नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत हो गई है और 1 अप्रैल 2026 से ही देश में कई बड़े फाइनेंशियल बदलाव (Rule Change From 1st April) भी लागू हो गए हैं. सबसे बड़ा झटका एलपीजी यूजर्स को लगा है, क्योंकि पहली तारीख को ही ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतें बढ़ा (LPG Cylinder Price Hike) दी हैं. कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 218 रुपये तक बढ़े हैं, तो ATF की कीमत में तगड़ी बढ़ोतरी से हवाई सफर महंगा हो सकता है. इसके अलावा देश में ATM, PAN से लेकर क्रेडिट कार्ड, फास्टैग से जुड़े अन्य बदलाव भी लागू हुए हैं. ऐसे ही 10 बड़े बदलावों के बारे में जानते हैं...
पहला बदलाव: LPG सिलेंडर महंगा
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने नए वित्तीय वर्ष के पहले दिन 1 अप्रैल को महंगाई का तगड़ा झटका दिया है. देश में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में बड़ा इजाफा किया गया है. 19 किलोग्राम वाला ये सिलेंडर अब दिल्ली में 1883 रुपये की जगह 2078.50 रुपये, कोलकाता में 1990 रुपये के बजाय 2208 रुपये, मुंबई में 1835 रुपये से बढ़कर 2031 रुपये और चेन्नई में 2043.50 रुपये से बढ़कर 2246.50 रुपये का हो गया है. हालांकि, घरेलू गैस सिलेंडर 7 मार्च के रेट पर स्थिर है.
दूसरा बदलाव: हवाई सफर होगा महंगा
मिडिल ईस्ट युद्ध के बीच सबसे बड़ी मार हवाई ईंधन यानी एयर टर्बाइन फ्यूल के भाव (ATF Price) पर पड़ी है. पहली बार इसकी कीमत 2 लाख रुपये प्रति किलोलीटर के पार पहुंची है और लगभग दोगुनी या इससे ज्यादा हो गई है. दिल्ली में ये 1 मार्च के 96,638.14 रुपये के उछलकर 207,341.22 रुपये प्रति किलोलीटर, कोलकाता 99,587.14 रुपये से 205,955.33 रुपये, मुंबई में 90,451.87 रुपये से 194,968.67 रुपये और चेन्नई में 1,00,280.49 से बढ़कर इसकी कीमत 214,597.66 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है. विमान ईंधन में ये तेज बढ़ोतरी, यात्रियों का हवाई सफर महंगा करने वाली साबित हो सकती है.
तीसरा बदलाव: ATM निकासी पड़ेगी महंगी
HDFC से PNB तक ने पहली तारीख से एटीएम विद्ड्रॉल से जुड़े नियम बदले हैं. एचडीएफसी बैंक के एटीएम से यूपीआई का यूज कर कैश निकालते हैं तो अब ये निकासी एटीएम फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट में गिनी जाएगी. महानगरों में एचडीएफसी एटीएम में 5 ट्रांजैक्शन फ्री, जबकि अन्य जगह 3 फ्री ट्रांजैक्शन मिलेंगे. इस लिमिट के बाद हर ट्रांजैक्शन के लिए 23 रुपये का चार्ज और टैक्स लगेगा.
पंजाब नेशनल बैंक ने भी 1 अप्रैल से अपने कुछ कार्डों की मैक्सिमम डेली विड्रॉल लिमिट ₹1 लाख से घटाकर ₹50,000 कर दी है. Bandhan Bank भी 1 अप्रैल से डेबिट कार्ड धारकों के लिए एटीएम लेनदेन के नियम बदल रहा है. महानगरों में बंधन बैंक एटीएम यूजर्स को महीने में 3 फ्री ट्रांजैक्शन मिलेंगे, अन्य में ये सीमा 5 ट्रांजैक्शन की होगी. ये लिमिट क्रॉस होने के बाद हर फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन पर 23 रुपये लगेगा. इसके साथ ही बैंक ने कहा है कि अगर Bank Account में अपर्याप्त रकम होगी और एटीएम लेनदेन फेल होता है, तो 25 रुपये की पेनल्टी लागू होगी.
चौथा बदलाव: नया इनकम टैक्स कानून
1 अप्रैल 2026 से टैक्स को लेकर भी बहुत कुछ बदल रहा है. दरअसल, अब तक लागू इनकम टैक्स एक् 1961 की जगह New Income Tax Act 2025 लागू हो गया है. इसके प्रभावी होने के साथ ही HRA, अलाउंस से लेकर टैक्स सिस्टम को सरल बनाने के लिए नियम बदल गए हैं. एक और बड़ा बदलाव ये हुआ है कि अब तक लागू फाइनेंशियल ईयर, असेसमेंट ईयर का झंझट खत्म हो गया है और सबको मिलाकर अब टैक्स ईयर का कॉन्सेप्ट लागू किया गया है.
पांचवां बदलाव: शेयर ट्रेडिंग पड़ेगी महंगी
शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए अप्रैल महीने की पहली तारीख बोझ बढ़ाने वाली डेट बनी है. दरअसल, बजट में वित्त मंत्री द्वारा की गई घोषणा के बाद अब पहली तारीख से एसटीटी बढ़ गया है. मतलब अगर आप F&O ट्रेडिंग करते हैं, तो 1 अप्रैल से सिक्योरिटी ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) ज्यादा देना पड़ेगा. फ्यूचर पर एसटीटी 150% और ऑप्शन पर एसटीटी करीब 50% बढ़ा है.
छठा बदलाव: न्यू लेबर कोड
नया लेबर कोड 1 अप्रैल से पूरे देश में प्रभावी हो गया है. इसके तहत पहले से लागू 29 कानूनों को खत्म करते हुए सिर्फ 4 नए लेबर कोड लागू हुए हैं. सरकार की ओर से इन्हें बीते 21 नवंबर 2025 को नोटिफाई किया गया था. इससे होने वाले बदलावों पर गौर करें, तो कर्मचारी की बेसिक सैलरी 50% रखना जरूरी है. ऐसे में PF कंट्रीब्यूशन बढ़ सकता है और टेक होम सैलरी कम हो सकती है. इसके अलावा देश में 5 साल तक नौकरी के बाद गेच्युटी मिलती है, लेकिन नए लेबर कानून में सिर्फ एक साल की पक्की नौकरी के बाद कर्मचारियों को ग्रेच्युटी मिलेगी.
सातवां बदलाव: PAN Card के नियम बदले
पैन कार्ड से जुड़े नियमों में भी बदलाव किया गया है. अब अगर आप पैन बनवाने लिए जाएंगे, तो सिर्फ आधार कार्ड (Aadhaar Card) से काम नहीं चलेगा, बल्कि आपको इसके लिए अन्य डॉक्यूमेंट भी देना जरूरी होगा. इसके अलावा अगर सालाना 10 लाख रुपये कैश जमा, 5 लाख तक की वाहन खरीदारी, होटल या रेस्टोरेंट में 1 लाख से ज्यादा पेमेंट और 20 लाख तक की अचल संपत्ति खरीदते हैं, तो पैन दिखाना अनिवार्य होगा.
आठवां बदलाव: FASTag महंगा
हवाई सफर के साथ ही सड़क पर अपने वाहन से सफर करने वालों को भी झटका लगा है. दरअसल, 1 अप्रैल 2026 से फास्टैग के लिए एनुअल पास महंगा हुआ है. पहले 3000 रुपये में 200 ट्रिप की सुविधा दी गई थी, लेकिन हाईवे टोल के लिए FASTag का एनुअल पास अब महंगा हो गया है, और ये 3000 से बढ़कर ₹3075 का हो गया है.
नौंवा बदलाव: रेलवे टिकट कैंसिलेशन
रेल के सफर से जुड़ा बदलाव भी 1 अप्रैल से लागू हो रहा है. दरअसल भारतीय रेलवे (Indian Railway) ने रेलवे टिकट कैंसिल करने का नियम बदला है. अब 72 घंटे पहले टिकट कैंसिल करने पर सबसे ज्यादा रिफंड दिया जाएगा. 72 से 24 घंटे पहले कैंसिल करने पर 25 फीसदी किराया कटेगा, 24 से 8 घंटे पहले टिकट कैंसिल करने पर 50 फीसदी किराया कटेगा और 8 घंटे बाद टिकट कैंसिल करने पर कोई रिफंड नहीं मिलेगा.
दसवां बदलाव: बैंकों में बंपर हॉलिडे
अप्रैल में बैंक हॉलिडे लिस्ट आरबीआई ने अपलोड कर दी है और इस महीने बैंकिंग काम के लिए ब्रांच निकलने से पहले इसपर नजर मार लेना जरूरी है. दरअसल, अप्रैल महीने में बंपर 14 दिन बैंक बंद रहेंगे. इनमें दूसरे और चौथे शनिवार के अलावा रविवार का अवकाश भी शामिल है. इसके अलावा गुड फ्राइडे,डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर जयंती जैसे मौकों पर भी क्लोजिंग रहेगी.