भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को बड़ी गिरावट देखने को मिली. इस गिरावट में निवेशकों को भारी नुकसान हुआ है, क्योंकि बीएसई मार्केट कैप घटकर 470 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो मंगलवार को बढ़कर 473 लाख करोड़ रुपये हो गया था. इसका मतलब है कि निवेशकों ने जितना (3.6 लाख रुपये) एक दिन पहले कमाया था, बुधवार को उससे ज्यादा (3.76 लाख करोड़) गंवा दिया.
बुधवार को मार्केट बंद होने तक सेंसेक्स 429.11 अंक या 0.59% गिरकर 72,638.70 पर आ गया. वहीं निफ्टी 173.05 अंक या 0.76% टूटकर 22,603.05 पर था. वहीं निफ्टी बैंक 72.85 अंक या 0.13% गिरकर 55,055.55 पर आ गया. बीएसई के टॉप 30 शेयरों की बात करें तो सिर्फ 4 शेयरों में तेजी रही, बाकी के 26 शेयर गिरे हुए थे. सबसे ज्यादा गिरावट टाइटन के शेयरों में 4 फीसदी की रही.
पीएसयू बैंक, प्राइवेट बैंक और मीडिया छोड़कर, सभी शेयरों में गिरावट देखने को मिली है.सबसे ज्यादा गिरावट मेटल 2.33 फीसदी, ऑटो में 1.58 फीसदी और आईटी सेक्टर में 1.34 फीसदी की गिरावट रही. इसके साथ ही कंज्यूमर और अन्य शेयरों में भी गिरावट देखने को मिली.
क्यों आई शेयर बाजार में गिरावट?
शेयर बाजार में गिरावट की एक प्रमुख वजह भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से बढ़ाया जाने वाला रेपो रेट है. आरबीआई ने रेपो रेट को 25 बेसिस पॉइंट बढ़ा दिया, जो अब 5.50 फीसदी हो चुकी है. यह बढ़ोतरी महंगाई को कंट्रोल करने के लिए की गई. इस बढ़ोतरी का मतलब है कि लोन महंगे हो सकते हैं और मार्केट में डिमांड-खरीद कम हो सकती है.
दूसरी ओर, कच्चे तेल का भाव 100 डॉलर के ऊपर बना हुआ है, जिस कारण भारत का आयात बिल बढ़ रहा है और कंपनियों की लागत पर असर होता हुआ दिख रहा है.
एक और वजह अमेरिकी मार्केट है, जहां के बॉन्ड मार्केट में तेजी आई है. साथ ही डॉलर इंडेक्स में भी तेजी देखी जा रही है, जिस कारण भारतीय बाजार प्रभावित हुआ है.
कोई शेयर अपर सर्किट पर नहीं
मार्केट में ऐसा कम बार होता है, जब बीएसई पर कारोबार करने वाले कोई एक शेयर भी अपर सर्किट ना छूए, बुधवार को कुछ ऐसा ही हुआ. हालांकि, 41 शेयरों ने लोअर सर्किट लगाया. वहीं 157 शेयर 52 वीक के निचले स्तर पर कारोबार करते हुए दिखाई दिए. इसके अलावा, 160 शेयर 52 सप्ताह के उच्च स्तर पर कारोबार कर रहे थे.
कुल मिलाकर बुधवार को बीएसई पर 4,614 शेयरों का कारोबार हुआ, जिसमें से 1,936 शेयरों में तेजी रही, तो दूसरी ओर 2,459 शेयर गिरकर कारोबार करते हुए दिखाई दिए. इसके अलावा, 219 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ.
(नोट- किसी भी शेयर में निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क