उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधान सभा चुनाव के लिए बसपा अब अपने सियासी अभियान को धार देना शुरू कर दिया है. दिल्ली प्रवास से लौटते ही बसपा की प्रमुख मायावती ने पार्टी कई नेताओं से मुलाकात कर फीडबैक लेने के बाद संगठन में बड़ा फेरबदल भी शुरू क दिया है. लखनऊ में पार्टी संगठन की होने वाली बैठक में मायावती मिशन-यूपी के लिए अपना रोडमैप रखेंगी.
मायावती ने प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों के साथ जिला संगठनों के नेताओं को भी बैठक में बुलाया है, जिसमें वो जमीनी हकीकत को समझने के साथ-साथ चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगी. ऐसे में बसपा प्रमुख कई मंडलों के प्रभारियों में बदलाव किए जाने की भी संभावना है.
उत्तर प्रदेश की सियासत में बसपा लगातार कमजोर होती जा रही है. ऐसे में 2027 का चुनाव बसपा के लिए अपने सियासी वजूद को बचाए रखने का है. यही वजह है कि बसपा प्रमुख अगले विधान सभा चुनाव के लिए संगठन को मजबूत करने में जुटी है. इस बार मायावती की रणनीति सोशल इंजीनियरिंग के सहारे अपने कोर वोटबैंक दलित समाज के साथ पिछड़े वर्ग और ब्राह्मण समाज को जोड़ने की है.
बसपा संगठन में मायावती ने किया बड़ा फेरबदल
मायावती ने दिल्ली से लौटने के बाद कई मंडलों के प्रभारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है. यह बदलाव चुनावी तैयारी और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है. नए फेरबदल में अखिलेश अंबेडकर को लखनऊ मंडल का मुख्य प्रभारी बनाया गया है.
वहीं, प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल को प्रयागराज की जगह कानपुर मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है. नौशाद अली को कानपुर से हटाकर चित्रकूट मंडल भेजा गया है, जबकि लालाराम को झांसी से हटाकर कानपुर मंडल की कमान दी गई है. बसपा में हुए इन तमाम बदलावों को संगठनात्मक सर्जरी के तौर पर देखा जा रहा है.
जिला स्तर पर बदलाव करने का बना प्लान
बसपा नेतृत्व अब अपने संगठन में जिलाध्यक्ष स्तर पर भी बड़े बदलाव की तैयारी में है. पार्टी को चुनावों में मिली हार के बाद यूपी और उत्तराखंड में संगठन की समीक्षा की जा रही है. माना जा रहा है कि जिन जिलों में संगठन कमजोर पाया गया है, वहां नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है.
पार्टी सूत्रों के मुताबिक संगठन की बैठक में बसपा सुप्रीमो बूथ कमेटियों के गठन, संगठन के विस्तार, जनसंपर्क अभियान, प्रत्याशियों के चयन आदि गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करेंगीं. ऐसे में कई जिला अध्यक्ष को हटाकर उनकी जगह पर नए जिला अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं. इसी तरह जिले कमेटी भी फेरबदल किए जाने की संभावना है.
आकाश आनंद के लिए यूपी में होंगे एक्टिव
मायावती लखनऊ में 23 या 24 मई को पार्टी पदाधिकारियों की एक बड़ी बैठक बुलाने वाली हैं. इस बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और आगामी कार्ययोजनाओं पर अहम दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं. इसके अलावा संभावित प्रत्याशियों के चयन को लेकर अहम दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, जिन नेताओं को विधानसभा का प्रभारी बनाया गया है, उन्हें भविष्य के उम्मीदवारों के रूप में भी देखा जा रहा है.
बसपा प्रमुख वर्तमान राजनीतिक गतिविधियों के हिसाब से पार्टी की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों को रणनीति समझाएंगी. हाल ही में बसपा प्रमुख ने कुछ पदाधिकारियों की जिम्मेदारी में एक बार फिर बदलाव किया है. माना जा रहा है कि बैठक के बाद कुछ और की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया जाएगा.
लखनऊ में होने वाली बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद के शामिल होने की भी संभावना है. इसके साथ ही उनके यूपी के चुनावी दौरों का कार्यक्रम तय किया जा सकता है. बसपा नेतृत्व आने वाले महीनों में संगठन को नए सिरे से सक्रिय कर 2027 के चुनावी मुकाबले में मजबूती से उतरने की तैयारी कर रहा है.
आशीष श्रीवास्तव