दुबई में रहने वाली भारत की एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वो अपने घर का होम टूर करा रही है. दुबई के इस 1 बीएचके फ्लैट का किराया साल का 31 लाख है, जिसे देखकर लोग भी दंग हैं. निकिता मेहता नाम की यूजर द्वारा इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स का रिएक्शन भी आ रहा है.
निकिता वीडियो में अपने अपार्टमेंट की एक झलक दिखाती हैं, जहां से दुबई मरीन के शानदार नज़ारे दिखाई देते हैं. इस घर में एक लिविंग रूम और एक बेडरूम है, जहां से वाटरफ्रंट दिखता है, साथ ही 2 वॉशरूम, एक वॉक-इन क्लोजेट अलग यूटिलिटी एरिया के साथ एक किचन और समुद्र के नज़ारे वाली एक बालकनी है.
निकिता के अनुसार, इस अपार्टमेंट की सबसे बड़ी खासियतों में से एक इसकी बालकनी है, जहां से वह 'ऐन दुबई' देख सकती हैं, जिसे 'दुबई आई' के नाम से भी जाना जाता है. उन्होंने वीडियो में मज़ाक करते हुए कहा, "यहां के सूर्यास्त मुझे कुछ मिनटों के लिए घर का किराया भुला देते हैं."
यह भी पढ़ें: भीड़ से मुक्ति, 30 मिनट में सफर! 'नमो शहर' कम करेंगे दिल्ली-NCR का बोझ
निकिता ने बताया कि यह अपार्टमेंट एम्आर (Emaar) के एक रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट में है और यहां कई तरह की सुविधाएं मिलती हैं, जिनमें एक स्विमिंग पूल, जिम, स्क्वैश कोर्ट और क्लस्टर के अन्य बिल्डिंग्स के साथ शेयर की जाने वाली सुविधाएं शामिल हैं. उन्होंने यह भी बताया कि इस प्रॉपर्टी में निवासियों को एयर कंडीशनिंग के लिए अलग से भुगतान नहीं करना पड़ता है.
पोस्ट के कैप्शन में, निकिता ने आगे बताया कि कैसे पूरे शहर में लंबी खोज के बाद यह अपार्टमेंट धीरे-धीरे उनका घर बन गया. उन्होंने लिखा, "एक महीने पहले, यह सिर्फ एक और अपार्टमेंट था जिसे हम देख रहे थे. आज, यह हमारा घर है. ऐसा लग रहा था जैसे आधा दुबई देखने के बाद, आखिरकार हमें एक ऐसी जगह मिली जो बिल्कुल सही लगी. बड़ी खिड़कियां, मरीना के नज़ारे, समुद्र तट के सूर्यास्त, और इतनी भरपूर प्राकृतिक रोशनी जो हमें यह यकीन दिलाने के लिए काफी है कि हमारी ज़िंदगी पूरी तरह व्यवस्थित है."
उन्होंने आगे लिखा, "यह अपार्टमेंट इस कदर फर्निश्ड मिला कि शिफ्ट होने वाले दिन हम सचमुच बिल्कुल नए चम्मच, कटलरी और कोस्टर के डिब्बे खोल रहे थे. हम धीरे-धीरे इस जगह में अपनी छोटी-छोटी चीज़ें जोड़ रहे हैं, जिसमें कुछ ऐसी चीज़ें भी शामिल हैं जिन्हें हम गुड़गांव से इतनी दूर लेकर आए हैं, क्योंकि कुछ चीज़ें इतनी खास होती हैं कि उन्हें पीछे नहीं छोड़ा जा सकता."
निकिता के इस वीडियो पर लोग भी कमेंट कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा- इसकी कीमत बिल्कुल सही है, जो लोग इसे महंगा कह रहे हैं, शायद वे यह नहीं समझ पा रहे हैं कि 75% लोग 1 BHK और 1 वॉशरुम के लिए 60-70 हज़ार दे रहे हैं जो कि इससे 100 गुना खराब है. '
एक यूजर ने लिखा- "आप उस लाइफस्टाइल और सुविधा के लिए भुगतान करते हैं जो आप चाहते हैं, और जो आप अफोर्ड कर सकते हैं. '
aajtak.in