. अदालत ने तत्काल चुनाव और भविष्य में आरक्षण व्यवस्था के सुधार को दो अलग-अलग प्रक्रियाओं के रूप में देखने का रास्ता दिया है.
प्रधान प्रशासक बने रहेंगे, लेकिन कितने समय तक?
हाईकोर्ट ने 25 मई 2026 के शासनादेश को रद्द करने और निवर्तमान प्रधानों की प्रशासक के रूप में नियुक्तियों को समाप्त करने की मांग स्वीकार नहीं की. अदालत ने पंचायत राज अधिनियम की संबंधित धाराओं को संविधान के अनुच्छेद 243-ई के विरुद्ध घोषित करने से भी इनकार किया, लेकिन इस फैसले को यह मान लेना गलत होगा कि प्रशासक की व्यवस्था अब लंबे समय तक चल सकती है.
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि चुनाव के लिए दी गई तीन महीने की समयसीमा प्रशासकों का कार्यकाल अपने आप नहीं बढ़ाती. अंतरिम प्रशासन को लागू कानून की सीमाओं में ही रहना होगा. ऐसे में सरकार और प्रशासन के सामने दो जिम्मेदारियां हैं. जब तक नई पंचायतें गठित नहीं होतीं, तब तक ग्रामीण प्रशासन का काम संभालना और निर्धारित समय में निर्वाचित संस्थाओं की वापसी सुनिश्चित करना है.
क्या तीन महीने में चुनाव कराना आसान होगा?
हाईकोर्ट के आदेश के बाद चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग को कई काम समानांतर रूप से करने होंगे. यूपी में ओबीसी कमीशन की रिपोर्ट आने के बाद सीटों के आरक्षण प्रक्रिया का ऐलान किया जाएगा. सरकार अगर हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती नहीं देती है, तो फिर तीन महीने में चुनाव कराने की दिशा में कदम बढ़ाना होगा.
अदालत के फैसले के बाद ओबीसी आयोग को एक महीने में अब अपनी रिपोर्ट देनी होगी. अदालत के निर्देश के अनुसार मौजूदा आरक्षण व्यवस्था में चुनाव कराने होंगे. हालांकि, समयसीमा स्पष्ट होने के बावजूद प्रशासनिक चुनौती कम नहीं है. राज्य में लगभग 12.59 करोड़ पंचायत मतदाता हैं. राज्य में 57,694 ग्राम प्रधान, 75 जिला पंचायत अध्यक्ष और 826 ब्लॉक प्रमुख हैं. इन पदों के चुनाव और गठन की प्रक्रियाओं के लिए बड़े पैमाने पर संसाधन जुटाने होंगे.
यह भी पढ़ें: यूपी पंचायत चुनाव: वोटर लिस्ट से हट सकते है 50 लाख नाम, जानिए कौन हैं ये लोग
पंचायत चुनाव के लिए मतदान कर्मियों का चयन, प्रशिक्षण, तैनाती, सुरक्षा और मतदान केंद्रों का प्रबंधन करना होगा. आरक्षण, मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े संभावित विवादों का समय पर निस्तारण करना होगा. पंचायत चुनाव की तैयारी और प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच कर्मचारियों तथा सुरक्षा संसाधनों का समन्वय बिठाना होगा.
यह सवाल इसलिए उठ रहा है क्योंकि दोनों चुनावों की तैयारियों का समय एक-दूसरे के करीब पड़ सकता है. विधानसभा चुनाव 2027 की शुरुआत में संभावित हैं, जबकि हाईकोर्ट के 14 अक्टूबर 2026 के फैसले से पंचायत चुनावों को जनवरी 2027 तक पूरा करने की समयसीमा बनती है. ऐसे में क्या अब दोनों चुनाव एक साथ होंगे?
पंचायत चुनाव राज्य निर्वाचन आयोग के अधीन स्थानीय निकायों के चुनाव हैं, जबकि विधानसभा चुनाव भारत निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी हैं. इनके लिए अलग-अलग चुनाव कार्यक्रम, मतदाता सूचियां, प्रशासनिक व्यवस्थाएं और कानूनी प्रक्रियाएं लागू होती हैं.
सरकार क्या पंचायत चुनाव के लिए तैयार होगी
यूपी सरकार अगर समय रहते हुए पंचायत चुनाव करा सकती थी. लेकिन ओबीसी आयोग के गठन में देरी किए जाने के चलते मामला फंस गया. कोर्ट के हस्ताक्षेप के बाद ही योगी सरकार ने ओबीसी आयोग का गठन किया और अब फिर से कोर्ट ने तीन महीने में चुनाव कराने का आदेश दिया है.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पंचायत चुनाव को टालने के पीछे सिर्फ कानूनी पेच नहीं, बल्कि एक सोची-समझी सियासी रणनीति भी है. मार्च 2027 में उत्तर प्रदेश में सत्ता का 'महामुकाबला' यानी विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में कोई भी राजनीतिक दल विधानसभा के फाइनल से ठीक पहले पंचायत चुनाव का भारी जोखिम नहीं उठाना चाहती है. इसकी एक बड़ी वजह यह है कि पंचायत चुनाव के नतीजो को 2027 के चुनाव से जोड़ा जाता.
साल 2021 के पंचायत चुनाव में बीजेपी को सपा से कड़ी टक्कर मिली थी और कई जिलों में निर्दलीयों का बोलबाला रहा था. सरकार नहीं चाहती कि 2027 के मुख्य चुनाव से ऐन पहले किसी भी तरह का 'एंटी-इंकंबेंसी' या नकारात्मक संदेश जनता के बीच जाए.
पंचायत चुनाव किसी पार्टी के सिंबल पर कम और स्थानीय रसूख, परिवार और चेहरे पर ज्यादा लड़े जाते हैं. एक-एक सीट पर बीजेपी या सपा के कई-कई कार्यकर्ता ताल ठोक देते हैं., अगर विधानसभा चुनाव से ठीक पहले टिकट न मिलने पर कार्यकर्ता बागी हो गए, तो इसका सीधा नुकसान 2027 के मुख्य चुनाव में उठाना पड़ सकता है. इसीलिए सरकार यूपी विधानसभा चुनाव के बाद कराने की प्लानिंग कर रही थी, लेकिन अब हाईकोर्ट के बाद मामला फंस गया है.
कुबूल अहमद