क्या आपके साथ भी कभी ऐसा हुआ है कि आपको ट्रेन से कहीं जाना हो और ऐन मौके तक टिकट कन्फर्म ही नहीं हुई. आप इसके बिना ही रेलगाड़ी में चढ़ गए और पकड़ने पर भारी जुर्माना देना पड़ा. अगर ऐसा हुआ है, तो ये इसलिए क्योंकि आपको भारतीय रेलवे द्वारा तय किए गए नियमों के बारे में पूरी जानकारी नहीं है, जिससे आप जुर्माने से बच सकते हैं. हालांकि, अगर कोई आपात स्थिति में यात्रा की जरूरत न हो, तो वैध टिकट लेकर ही यात्रा करनी चाहिए. आइए जानते हैं इस स्थिति में आखिर क्या करना चाहिए? (Photo: File/ITG)
जुर्माने से जेल तक हो सकती है
भारतीय रेलवे में वैध टिकट के बिना यात्रा करना एक गंभीर अपराध माना जाता है और इसके लिए जुर्माना लगाना या फिर जेल भी हो सकती है. ऐसे में रेलवे की ओर से यात्रियों को यही हिदायत दी जाती है कि वे उचित टिकट के बिना ट्रेन में न चढ़ें, भले ही उन्हें यात्रा की अचानक और अत्यावश्यक आवश्यकता हो और उनके पास कन्फर्म टिकट न हो. (Photo: AI)
कभी-कभी मुश्किल होता है कन्फर्म टिकट
Indian Railway को एक सस्ता, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन साधन माना जाता है, इसलिए करोड़ों यात्री प्रतिदिन रेल का सफर करते हैं. आरामदायक सीटें, शौचालय और भोजन की व्यवस्था ने रेल यात्रा को देश भर के यात्रियों के बीच लोकप्रिय बना दिया है. हालांकि, अचानक यात्रा की योजना बनने पर अक्सर कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है, तो ऐसे में बिना Confirmed Train Ticket के यात्रा करने वाले यात्रियों को मुसीबत हो जाती है. (Photo: File/ITG)
बिना टिकट यात्रा पर कितना जुर्माना?
रेलवे नियमों (Indian Railway Rules) को देखें, तो वैध टिकट के बिना ट्रेन में सफर करना अपराध है और पकड़े जाने पर तगड़ा जुर्माना लगाया जाता है. हाल ही में, 13 वर्षों के बाद वैध टिकट के बिना यात्रा करने पर जुर्माने को बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है. जुर्माने के अलावा बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़े गए यात्रियों को बोर्डिंग स्टेशन से डेस्टिनेशन तक का पूरा किराया भी देना होगा. (Photo: AI)
रेलवे के एक्शन से कैसे बचें?
आपातकालीन स्थिति में जिन यात्रियों के पास कन्फर्म टिकट नहीं होता है, वे पहले प्लेटफॉर्म टिकट खरीद सकते हैं और उसके साथ ट्रेन में चढ़ सकते हैं. ट्रेन छूटने के बाद उन्हें तुरंत ट्रैवलिंग टिकट एग्जामिनर यानी TTE से संपर्क करना चाहिए. अपनी परेशानी बताकर यात्री टीटीई से टिकट बनाने के लिए कह सकता है और वो मौके पर ही टिकट जारी कर सकता है. ऐसा करके यात्री उचित प्रक्रिया का पालन करते हुए अपनी यात्रा जारी रख सकता है और संभावित कानूनी परेशानी या जुर्माने से बच सकता है. यहां इस बात का ध्यान रहे कि यह रेलवे रूल में ऑप्शन सिर्फ वास्तविक आपात स्थितियों के लिए है. (Photo: AI)
यात्रा की तारीख से पहले करें टिकट बुक
रेलवे के नियमों के तहत यात्रियों को आरक्षित कन्फर्म टिकट के बिना नियमित रूप से यात्रा करने से बचना चाहिए और उन्हें मुहैया कराई गई ऑनलाइन या काउंटर-बुकिंग सुविधाओं के माध्यम से अपने टिकट यात्रा से पहले ही बुक कर लेना चाहिए, जिससे यात्रा की डेट तक उसके कन्फर्म होने की संभावना बनी रहे. अंतिम समय में भी यात्री IRCTC ऐप या रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध विकल्पों की जांच कर सकते हैं. टिकट पहले से बुक करने से न केवल सुगम यात्रा सुनिश्चित होती है, बल्कि यात्रियों को अनावश्यक जुर्माने और कानूनी कार्रवाई जैसी असुविधा से बचने में भी मदद मिलती है. (Photo: File/ITG)