भारतीय वायुसेना (IAF) के प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने गुरुवार को पश्चिमी वायु कमान के एक फॉरवर्ड एयरबेस से मिग-29 फाइटर एयरक्राफ्ट में सॉर्टी (उड़ान) भरी. यह उड़ान पश्चिमी सेक्टर में तैनात महत्वपूर्ण एयरबेस से की गई, जहां से वायुसेना की ऑपरेशनल तैयारियों का जायजा लिया गया.
क्या है यह सॉर्टी और क्यों खास है?
सॉर्टी का मतलब है फाइटर प्लेन में एक ट्रेनिंग या ऑपरेशनल उड़ान. एयर चीफ मार्शल ने खुद मिग-29 UPG (अपग्रेडेड) मल्टी-रोल फाइटर में सोलो (अकेले) उड़ान भरी. यह विमान भारतीय वायुसेना का एक प्रमुख फ्रंटलाइन प्लेटफॉर्म है, जो पश्चिमी सीमा पर हवाई श्रेष्ठता (एयर सुपीरियरिटी) बनाए रखने का काम करता है. यह उड़ान नेतृत्व की हाथों-हाथ तैयारियों को दिखाती है. जवानों का मनोबल बढ़ाती है.
यह भी पढ़ें: अमेरिका ने ईरान के न्यूक्लियर साइट पर सबसे बड़ा-गैर परमाणु बम गिराया... सैटेलाइट Photo
यह एयरबेस ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बहुत महत्वपूर्ण रहा था. ऑपरेशन सिंदूर 2025 में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की बड़ी सैन्य कार्रवाई थी, जो पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में की गई. इसमें भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए. इस एयरबेस ने उस समय महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.
एयर चीफ मार्शल ने क्या किया?
उड़ान के बाद उन्होंने बेस की पूरी तैयारियों का निरीक्षण किया. उन्होंने विमानों, कर्मचारियों, इंफ्रास्ट्रक्चर और मौजूदा सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की. जवानों से बातचीत की. क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों के बीच वायुसेना की उच्च स्तर की तैयारियों को सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
यह भी पढ़ें: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों को भारत आने में कितने दिन लगते हैं... कौन बचाएगा इन्हें ड्रोन-मिसाइलों से?
मिग-29 का महत्व क्या है?
मिग-29 रूसी मूल का मल्टी-रोल फाइटर है, जो हवा में लड़ाई, जमीन पर हमला और हवाई रक्षा के लिए इस्तेमाल होता है. भारतीय वायुसेना ने इसे अपग्रेड (UPG) किया है, जिसमें बेहतर रडार, हथियार और इलेक्ट्रॉनिक्स लगाए गए हैं. यह पश्चिमी फ्रंट पर संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा करता है. हालांकि वायुसेना अब नए विमान जैसे राफेल, सुखोई-30 और तेजस पर फोकस कर रही है, लेकिन मिग-29 अब भी मजबूत भूमिका निभा रहा है.
यह क्यों महत्वपूर्ण है?
ऐसी उड़ानें नेतृत्व की सक्रिय भागीदारी दिखाती हैं. इससे पता चलता है कि वायुसेना फ्रंटलाइन पर पूरी तरह तैयार है. पिछले महीने एयर चीफ मार्शल ने प्रचंड हेलीकॉप्टर में उड़ान भरी थी. इससे पहले मिग-21 में उड़ान भरी, जो पिछले साल सर्विस से बाहर हुआ.
शिवानी शर्मा