केरल के कोट्टायम जिले के गांधी नगर इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 85 साल के बुजुर्ग ने कथित तौर पर एक डॉक्टर के घर के बाहर खड़ी कार को आग के हवाले कर दिया. यह घटना सोमवार सुबह की है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी शख्स पहले उसी घर में काम करता था. घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर और हैरानी का माहौल है. पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया. फिलहाल इस घटना की जांच जारी है.
फायर अधिकारियों के अनुसार, सुबह करीब 8 बजकर 10 मिनट पर कोट्टायम फायर स्टेशन को सूचना मिली कि एक डॉक्टर के घर में खड़ी कार में आग लग गई है. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी तुरंत मौके के लिए रवाना की गई. जब टीम वहां पहुंची, तो पाया गया कि कार को जानबूझकर आग लगाई गई थी. कार घर के शेड में खड़ी थी और आग तेजी से फैल रही थी. दमकल कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया.
जांच में सामने आया कि चेलप्पन नाम का 85 वर्षीय बुजुर्ग पेट्रोल लेकर डॉक्टर के घर पहुंचा था और उसने कार में आग लगा दी. आग लगाने के दौरान वह खुद भी झुलस गया. घटना के बाद उसे तुरंत इलाज के लिए कोट्टायम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है. इस घटना ने सभी को चौंका दिया है कि इतनी उम्र में भी इस तरह का कदम क्यों उठाया गया.
करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. गांधी नगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के पीछे की वजह जानने की कोशिश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि डॉक्टर की ओर से शिकायत मिलने के बाद ही केस दर्ज किया जाएगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, ताकि इस घटना की असली वजह सामने आ सके.
aajtak.in