यूक्रेन की नौसेना ने एक बड़ा हमला करते हुए रूस के एफएसबी बॉर्डर पैट्रोल जहाज इजुमरुद को समुद्री ड्रोन से डुबो दिया है. इस हमले में जहाज पर सवार रूसी कर्मियों के हताहत होने की पुष्टि हुई है. सैटेलाइट तस्वीरों में जहाज के स्टारबोर्ड साइड पर बड़ा छेद दिख रहा है. यूक्रेन की नौसेना ने कहा है कि बदला लेना जरूरी थी. अभी और भी हमले की लहर आने वाली है. यह घटना रूस-यूक्रेन युद्ध में यूक्रेन की बढ़ती समुद्री क्षमता को दिखाती है.
इजुमरुद वही रूसी जहाज है जिसने साल 2018 में केर्च की खाड़ी में तीन यूक्रेनी नौसेना के जहाजों पर हमला किया था. 24 यूक्रेनी नाविकों को पकड़ लिया था. उस समय यह घटना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी चर्चित हुई थी. अब लगभग साढ़े सात साल बाद यूक्रेन ने उसी जहाज को निशाना बनाकर जवाब दिया है. यूक्रेनी नौसेना इसे बदला बता रही है. इस जहाज को रूस की सीमा सुरक्षा सेवा (FSB) संचालित करती थी.
यह भी पढ़ें: वीकेंड पर पहाड़ों की सैर करने वाले सावधान! भारी बारिश का अनुमान, उत्तराखंड-हिमाचल में अलर्ट
समुद्री ड्रोन से हमला
यूक्रेन ने इस हमले में सरगन-3000 (Sargan-3000) नामक समुद्री ड्रोन का इस्तेमाल किया. यह ड्रोन यूक्रेन की स्वदेशी तकनीक से बना माना जा रहा है. ड्रोन ने जहाज के दाईं तरफ (स्टारबोर्ड साइड) पर हमला किया, जिससे जहाज में बड़ा छेद हो गया. सैटेलाइट इमेजरी में साफ दिख रहा है कि जहाज को काफी नुकसान पहुंचा है. हमले में जहाज पर मौजूद क्रू मेंबर्स के हताहत होने की खबर है, हालांकि अभी सटीक संख्या की पुष्टि नहीं हुई है.
यूक्रेन अब समुद्री क्षेत्र में रूस पर और हमले करने की तैयारी कर रहा है. यूक्रेन की सेना ब्लैक सी में रूसी जहाजों को लगातार नुकसान पहुंचा रही है, जिससे रूस की नौसेना को भारी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है.
यह भी पढ़ें: ईरानी 'पिकएक्स माउंटेन' क्या ट्रंप भेद पाएंगे? यहीं छुपी है दुश्मन की ताकत
युद्ध पर असर
यह घटना रूस-यूक्रेन युद्ध के समुद्री मोर्चे पर एक महत्वपूर्ण विकास है. रूस के लिए यह शर्मिंदगी भरी खबर है क्योंकि 2018 का केर्च हमला रूस की जीत माना जाता था. अब उसी जहाज का डूबना यूक्रेन के लिए सिम्बोलिक विक्ट्री है. विशेषज्ञों का कहना है कि यूक्रेन के समुद्री ड्रोन अब रूसी नौसेना के लिए बड़ा खतरा बन गए हैं.
aajtak.in