पटना के फुलवारी शरीफ स्थित एकता नगर में फिल्मी अंदाज के तर्ज पर एक मामला सामने आया है. जहां एक पति ने अपनी पत्नी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए चुपके से GPS का सहारा लिया और आखिरकार अपने पत्नी को बॉयफ्रेंड के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया. बताया जाता है कि पति को पहले से ही पत्नी पर शक था. लेकिन उसने चुपके से योजना बनाई और पत्नी को ट्रैक करने के लिए उसके चप्पल में GPS का ट्रैकर लगा दिया. शनिवार को जब वह काम पर निकला, तो मोबाइल के जरिए लगातार जीपीएस के माध्यम से लोकेशन ट्रैक करता रहा. कुछ देर बाद लोकेशन संदिग्ध लगी, तो वह अचानक घर पहुंच गया.
घर का दरवाजा खुलते ही पति के होश उड़ गए. पत्नी अपने प्रेमी के साथ मौजूद थी. इसके बाद मौके पर जमकर हंगामा हुआ. शोर सुनकर आसपास के लोग भी जुट गए और मामला घर से थाने तक पहुंच गई. हंगामे के दौरान धक्का-मुक्की हुई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई. थाने में देर रात तक ड्रामा चलता रहा.
बताया जा रहा है कि गुस्से में पति ने कथित तौर पर प्रेमी से उसकी लाइसेंसी पिस्तौल और सोने की चेन छीन ली. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया, जहां देर रात तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा.
बाद में पुलिस के समझाने-बुझाने पर पति, पत्नी और प्रेमी के बीच सहमति बन गई. उन्होंने कहा कि वे इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते. इसके बाद देर रात सभी को बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया गया.
वही इस पूरे मामले में फुलवारी शरीफ थाना अध्यक्ष मोहम्मद शहबाज आलम ने बताया कि डायल 112 की टीम के द्वारा कुछ लोगों को थाने लाया गया था, लेकिन किसी के भी द्वारा लिखित आवेदन नहीं दिया गया और सभी चले गए. यह मामला अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.
मनोज कुमार सिंह