हरियाणा से हिमाचल तक पंजाब पुलिस की रेड, 2 संदिग्ध पकड़े गए, चंडीगढ़ में BJP दफ्तर पर हमले का मामला

पंजाब पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ा है, जो रूपनगर जिले के रहने वाले हैं. पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है. अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में ग्रेनेड चीन निर्मित होने की बात सामने आ रही है.

Advertisement
चंडीगढ़ में भाजपा दफ्तर के बाहर धमाका (Photo:  Kamaljeet/ITG) चंडीगढ़ में भाजपा दफ्तर के बाहर धमाका (Photo: Kamaljeet/ITG)

अमन भारद्वाज

  • चंडीगढ़,
  • 03 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 4:58 PM IST

चंडीगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) कार्यालय के बाहर ग्रेनेड हमला हुआ था. इस हमले की जांच पंजाब पुलिस की क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (सीआईए) कर रही है. सीआईए ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है. हिरासत में लिए गए संदिग्धों की पहचान अमन सिंह उर्फ भोलू और गुरतेज सिंह बताई जा रही है. अमन और गुरतेज, दोनों ही रूपनगर जिले के मोरिंडा इलाके के रतनगढ़ गांव के रहने वाले हैं.

Advertisement

पंजाब पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है. शुरुआती जांच में यह बात निकलकर आ रही है कि इस हमले के लिए इस्तेमाल किया गया ग्रेनेड चीन निर्मित पी-86 मॉडल का था. जांच एजेंसियों को शक है कि इसे ड्रोन के जरिये तस्करी कर पाकिस्तान से लाया गया हो सकता है. अधिकारी यह ध्यान रखते हुए भी जांच आगे बढ़ा रहे हैं कि ये हमला, सूबे में पुलिस ठिकानों को निशाना बनाने की रणनीति का ही हिस्सा हो सकता है.

अधिकारियों के अनुसार, संदिग्धों के बारे में विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है. अलगाववादी संगठन बब्बर खालसा ने हमले की जिम्मेदारी ली है, लेकिन पुलिस ने इस संबंध में किसी सीधे लिंक की पुष्टि नहीं की है. चंडीगढ़ की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कंवरदीप कौर ने इस संबंध में कहा है कि मामले की जांच के लिए क्राइम ब्रांच, ऑपरेशन सेल और जिला क्राइम सेल सहित कई टीमों को एक्टिव कर दिया गया है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: चंडीगढ़: पंजाब BJP दफ्तर के बाहर धमाका, दूर तक बिखरे मिले छर्रे

उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब के साथ ही हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में भी कई जगह छापेमारी की गई है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक ग्रेनेड करीब 25 से 30 फीट की दूरी से फेंका गया था, जो बीजेपी कार्यालय के मुख्य गेट के पास गिरा. गेट के पास सीआरपीएफ जवानों का एक सुरक्षा केबिन मौजूद है और आसपास अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहते हैं. विस्फोट उस जगह हुआ, जहां आमतौर पर आने वाले लोगों की गाड़ियां खड़ी की जाती हैं. 

यह भी पढ़ें: चंडीगढ़ में LPG का संकट, गैस गोदाम के बाहर लगी लंबी-लंबी लाइनें, बारिश ने बढ़ाईं लोगों की परेशानी

ग्रेनेड हमले के बाद आरोपी सेक्टर-24 की ओर भागे थे. कहा जा रहा है कि आरोपियों ने वहां पहले से एक स्कूटर खड़ा कर रखा था. इसके बाद उनके बस से कहीं और भाग जाने के अनुमान लगाए जा रहे हैं. जांच में यह भी सामने आया है कि बीजेपी कार्यालय की बाउंड्री वॉल करीब तीन फीट ऊंची है, जिसके ऊपर लगभग दो फीट की ग्रिल लगी हुई है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement