Oracle के बाद अब GoPro पर गिरी छंटनी की गाज! कंपनी निकालेगी 23% कर्मचारी, जानिये वजह

यह छंटनी 2026 की दूसरी तिमाही में शुरू होगी और साल के अंत तक पूरी होने की संभावना है. कंपनी को इस पुनर्गठन पर 11.5 से 15 मिलियन डॉलर का खर्च आने का अनुमान है. GoPro ने राजस्व में गिरावट और प्रतिस्पर्धा के दबाव के कारण यह कदम उठाया है. कंपनी अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो का विस्तार कर बाजार में वापसी की योजना बना रही है.

Advertisement
GoPro becomes the latest company to announce plans for a major round of layoffs. (Photo: Reuters) GoPro becomes the latest company to announce plans for a major round of layoffs. (Photo: Reuters)

आजतक एजुकेशन डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 09 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 3:33 PM IST

एक्शन कैमरा बनाने वाली कंपनी GoPro अपने कर्मचारियों की संख्या में भारी कटौती करने जा रही है. कंपनी ने एक फाइलिंग में बताया कि वह आंतरिक पुनर्गठन (restructuring) के हिस्से के रूप में अपने लगभग एक चौथाई कर्मचारियों की छंटनी करने वाली है, जिससे कंपनी को करोड़ों का खर्च आने का अनुमान है.

छंटनी की घोषणा करने वाली ताजा कंपनी बनी GoPro
अमेरिकी एक्शन कैमरा निर्माता GoPro ने घोषणा की है कि वह लागत बचाने और लाभ में वापस आने के प्रयास में अपने कार्यबल (workforce) के एक महत्वपूर्ण हिस्से में कटौती करेगा.

Advertisement

यूएस सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (SEC) के पास जमा की गई फाइलिंग में GoPro ने कहा कि वह वैश्विक स्तर पर अपने 23 प्रतिशत कर्मचारियों की कमी करेगा. छंटनी की प्रक्रिया 2026 की दूसरी तिमाही में शुरू होने वाली है और इस साल के अंत से पहले पूरी होने की संभावना है. कंपनी में कुल 631 कर्मचारी हैं, जिनमें से 145 कर्मचारी इस छंटनी से प्रभावित होंगे.

इससे पहले GoPro के सीईओ और संस्थापक निकोलस वुडमैन ने कहा था कि कंपनी सप्लाई चेन की समस्याओं, मेमोरी की कीमतों और टैरिफ से संबंधित "मैक्रोइकोनॉमिक दबावों" का सामना कर रही है.

कर्मचारियों को निकालने के लिए करोड़ों खर्च करेगा GoPro
फाइलिंग के अनुसार, पुनर्गठन योजना को 7 अप्रैल, 2026 को GoPro के निदेशक मंडल (Board of Directors) द्वारा अनुमोदित किया गया था. कंपनी का अनुमान है कि इस पुनर्गठन पर 11.5 मिलियन डॉलर (लगभग 106 करोड़ रुपये) से 15 मिलियन डॉलर (लगभग 138 करोड़ रुपये) के बीच खर्च आएगा. इसमें प्रभावित कर्मचारियों के लिए सेवरेंस पेमेंट (severance payments) और हेल्थकेयर बेनिफिट्स शामिल हैं.

Advertisement

GoPro ने भविष्यवाणी की थी कि वह 2025 वित्तीय वर्ष के अंत तक लाभ में लौट आएगा, लेकिन इसके बजाय साल के अंत में घाटा दर्ज किया गया. राजस्व में गिरावट के बीच कंपनी ने चौथी तिमाही में 9.1 मिलियन डॉलर का घाटा दर्ज किया. अमेरिकी कैमरा निर्माता को DJI और Insta360 जैसे प्रतिद्वंद्वियों से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है.

यह 2024 में हुई छंटनी के दो पिछले दौरों के बाद एक और बड़ी कटौती है, जब GoPro ने पहली तिमाही में लगभग 4 प्रतिशत और तीसरी तिमाही में 25 प्रतिशत कर्मचारियों को कम किया था.

इस छंटनी के बाद GoPro उन कई अमेरिकी कंपनियों की सूची में शामिल हो जाएगा जो तेजी से नौकरियों में कटौती कर रही हैं. ओरेकल (Oracle) ने हाल ही में वैश्विक पुनर्गठन के हिस्से के रूप में 30,000 से अधिक कर्मचारियों को निकाला है. नौकरी में कटौती करने वाली अन्य कंपनियों में अमेजन, मेटा, एटलसियन और ब्लॉक शामिल हैं.

अपना पोर्टफोलियो बढ़ा रहा है GoPro
बाजार में वापसी करने के लिए GoPro अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो का विस्तार कर रहा है, जिसमें AI से संबंधित उत्पाद और एक नया इमेज प्रोसेसर शामिल है. कंपनी की योजना इस साल के अंत में NAB ट्रेड शो में GP3 प्रोसेसर द्वारा संचालित नए कैमरे पेश करने की भी है.

Advertisement

GoPro ने पहली बार 2000 के दशक की शुरुआत में अपनी कैमरा लाइन लॉन्च की थी. इसकी 'हीरो' (Hero) लाइन के एक्शन कैमरे 2000 और 2010 के दशक में एक आइकन बन गए थे.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement