डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने बुधवार को लखनऊ में आयोजित आजतक के खास कार्यक्रम 'पंचायत आजतक' में शिरकत की. इस दौरान उन्होंने कई सवालों के जवाब दिए साथ ही कहा कि 2027 में भी उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनेगी और 2017 से कहीं अधिक बड़ी जीत दर्ज करेगी. समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के लिए उन्होंने कहा कि, सपा का सूर्य अस्त होगा और प्रदेश की जनता इनके अहंकार को चूर-चूर करेगी.
महाराष्ट्र, असम, पश्चिम बंगाल... हर जगह खिला कमल
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि, 'महाराष्ट्र, असम, पश्चिम बंगाल, हरियाणा हर जगह लगातार कमल खिला है, आगे भी खिलेगा लेकिन इनका (सपा का) दुष्प्रचार काम नहीं आ रहा है. इनके (सपा) अहंकार को प्रदेश की जनता चूर-चूर कर देगी. सपा का सूर्य अस्त हो रहा है. यूपी में हम भी पिछड़ा, महिलाओं, व्यापारियों का सम्मेलन करते हैं. हमारा संगठन बूथ स्तर पर मजबूत हैं. हमारे पास बूथ स्तर पर कार्यकर्ता हैं, समाजवादी पार्टी के पास बूथ स्तर पर गुंडे हैं.
अपराधी पर एक्शन तो सपा को दर्द क्यों- डिप्टी सीएम
एनकाउंटर मामले से जुड़े सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि, 'सपा ये बताए कि अपराधी पर एक्शन होता है तो सपा के नेताओं को दर्द क्यों होता है. सपा का चश्मा मुस्लिम तुष्टिकरण का है. इसलिए उन्हें यही सब नजर आता है. लेकिन जनता खुश है. अपराधियों को सजा मिल रही है, लेकिन इसमें भी जाति और समुदाय सपा ही देख सकती है.'
वहीं प्रदेश में 'ठाकुर सेंट्रिक पॉलिटिक्स' के आरोपों के जवाब में कहा कि, ये दुष्प्रचार सपा ही कर रही है. सपा सोच रही है कि ऐसा हम कहेंगे तो उसकी साइकिल पंचर होने से बच जाएगी. हमारी पार्टी में सभी जाति-समुदाय के मंत्री-विधायक-सांसद हैं, सभी जाति के पदाधिकारी-कार्यकर्ता हैं, सभी को बराबर सम्मान मिलता है. बीजेपी का मंत्र सबका साथ-सबका विकास है.
"चंदा चोर का हिसाब हनुमानजी की गदा करेगी'
वहीं श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी के हॉट टॉपिक पर अपनी बात रखते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि, 'श्रीराम और राम जन्मभूमि ये बीजेपी के लिए आस्था का विषय है चुनाव का नहीं. ऐसा नहीं है कि मंदिर बन गया था तो हमें 400 वोट मिल गए थे. जिन लोगों ने कारसेवकों को गोलियों से भून दिया था तो उन लोगों को इस मामले में बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है.'
उन्होंने कहा कि 'ये कोई चुनावी मुद्दा नहीं है. इससे बीजेपी का न एक वोट घटेगा न उनका एक वोट बढ़ेगा. ये कोई मुद्दा है ही नहीं. जिसने चोरी की उसके लिए कानून भी है और हनुमान जी की गदा भी है. जांच में जो भी दोषी होगा उस पर पूरी कार्रवाई होगी और मैं आस्थावान हूं, तो ये कह सकता हूं कि हनुमान जी की गदा भी उसे देखेगी. हनुमान जी बैठे हुए हैं, उनकी गदा चलेगी. जिसने खजाने से चोरी की है उसे हनुमान जी की गदा का प्रहार सहना पड़ेगा.'
इस मामले में आगे उन्होंने कहा कि, 'एसआईटी, FIR, कानून भी उसका (चढ़ावा चोरी के दोषी का) हिसाब करेगी. ये पूरी तरह जांच का विषय है, जो दोषी होंगे उन पर कार्रवाई होगी. इससे बीजेपी की सेहत न खराब होने वाली है और जो विरोधी विपक्षी हैं, न ही उनकी सेहत दुरुस्त होगी.'
काशी- मथुरा वाले मामले से जुड़े सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि, 'हम तो चाहते हैं कि काशी और मथुरा में भी भव्य मंदिर बन जाए, लेकिन ये मामला कोर्ट में विचाराधीन है, इस मामले में मैं अलग से कुछ नही कह सकता हूं. नौ वर्षों में न कोई दंगा हुआ न कोई कर्फ्यू लगा. सुशासन की जो सरकार चल रही है उसे जनता भी देख रही है और समझ रही है.
'सभी योजनाओं पर सजग है हमारी सरकार'
सरकार के रिपोर्ट कार्ड और योजनाओं पर अपनी बात रखते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि, हमारी सरकार सभी योजनाओं में सजग हैं और सभी योजनाओं में नंबर वन हैं. शिक्षा-स्वास्थ्य और रोजगार में हम नंबर वन हैं. विकसित भारत जीरामजी के तहत महिलाओं को भी रोजगार देने में हम आगे हैं.
आज बुंदेलखंड-पूर्वांचल चमक गए हैं. हमारी कोशिश है कि आगे के दिनों में किसी को मजबूरी में अपने पूर्वांचल या बुंदेलखंड से पलायन नहीं करना पड़ेगा. ये डबल इंजन की सरकार की उपलब्धि है.
'ओबीसी ही राज कर रहा'
कार्यक्रम में 'ओबीसी नेतृत्व' के सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि 'ओबीसी ही राज कर रहा है. केशव प्रसाद (खुद को इंगित करते हुए) पिछड़े वर्ग का है और मैं नौ वर्ष से लगातार यूपी का डिप्टी सीएम हूं.
योगी जी के मंत्री परिषद में पिछड़े वर्ग के इतने मंत्री हैं, अनुसूचित वर्ग के इतने मंत्री हैं कि यह देखकर ही अखिलेश यादव जी का हाजमा खराब रहता है. इसलिए बीजेपी अगड़ा वर्ग, पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित वर्ग की त्रिवेणी है. यह त्रिवेणी बीजेपी के साथ है और इस त्रिवेणी के सहयोग से 2017 में जीते थे, और 2027 में उससे भी बड़ी जीत हासिल करेंगे. और अखिलेश यादव की पार्टी को 2017 से भी पीछे धकेलने का काम करेंगे.
उन्होंने आगे कहा- जब देश के पीएम मोदी अति पिछड़े वर्ग से आते हैं और उनको देखने के बाद अगर देश के पिछड़े वर्ग को संतोष नहीं होगा तो किससे होगा. मोहन यादव एमपी में सीएम हैं. सम्राट चौधरी बिहार में सीएम हैं. हरियाणा में नायब सिंह सैनी सीएम हैं, जिधर नजर दौडाइए उधर अलग-अलग वर्ग-समुदाय के मुख्यमंत्रियों की लंबी फेहरिस्त है.
छत्तीसगढ़-ओडिशा में आदिवासी समाज से आने वाले सीएम हैं. ऐसे बैकग्राउंड से आने वाले लोग जो सत्ता में आने, विधायक बनने की बात नहीं सोच सकते थे, आज मुख्यमंत्री हैं, देश की राष्ट्रपति हैं. उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में जहां मौका मिलता है वहां अवसर मिलता है. इंतजार करने का साहस राजनीति में होना चाहिए. जो इंतजार करेगा, पार्टी के प्रति निष्ठावान रहेगा उसे उसका फल मिलेगा.'
aajtak.in