गुजरात के राजकोट में एक युवक की हत्या का CCTV फुटेज सामने आया है. आरोप है कि बहन के प्रेम विवाह से नाराज उसके भाई ने जीजा को दुकान से खींचकर बाहर निकाला. फिर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. महज 23 सेकंड में करीब 13 वार किए गए. 27 साल के विमल वाणिया की जान चली गई. यह वारदात 24 सितंबर को भक्तिनगर सर्कल के पास हुई थी. पुलिस ने मुख्य आरोपी कमलेश धांधल और उसके साथी को गिरफ्तार किया है.
CCTV फुटेज में शुरुआत में विमल और आरोपी के बीच बातचीत होती दिखती है. पुलिस के मुताबिक, कमलेश ने विमल को RC बुक लेने के बहाने बुलाया था. कुछ देर बाद वह विमल को दुकान से खींचकर बाहर लाया. पहले उसकी पिटाई की, फिर कमर से चाकू निकालकर हमला कर दिया. जब तक विमल खुद को संभाल पाता, उससे पहले ही उस पर कई वार किए जा चुके थे. वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा. आसपास के लोग जुटने लगे तो आरोपी बाइक लेकर वहां से भाग निकला. गंभीर हालत में विमल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
सात साल पहले हुई थी लव मैरिज
विमल ने सात साल पहले शीतल से प्रेम विवाह किया था. यह रिश्ता शीतल के परिवार को मंजूर नहीं था. शादी के बाद उसके परिजनों ने उससे संबंध तोड़ लिए थे. पुलिस की जांच में इस पुराने पारिवारिक विवाद को हत्या की वजह के तौर पर देखा जा रहा है.
इस कहानी में RC बुक का भी अहम पहलू सामने आया है. विमल ने अपनी पत्नी के लिए नया वाहन खरीदा था. उसकी RC बुक शीतल के पुराने घर के पते पर पहुंची थी. इसे लेने के सिलसिले में बातचीत हुई थी. पुलिस के मुताबिक, इसी बात से कमलेश के मन में पुरानी रंजिश फिर बढ़ने की आशंका है. जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या की योजना पहले से बनाई गई थी.
पत्नी बोली- भाई ने धोखे से बुलाकर पति को मार डाला
विमल की पत्नी शीतल ने पुलिस में शिकायत दी कि उसके भाई ने बहाने से पति को बुलाया और उनकी हत्या कर दी. अब शीतल अपने छोटे बेटे के साथ अकेली रह गई है. परिवार ने आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की है. घटना की जानकारी मिलते ही भक्तिनगर पुलिस स्टेशन, क्राइम ब्रांच और LCB जोन-1 की टीमें मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया. इस मामले में कमलेश धांधल और उसके साथी को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस अब हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. इसमें यह पता लगाना भी शामिल है कि वारदात की योजना कैसे बनाई गई और आरोपी के साथी की इसमें क्या भूमिका थी. मामले में पुलिस की जांच और CCTV फुटेज अहम हैं, क्योंकि फुटेज में हमले की पूरी घटना कैद हुई है.
ब्रिजेश दोशी