क्या आप अपना कारोबार शुरू करना चाहते हैं और आर्थिक तंगी के चलते नहीं कर पा रहे हैं. तो फिर टेंशन की जरूरत नहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार स्किल्ड लोगों को बिना गारंटी के 3 लाख रुपये का लोन बांट रही है, वो भी बेहद कम ब्याज दर पर. सिर्फ इतना ही नहीं इस सरकारी स्कीम के तहत दिया जा ये लोन बिल्कुल गारंटी फ्री है.
स्कीम में शामिल ये 18 छोटे बिजनेस
पीएम विश्वकर्मा योजना (PM Vishwakarma Yojana) के जरिए लोहार, नाई, मोती जैसे पारंपरिक कौशल रखने वाले लोगों को लाभ दिया जाता है. सरकार ने इस स्कीम में ऐसे ही 18 व्यवसायों को शामिल किया है. इसके जरिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के कारीगरों और शिल्पकारों को मदद मिलती है. इनमें राजमिस्त्री, कारपेंटर, नाव बनाने वाले, लोहार, ताला बनाने वाले, मिट्टी के बर्तन और अन्य सामान बनाने वाले कुम्हार, मूर्तिकार, राज मिस्त्री, मछली का जाल बनाने वाले, खिलौने बनाने वाले समेत अन्य शामिल हैं.
ऐसे मिलता है 3 लाख का लोन
मोदी सरकार की PM Vishwakarma Yojana के तहत अगर कोई स्किल्ड व्यक्ति अपना कारोबार शुरू करना चाहता है, तो वो इस स्कीम के तहत लोन आवेदन कर सकता है. इसमें 3 लाख रुपये तक लोन दिया जाता है, जो दो स्टेप में मिलता है. पहले चरण में बिजनेस स्टार्ट करने के लिए 1 लाख रुपये का लोन दिया जाता है और फिर उसके विस्तार के लिए दूसरे चरण में 2 लाख रुपये का लोन और दिया जाता है.
सरकार की ओर से दिए जा रहे इस लोन पर ब्याज भी बेहद कम लिया जाता है. PM Vishwakarma Loan पर ब्याज की दर महज 5 फीसदी रखी गई है. एक और खास बात ये है कि ये गारंटी फ्री लोन है यानी इसके लिए आपको अपनी कोई भी चीज गिरवी रखने की जरूरत नहीं है.
आधार समेत ये दस्तावेज चाहिए
मोदी सरकार की इस स्कीम के तहत शामिल किए गए 18 ट्रेड में लोगों के कौशल को निखारने के लिए मास्टर ट्रेनरों के जरिए ट्रेनिंग भी दी जाती है. ट्रेनिंग के साथ ही स्किल्ड लोगों को 500 रुपये प्रतिदिन स्टाइपेंड दिया जाता है. सिर्फ यही नहीं लाभार्थियों को पीएम विश्वकर्मा सर्टिफिकेट और आईडी कार्ड, बेसिक और एडवांस ट्रेनिंग से जुड़े स्किल अपग्रेडेशन के अलावा 15,000 रुपये का टूलकिट भी मुहैया कराया जाता है.
आवेदन करने के लिए सिर्फ आधार कार्ड (Aadhaar Card), पैन कार्ड (PAN Card), आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, निवास प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ, बैंक पासबुक और वैध मोबाइल नंबर की आवश्यकता होती है.
कौन और कैसे कर सकता है अप्लाई?
Govt Scheme में अप्लाई करने के लिए जहां आवेदक को 18 ट्रेड में से एक से संबंधित होना चाहिए. वहीं उनकी उम्र 18 साल से ज्यादा और 50 साल से कम होनी चाहिए. आवेदन वेबसाइट pmvishwakarma.gov.in पर जाकर किया जा सकता है. इसका तरीका बेहद आसान है.
वेबसाइट पर लॉगइन करने के बाद होमपेज पर PM Vishwakarma Kaushal Samman Yojana सेक्शन में मौजूद Apply Online ऑप्शन पर क्लिक करें. यहां पर आपको रजिस्ट्रेशन करना होगा और इसके लिए रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर SMS के जरिए भेजा जाएगा. रजिस्ट्रेशन फॉर्म को अच्छी तरह से पढ़कर पूरा भरें और इसके साथ संबंधित दस्तावेज अटैच करें और सब्मिट कर दें.
लगातार इस योजना से जुड़ रहे लोग
17 सितंबर 2023 को शुरू की गई पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत शुरुआती दो सालों में ही करीब 30 लाख कारीगरों और शिल्पकारों का रजिस्ट्रेशन हो चुका था और 26 लाख का स्किल वेरिफिकेशन भी पूरा हो गया था. इनमें से 86 फीसदी ने अपनी ट्रेनिंग भी पूरी कर ली थी. योजना से जुड़ने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है. ताजा अपडेट की बात करें, तो MSMEs मंत्रालय ने रविवार को कहा कि इस योजना के तहत शिल्पकारों और कारीगरों सहित 2,500 से अधिक लाभार्थियों को उनकी आजीविका और व्यावसायिक क्षमता में सुधार के लिए AI ट्रेनिंग भी दी गई है.