नाराज चन्नी को पंजाब कांग्रेस का सीधा संदेश, बोले- हाईकमान से ऊपर कोई नहीं

पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी और कलह की खबरों के बीच पार्टी के नेता राणा गुरजीत सिंह ने कहा है कि कोई भी नेता हाईकमान से ऊपर नहीं है. बता दें कि पार्टी प्रभारी भूपेश बघेल राज्य दौरे पर हैं और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में लगे हैं. वहीं, पार्टी का राज्य अध्यक्ष न बनाए जाने को लेकर नाराज चरणजीत सिंह चन्नी अभी तक भूपेश से नहीं मिले हैं.

Advertisement
चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष न बनाए जाने पर नाराज हैं. (File Photo: ITG) चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष न बनाए जाने पर नाराज हैं. (File Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 09 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 4:33 PM IST

पंजाब कांग्रेस में चल रही गुटबाजी और कलह की खबरें तूल पकड़ती जा रही हैं. इस बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक राणा गुरजीत सिंह ने बयान दिया है कि कांग्रेस में कोई भी नेता पार्टी हाईकमान से ऊपर नहीं है.

पंजाब के कांग्रेस मामलों के प्रभारी भूपेश बघेल इन दिनों राज्य के दौरे पर हैं. वो साल 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों के मद्देनजर लगातार पार्टी नेताओं के साथ बैठकें कर रहे हैं. हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने अभी तक भूपेश बघेल से मुलाकात नहीं की.

Advertisement

जब पत्रकारों ने इस बारे में राणा गुरजीत सिंह से सवाल पूछा, तो उन्होंने कहा, 'हाईकमान से ऊपर कोई नहीं है.' पार्टी में चल रहे गतिरोध के सवाल पर उन्होंने हंसते हुए कहा, 'गतिरोध कहां है? सब कुछ ठीक है. हालांकि, वो बघेल से मिलने के समय के सवाल को टाल गए.

चन्नी समेत कई कांग्रेस नेताओं की बैठक

इसी बीच, गुरुवार को चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, भारत भूषण आशू, परगट सिंह और गुरकीरत सिंह ने यहां राणा गुरजीत के घर पर एक बैठक की. नेताओं की इस बैठक के बाद जब अंदरूनी कलह पर सवाल उठा, तो राणा गुरजीत ने सफाई दी.

उन्होंने कहा कि वो सभी कपूरथला में होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव से जुड़े एक मुद्दे पर चर्चा करने के लिए जमा हुए थे. भूपेश बघेल से फोन पर बात करने के सवाल पर राणा गुरजीत ने कहा, 'मेरी बघेल से फोन पर कोई बात नहीं हुई है और न ही कोई बैठक हुई है.'

Advertisement

चन्नी की नाराजगी और अंदरूनी बैठकें

दरअसल, बीती 1 जुलाई को कांग्रेस हाईकमान ने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को पंजाब इकाई के अध्यक्ष पद पर बरकरार रखा था, जबकि चन्नी को चुनाव प्रचार समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया था. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, जालंधर के सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष न बनाए जाने से नाराज चल रहे हैं.

इस फैसले के बाद सोमवार को मोहाली में चन्नी की मौजूदगी में कई वरिष्ठ नेताओं ने बैठक की थी. इससे पहले कई मौजूदा और पूर्व विधायकों ने भी चन्नी को राज्य इकाई का अध्यक्ष बनाने पर पुनर्विचार करने की मांग उठाई थी. दूसरी तरफ, चन्नी ने बुधवार को अपने घर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जहां उन्होंने भगवंत मान सरकार को तो घेरा, लेकिन कांग्रेस के अंदरूनी कलह पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया.

यह भी पढ़ें: भूपेश बघेल की बैठकों से चन्नी गुट ने बनाई दूरी, खुलकर सामने आई पंजाब कांग्रेस की कलह

'फैसला बदलना गुड्डा-गुड्डी का खेल नहीं'

पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को बदलने की अटकलों को पार्टी प्रभारी भूपेश बघेल ने बुधवार को ही खारिज कर दिया था. राजा वड़िंग की मौजूदगी में बघेल ने कड़े शब्दों में कहा, 'जब हाईकमान ने एक बार फैसला ले लिया है, तो उसे बदला नहीं जाता. कोई गुड्डा-गुड्डी का खेल है क्या कि बार-बार फैसला बदला जाएगा?;

Advertisement

राज्य नेतृत्व में बदलाव के सवाल पर उन्होंने कहा, 'इसका तो सवाल ही पैदा नहीं होता.' बघेल ने ये भी बताया था कि वो जल्द ही चरणजीत सिंह चन्नी से मुलाकात करेंगे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »