पुणे के लोहगढ़ किले में 26 वर्षीय केतन विशाल अग्रवाल की मौत के मामले में गिरफ्तारियों के बाद मृतक के माता-पिता ने गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया है. केतन के पिता ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या एक सुनियोजित साजिश के तहत की गई और इस मामले में उसकी मंगेतर सिया गोयल और चेतन चौधरी की भूमिका सामने आई है. पिता ने कहा, 'अगर सिया को शादी नहीं करनी थी तो मना कर देती, मेरे बेटे को मारा क्यों.'
केतन के पिता ने बताया कि फरवरी में केतन और सिया की सगाई हुई थी. दोनों की शादी की तैयारियां चल रही थीं और 6 जून को चार लोगों का एक समूह बाली घूमने जाने वाला था. हालांकि, एयरपोर्ट पर केतन का पासपोर्ट चोरी हो जाने के कारण वह यात्रा पर नहीं जा सका और वापस लौट आया.
उन्होंने दावा किया कि घटना वाले दिन चेतन चौधरी दोपहिया वाहन से लोहगढ़ किले पहुंचा था. आरोप है कि सिया और चेतन ने मिलकर केतन पर किसी वस्तु से हमला किया और फिर उसे किले की ऊंचाई से नीचे धक्का दे दिया.
परिवार ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जांच एजेंसियों ने तेजी से काम किया. उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल की भूमिका की प्रशंसा की और कहा कि पुलिस ने मामले का जल्द खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पिता ने बताया कि चेतन चौधरी को एक रात पहले और सिया गोयल को अगले दिन गिरफ्तार किया गया.
भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि यदि सिया शादी नहीं करना चाहती थी तो वह साफ तौर पर मना कर सकती थी. परिवार तुरंत विवाह रद्द कर देता. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी कौन-सी सोच थी, जिसने एक 26 वर्षीय युवक की जान ले ली. उन्होंने कहा कि समाज को ऐसी मानसिकता पर गंभीरता से विचार करना चाहिए.
फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग
केतन के पिता ने सरकार से मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराने और आरोपियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाने की मांग की. उनका कहना है कि दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए, जिससे समाज में एक स्पष्ट संदेश जाए.
सिया गोयल और कथित प्रेमी को ठहराया जिम्मेदार
वहीं, केतन की मां ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं है और इसके लिए सिया गोयल तथा उसके कथित प्रेमी को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने आरोप लगाया कि सिया ने परिवार का विश्वास तोड़ा और लगातार झूठ बोला.
मां ने कहा कि उन्हें कभी भी सिया पर संदेह नहीं हुआ. वह कई बार परिवार से मिली, साथ में खरीदारी की और डिनर पर भी गई, लेकिन किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि हालात इस मोड़ तक पहुंच जाएंगे. उन्होंने आरोपियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग करते हुए कहा कि उन्हें मृत्युदंड दिया जाना चाहिए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है और गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है.
श्रीकृष्ण पांचाल