सुरक्षित निवेश और जोरदार रिटर्न की बात आती है, तो फिर पोस्ट ऑफिस द्वारा चलाई जा रहीं, सरकारी योजनाएं (Govt Schemes) खासी पॉपुलर हैं. इन स्मॉल सेविंग स्कीम्स में छोटी-छोटी बचत करके भी मोटा फंड जुटाया जा सकता है. ऐसी ही एक डाकघर योजना है पोस्ट ऑफिस रिकरिंग डिपॉजिट स्कीम (Post Office Recurring Deposit Scheme), जिसमें रोजाना सिर्फ 200 रुपये बचाकर आप 10 लाख रुपये का फंड जुटा सकते हैं और खास बात ये है कि 3 लाख रुपये से ज्यादा की कमाई सिर्फ ब्याज से ही हो जाती है. (Photo: ITG)
निवेश पर रिस्क 'Zero'
पोस्ट ऑफिस स्कीम को पॉपुलर बनाने में सबसे अहम रोल जिस चीज का है, वो ये है कि ये सरकारी योजनाएं बिल्कुल रिस्क फ्री होती हैं. इसके पीछे की वजह ये है कि इनमें निवेश छोटा हो या फिर बड़ा सभी की सुरक्षा की गारंटी खुद सरकार लेती है. मतलब आप टेंशन फ्री होकर इसमें निवेश कर सकते हैं. इसके अलावा सरकार की ओर से इन Post Office Saving Schemes पर ब्याज भी तगड़ा दिया जाता है, जो कई बैंकों की FD पर मिल रहे ब्याज से ज्यादा है. (Photo: ITG)
छोटी-छोटी बचत में जोरदार फायदा
Post Office RD स्कीम की एक और खास बात ये है कि इसमें आपको एकमुश्त निवेश की जरूरत नहीं होती है, बल्कि आप रोजाना छोटी-छोटी सी बचत करके भी अपने लिए मोटा फंड जुटा सकते हैं. ये पोस्ट ऑफिस स्कीम बिल्कुल ऐसे काम करती है, जैसे म्यूचुअल फंड में एसआईपी (Mutual Fund SIP) में निवेश किया जाता है. इसमें सिर्फ 100 रुपये से भी खाता खुलवाकर निवेश की शुरुआत की जा सकती है. (Photo: GettyImage)
सरकार दे रही है इतना ब्याज
पोस्ट ऑफिस की रिकरिंग डिपॉजिट स्कीम पर सरकार की ओर से ऑफर किए जा रहे ब्याज (Post Office RD Scheme Interest Rate) के बारे में बात करें, तो ये 6.7 फीसदी का मिल रहा है. जहां आप इस स्कीम में 100 रुपये से निवेश की शुरुआत कर सकते हैं, तो वहीं अधिकतम निवेश के लिए कोई लिमिट सेट नहीं की गई है, यानी जितना चाहो पैसा लगाओ और उतना ही ज्यादा मुनाफा भी कमाओ. (Photo: ITG)
ज्वाइंट खाता खोलें, लेकिन ये रहे ध्यान
Post Office RD स्कीम में आप सिंगल अकाउंट ओपन कराके निवेश कर सकते हैं, जबकि इसमें पति-पत्नी मिलकर ज्वाइंट अकाउंट भी खुलवा सकते हैं. इस स्कीम में निवेश के लिए मैच्योरिटी पीरियड पांच साल का है और इसके पूरा होने पर निवेश को अगले पांच साल के आगे बढ़ाने की सुविधा भी दी जाती है. इसमें निवेश के दौरान कुछ बातों का ध्यान रखना भी जरूरी है, जैसे अगर किसी महीने आप इसमें समय पर किश्त डालना भूल जाते हैं, तो फिर 1% प्रति माह की पेनाल्टी लगती है, अगर लगातार चार 4 किश्तें चूक जाती हैं तो फिर आरडी अकाउंट क्लोज हो जाता है. (Photo: GettyImage)
ब्याज से 3 लाख की कमाई का गणित
पोस्ट ऑफिस रिकरिंग डिपॉजिट में सिर्फ ब्याज के जरिए ही 3 लाख रुपये की मोटी कमाई करने का गणित बेहद आसान है. Post Office RD Calculator से कैलकुलेशन से गणना करें, तो इस सरकारी स्कीम में खाता खुलवाकर अगर आप रोजाना सिर्फ 200 रुपये बचाते हैं, तो महीने में आपकी सेविंग 6000 रुपये होगी. अब इस रकम को प्रति माह पांच साल के मैच्योरिटी पीरियड तक निवेश करना है. ऐसे में 5 साल बाद आपका कुल निवेश 3,60,000 रुपये होगा और ब्याज समेत फंड 4,28,197 रुपये होगा. अब आपको अपना निवेश पांच साल के लिए आगे बढ़ाना है. ऐसा करने पर आपका जमा 7,20,000 रुपये होगा, जबकि सिर्फ ब्याज की रकम 3.05 लाख रुपये होगी. ऐसे में आपका कुल फंड बढ़कर 10,26,131 रुपये हो जाएगा. (Photo: ITG)