ओरेशनिक हाइपरसोनिक मिसाइल जानिए कितनी खतरनाक, जो रूस ने कीव पर हमले में तीसरी बार की इस्तेमाल

चार साल से जारी युद्ध के बीच रूसी सेना ने यूक्रेन की राजधानी कीव और उसके आसपास के इलाकों पर अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला किया है. रूस द्वारा दागे गए सैकड़ों ड्रोन और घातक मिसाइलों के इस घंटों लंबे हमले में राजधानी समेत अन्य क्षेत्रों में छह लोगों की मौत हो गई और करीब 100 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

Advertisement
रूस ने कीव पर दागी ओरेशनिक मिसाइल. (photo: Reuters) रूस ने कीव पर दागी ओरेशनिक मिसाइल. (photo: Reuters)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 25 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:50 AM IST

रूस ने रविवार को यूक्रेन की राजधानी कीव और उसके आसपास के क्षेत्रों पर 90 मिसाइलों और 600 ड्रोन के साथ अब तक का सबसे भीषण हमला किया है. रूसी सेना ने इस घंटों लंबी भारी बमबारी के दौरान अजय मानी जाने वाली ओरेशनिक हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल भी कीव पर दागी. इस हमले में कीव और उसके बाहरी इलाकों में दो-दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दक्षिणी क्षेत्र खेरसॉन में दो अन्य लोगों ने अपनी जान गंवा दी.

यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, इस हमले में राजधानी के केंद्र में स्थित दर्जनों आवासीय इमारतें, ऐतिहासिक भवन और कई स्कूल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि करीब 100 लोग घायल हुए हैं. राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम पर इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए अमेरिका और यूरोप समेत सभी सहयोगी देशों से रूस के खिलाफ तत्काल कड़े फैसले लेने का अपील की.

Advertisement

ओरेशनिक का तीसरी बार इस्तेमाल

बताया जा रहा है कि फरवरी 2022 में रूस के यूक्रेन पर हमले के बाद से ये तीसरा मौका है, जब रूसी सेना ने यूक्रेन के खिलाफ कई हजार किलोमीटर की मारक क्षमता वाली ओरेशनिक मिसाइल का इस्तेमाल  किया है. राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बताया कि पिछली दो मिसाइलों ने बड़े शहरों को निशाना बनाया था, लेकिन इस बार ये मिसाइल कीव के बाहरी इलाके से लगभग 64 किलोमीटर दूर स्थित 2 लाख की आबादी वाले शहर बिला त्सेर्क्वा पर दागी गई.

क्या है मिसाइल की खासियत

विशेषज्ञों के अनुसार, ओरेशनिक मिसाइल की सबसे अनोखी विशेषता ये है कि यह एक साथ कई अलग-अलग टारगेटों पर एक ही समय में सटीक हमला करने वाले मल्टीपल वॉरहेड ले जा सकती है. मिसाइलों की ये विशेषता आमतौर पर बहुत लंबी दूरी की अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइलों (ICBMs) से जुड़ी होती है जो इसे और खतरनाक बनाती है.

रूसी भाषा में 'हेजलनट ट्री' के नाम से जानी जाने वाली ये मिसाइल मूल रूप से आरएस-26 रूबेझ (RS-26 Rubezh) पर आधारित है, जिसे रूस ने शुरुआत में एक अंतरमहाद्वीपीय मिसाइल के रूप में विकसित किया था. अन्य रूसी प्रणालियों की तरह, ये पारंपरिक विस्फोटकों के साथ-साथ परमाणु हथियारों को ले जाने में भी पूरी तरह सक्षम है.

वहीं, ओपन-सोर्स जांच संगठन 'सेंटर फॉर इंफॉर्मेशन रेजिलिएंस' के एक अन्वेषक रोलो कोलिन्स ने रॉयटर्स के फुटेज की गहन समीक्षा के बाद बताया कि ओरेशनिक मिसाइल का मुख्य वॉरहेड हवा में ही 36 छोटे उप-हथियारों (सबमुनिशन्स) में विभाजित हो गया था. इस भीषण हवाई हमले ने कीव के केंद्र से उत्तर में स्थित लुक्यानिव्का जिले को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया है, जहां एक मिसाइल संयंत्र स्थित है.

Advertisement

'विदेश मंत्रालय की बिल्डिंग को भी हुआ नुकसान'

इस हवाई हमले की चपेट में आने से यूक्रेन के कैबिनेट भवन और विदेश मंत्रालय को मामूली नुकसान पहुंचा है, जबकि कीव का राष्ट्रीय कला संग्रहालय और फिलहारमोनिक हॉल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं. इसके अलावा साल 1986 की चेर्नोबिल परमाणु दुर्घटना की याद में हाल ही में खोला गया एक नया संग्रहालय भी इस बमबारी में पूरी तरह नष्ट हो गया, जिसे जेलेंस्की ने यूक्रेन की संस्कृति और पहचान को मिटाने की रूसी कोशिश बताया है.

'मेट्रो स्टेशनों में छिपकर लोगों ने बचाई जान'

कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि राजधानी में कम से कम दो लोगों की मौत हुई और 81 अन्य लोग घायल हुए हैं, जबकि शहर की करीब 30 इमारत पूरी तरह तबाह हो गई हैं. रातभर हुए धमाकों के डर से 62 वर्षीय नतालिया ज्वारिच समेत सैकड़ों स्थानीय निवासियों ने अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशनों में छिपकर अपनी जान बचाई. तबाही के बीच शनिवार को ही खुले एक स्थानीय कैफे के कर्मचारियों ने मलबे को साफ कर दोबारा ग्राहकों को सेवाएं देना शुरू कर अपनी अटूट इच्छाशक्ति का परिचय दिया.

जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूस ने गर्मी के मौसम में पानी की मांग बढ़ने से ठीक पहले जानबूझकर जल-आपूर्ति सुविधाओं को भी निशाना बनाया है.

दूसरी ओर रूसी रक्षा मंत्रालय ने नागरिकों को निशाना बनाने की बात से साफ इनकार करते हुए दावा किया कि उसने कीव द्वारा रूस के नागरिक ठिकानों पर किए गए हमलों के जवाब में ओरेशनिक, इस्कंदर, किंजल और जिरकॉन मिसाइलों का इस्तेमाल कर केवल यूक्रेनी सैन्य कमान सुविधाओं, जमीनी बलों, सैन्य खुफिया ठिकानों और रनवे को नष्ट किया है.

उधर, यूरोपीय नेताओं ने कीव पर हुए इस हमले की एक सुर में कड़ी निंदा की है. ब्रिटेन और जर्मनी ने परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम ओरेशनिक मिसाइल के इस इस्तेमाल को युद्ध का एक खतरनाक फैलाव (एस्केलेशन) करार दिया है. वहीं, यूरोपीय संघ की शीर्ष राजनयिक काजा कल्लास ने मॉस्को पर 'राजनीतिक रूप से डराने की रणनीति' और 'लापरवाह परमाणु उकसावे' का सीधा आरोप लगाया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement