बॉलीवुड की सक्सेसफुल जोड़ियों में से एक यामी गौतम और आदित्य धर भी हैं. आदित्य धर ने बॉलीवुड की सबसे बड़ी फिल्म धुरंधर बनाई थी, जिसके दोनों पार्ट्स ने मिलकर 3000 करोड़ से ज्यादा का धंधा किया था. वहीं यामी गौतम भी अपने करियर में कई सक्सेसफुल फिल्में कर चुकी हैं. उनकी जोड़ी को लोग काफी पसंद भी करते हैं. हाल ही में दोनों को लेकर एक रिपोर्ट भी सामने आई थी कि वो अब मुंबई को छोड़कर हिमाचल प्रदेश में शिफ्ट होने वाले है.
हिमाचल में यामी बसाएंगी अपना नया आशियाना?
आदित्य धर और यामी गौतम को लेकर दावा किया गया कि वो अपने बेटे वेदाविद धर के साथ हमेशा के लिए हिमाचल प्रदेश को अपना स्थायी ठिकाना बनाने की तैयारी कर रहे हैं. इसकी वजह यामी का हिमाचल से खास जुड़ाव बताया गया था. यामी का जन्म हिमाचल प्रदेश में हुआ है और उनका परिवार भी वहां से जुड़ा हुआ है.
रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया गया था कि यामी ने हिमाचल के गोहर में करीब 25 एकड़ जमीन पर बना 100 साल पुराना एक हेरिटेज घर खरीदा है. इसी वजह से उनके हिमाचल में बसने की खबरों को और हवा मिली. हालांकि, अब आदित्य धर की टीम ने इन खबरों पर सफाई दी है. स्क्रीन से धुरंधर डायरेक्टर की टीम ने साफ किया कि आदित्य और उनकी पत्नी यामी गौतम मुंबई को छोड़कर हिमाचल प्रदेश नहीं शिफ्ट हो रहे हैं.
कैसे हुई थी यामी-आदित्य की मुलाकात?
बता दें कि यामी गौतम और आदित्य धर की मुलाकात 2019 में फिल्म उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक के सेट पर हुई थी. ये आदित्य की बतौर डायरेक्टर पहली फिल्म थी. इसके बाद उनके बीच प्यार बढ़ा और फिर दोनों ने 2021 में एक प्राइवेट सेरेमनी में शादी की. साल 2024 में उनके बेटे वेदाविद का जन्म हुआ.
फिल्म आर्टिकल 370 के लिए हाल ही में दोनों को नेशनल अवॉर्ड भी मिला है. यामी गौतम को बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला, जबकि आदित्य धर जिन्होंने इसे प्रोड्यूस किया था, उनको बेस्ट फीचर फिल्म का अवॉर्ड दिया गया. वर्कफ्रंट की बात करें तो यामी गौतम इन दिनों अपनी नई फिल्म 'नई नवेली' के लिए भी सुर्खियों में है. ये फिल्म 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, जिसमें एक्ट्रेस का किरदार एक डायन का होने वाला है.