पश्चिम बंगाल में आगामी चुनावों को लेकर सियासत तेज हो गई है. यहां AIMIM और हुमायूं कबीर की पार्टी जेयूपी के बीच गठबंधन होने जा रहा है. असदुद्दीन ओवैसी और हुमायूं कबीर ने एक जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनावी गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया है.
ओवैसी ने इस दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा और उनकी राजनीति पर सवाल उठाए. उन्होंने पूछा कि ममता गुजरात दंगों के दौरान कहां थीं और क्या उनके ईद की नमाज पढ़ने से मुसलमानों का पेट भर जाएगा?
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ओवैसी ने घोषणा की कि उनकी पार्टी AIMIM और जेयूपी मिलकर चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने बताया कि दोनों पार्टियों के बीच सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला भी तय हो चुका है.
यह भी पढ़ें: बंगाल में ओवैसी और हुमायूं कबीर की बन गई जोड़ी, ममता बनर्जी का कुछ बिगाड़ पाएंगे क्या?
ओवैसी ने इस गठबंधन के पीछे के मकसद भी बताया. उन्होंने कहा, 'हमारा लक्ष्य बंगाल में अल्पसंख्यकों के बीच से राजनीतिक नेतृत्व को बाहर लाना होगा. ये गठबंधन भविष्य में भी जारी रहेगा.'
ममता बनर्जी पर भड़के असदुद्दीन ओवैसी
ओवैसी ने ममता बनर्जी की 'मुस्लिम समर्थक' छवि पर सीधा सवाल उठाया. उन्होंने कहा, 'क्या ईद के दौरान नमाज पढ़ने के ममता के रुख से मुसलमानों का पेट भरेगा?'
इस दौरान ओवैसी ने गुजरात दंगों के दौरान ममता बनर्जी की भूमिका पर भी सवाल दागा. उन्होंने पूछा, 'गुजरात दंगों के दौरान ममता क्या कर रही थीं. क्या वो ढोकला खा रही थीं?'
291 सीटों पर चुनाव लड़ेगी टीएमसी
तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने भी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए कुल 294 सीटों में से 291 पर अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है. बाकी दार्जिलिंग की 3 पहाड़ी सीटों पर टीएमसी के सहयोगी दल 'भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा' अपने उम्मीदवार उतारेगी.
यह भी पढ़ें: ममता Vs शुवेंदु... नंदीग्राम के बाद भवानीपुर में ‘महामुकाबला 2.0’, दांव पर सियासी भविष्य
इस बार भी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपनी पारंपरिक सीट भवानीपुर से ही चुनाव लड़ेंगी. यहां उनका मुकाबला बीजेपी के शुभेंदु अधिकारी से होगा. टीएमसी के घोषित किए गए 291 उम्मीदवारों में 52 महिलाएं, 95 अनुसूचित जाति और जनजाति (SC/ST) के सदस्य और 47 अल्पसंख्यक समुदाय के प्रतिनिधि शामिल हैं.
बता दें कि पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान होना है. यहां 23 और 29 अप्रैल को वोटिंग होगी और 4 मई को नतीजे आएंगे.
तपस सेनगुप्ता