Assam Elections: असम में BJP पर जमकर बरसे राहुल गांधी, बोले- सबसे भ्रष्ट CM हैं हिमंत बिस्वा सरमा

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर जमकर निशाना साधा. अपने संबोधन में उन्होंने भ्रष्टाचार, सत्ता के दुरुपयोग और केंद्र के प्रभाव जैसे मुद्दों को उठाते हुए बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए. यहां तक कि मुख्यमंत्री को सबसे भ्रष्ट तक बता दिया.

Advertisement
असम रैली के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री और गृहमंत्री पर भी जमकर निशाना साधा. (File Photo: ITG) असम रैली के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री और गृहमंत्री पर भी जमकर निशाना साधा. (File Photo: ITG)

अशोक उपाध्याय

  • दिसपुर,
  • 05 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 7:25 PM IST

असम के बिस्वनाथ में आयोजित चुनावी रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीजेपी सरकार पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने हिमंत बिस्वा सरमा को सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री बताते हुए सांप्रदायिक तक करार दे दिया. भ्रष्टाचार, जमीन और सत्ता के केंद्रीकरण को मुद्दा बनाते हुए उन पर तीखे आरोप लगाए. इसके साथ ही कांग्रेस की सरकार बनने पर कई बड़े वादे भी किए. 

राहुल गांधी ने कहा कि हिमंत बिस्वा सरमा को रात में नींद नहीं आती हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि कांग्रेस के कार्यकर्ता उन्हें जेल तक पहुंचाएंगे. उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में मुख्यमंत्री को जनता से माफी मांगनी पड़ेगी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी होगी. उन्होंने कहा, ''कांग्रेस के 'बब्बर शेर' उन्हें जेल में डालेंगे. उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई तय है.''

Advertisement

अपने भाषण में राहुल गांधी ने बेहद आक्रामक लहजा अपनाया. उन्होंने कहा कि हिमंता बिस्वा सरमा जितना कूदना-फांदना चाहते हैं, अभी कर लें, क्योंकि कांग्रेस उन्हें छोड़ने वाली नहीं है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार में अपने परिवार को भी शामिल कर लिया है. इस वजह से कानूनी कार्रवाई का दायरा बढ़ेगा. किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा.

'असम को बना दिया BJP का ATM'

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि असम को BJP का ATM बना दिया गया है. उन्होंने कहा कि राज्य की जमीनें अलग-अलग बहानों से छीनी जाती हैं और फिर उन्हें बड़े उद्योगपतियों को सौंप दिया जाता है. उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बदले में भारी आर्थिक लाभ राजनीतिक तौर पर हासिल किए जाते हैं.

Advertisement

'हिमांता सबसे भ्रष्ट-सांप्रदायिक CM'

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हिमंत बिस्वा सरमा को देश का सबसे भ्रष्ट और सबसे सांप्रदायिक मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि उन्होंने असम की जनता को गुमराह किया है. उन्होंने कहा कि जनता अब सब समझ चुकी है. आने वाले समय में इसका जवाब देगी. उनके मुताबिक, असम की जनता इस कथित भ्रष्टाचार को कभी माफ नहीं करेगी और सजा तय है.

'दिल्ली से चल रही है असम सरकार'

राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि असम की सरकार वास्तव में दिल्ली से संचालित हो रही है. उन्होंने कहा कि जो निर्णय प्रधानमंत्री और गृह मंत्री लेते हैं, वही राज्य में लागू होता है. इससे राज्य की स्वायत्तता और स्थानीय हितों को नुकसान पहुंच रहा है. अपने भाषण में राहुल ने सिर्फ आरोप ही नहीं लगाए, बल्कि कांग्रेस की संभावित सरकार के लिए कई बड़े वादे भी किए.

चुनावी वादों की झड़ी, 6 बड़े ऐलान

उन्होंने कहा कि असम की 6 समुदायों को SC/ST का दर्जा दिया जाएगा. चाय बागान के श्रमिकों को 450 रुपए प्रतिदिन देने का वादा भी दोहराया गया. इसके अलावा उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर हर महिला के खाते में बिना शर्त हर महीने पैसा ट्रांसफर किया जाएगा. जो लोग अपना व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं, उनको 50 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी.

Advertisement

जुबीन गर्ग केस में कार्रवाई का भरोसा

राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि सरकार बनने के 100 दिनों के भीतर जुबीन गर्ग से जुड़े मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उनके इस भाषण ने असम की राजनीति में नई गर्माहट ला दी है. एक तरफ उन्होंने BJP और राज्य सरकार पर तीखे हमले किए, तो दूसरी तरफ स्थानीय मुद्दों और वादों के जरिए जनता को साधने की कोशिश भी की है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement