ईरान-अमेरिका जंग और टैरिफ जैसे कई मौकों पर शेयर बाजार में लाखों डॉलर के दांव लगाए गए, जो कुछ ही मिनटों में करोड़ों डॉलर में बदल गए. यह दांव अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बड़े ऐलानों से ठीक पहले लगाए गए और मार्केट में तेजी आते ही लाखों-करोड़ों डॉलर निकाल लिए गए.
निवेशकों के बीच चर्चा जोरों पर है कि ट्रंप क्या कहने वाले हैं, इसकी जानकारी कुछ लोगों को पहले से थी, बस इसी चीज का फायदा उठाकर इनसाइडर ट्रेडिंग की गई. इसमें ट्रंप के करीबियों के नाम सामने आ रहे हैं, जिस कारण शक की सुई ट्रंप की ओर बार-बार घुम रही है.
बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार , राष्ट्रपति के सोशल मीडिया पोस्ट या मीडिया इंटरव्यू के पब्लिक होने से कुछ घंटे या कभी-कभी मिनट पहले ही बाजार में तेजी आने का एक लगातार पैटर्न देखने को मिला है.
इस रिपोर्ट में बताया गया है कि बीबीसी ने शेयर बाजार में अचानक बढ़े हुए वॉल्यूम डेटा को स्टडी किया और फिर इसे ट्रंप के सोशल मीडिया पोस्ट से मिलाया, जिसमें यह जानकारी मिली कि हो ना हो इसमें कुछ संबंध हो सकते हैं. बीबीसी की रिपोर्ट में एक्सपर्ट्स के हवाले से कहा गया है कि ट्रंप के बयानों और फाइनेंशियल मार्केट्स में आए उछाल के बीच का संबंध अवैध इनसाइडर ट्रेडिंग की ओर इशारा करता है. आमतौर पर, इनसाइडर ट्रेडिंग के दांव उन लोगों द्वारा लगाए जाते हैं जो ऐसी जानकारी का इस्तेमाल करते हैं, जो आम जनता के लिए उपलब्ध नहीं होते.
अन्य एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस तरह के लेन-देन को इनसाइडर ट्रेडिंग के तौर पर प्रूफ कर पाना बहुत जटिल है और वे बताते हैं कि कुछ ट्रेडर्स राष्ट्रपति के बयानों का अनुमान लगाने में ज्यादा सफल हो सकते हैं. इस रिपोर्ट में ऐसे पांच मौके पाए गए हैं, जो ट्रंप के ऐलान के ठीक पहले दांव लगाए गए थे. आइए जानते हैं...
9 मार्च 2026: जंग पूरी तरह समाप्त हो गया
अमेरिका-इजरायल और ईरान जंग के 9वें दिन, ट्रंप ने सीबीएस न्यूज को दिए एक फोन इंटरव्यू में कहा कि जंग 'लगभग पूरी तरह से खत्म' हो चुका है. यह इंटरव्यू 15:16 (19:16 जीएमटी) पर पब्लिक हुआ. वहीं इससे पहले 18:29 बजे जीएमटी पर तेल की कीमतों में गिरावट पर भारी दांव लगाए गए, जो इंटरव्यू पब्लिक में आने से 47 मिनट पहले था. इंटरव्यू के सामने आने के बाद तेल की कीमतें 25 फीसदी की गिरावट आई. इस गिरावट से ट्रेडर्स ने लाखों डॉलर कमाए.
21 मार्च को जंग खत्म करने का प्लान
21 मार्च को ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया कि अमेरिका ने 'पूर्ण और समग्र समाधान' के लिए ईरान के साथ 'बहुत अच्छी और सार्थक बातचीत' की थी. यह पोस्ट ट्रंप द्वारा ईरान के बिजली प्लांटों को खत्म करने की धमकी देने के ठीक दो दिन बाद आई है.
दिलचस्प बात यह है कि 10:48 से 10:50 जीएमटी के बीच, WTI क्रूड और ब्रेंट क्रूड ऑयल पर दांव बढ़ गए. बीबीसी के अनुसार इस तरह का दांव अनिश्चित तरीके से दिखाई देता है. 11:04 जीएमटी पर, ट्रंप ने जंग समाप्त करने के सॉल्यूशन के बारे में पोस्ट किया और एक मिनट बाद ही तेल की कीमतों में 11 फीसदी तक की गिरावट आई.
9 अप्रैल, 2025: 'मुक्ति दिवस' पर टैरिफ रोकना
बीबीसी की रिपोर्ट में जंग संबंधी दांवों का ही जिक्र नहीं किया गया है. पिछले साल 2 अप्रैल को ट्रंप ने करीब हर देश के सामानों पर टैरिफ लगाने का ऐलान किया, जिसे उन्होंने 'मुक्ति दिवस' नाम दिया. इसके बाद ग्लोबल मार्केट धराशायी हो गए.
एक सप्ताह बाद, ट्रंप ने सभी देशों के लिए टैरिफ पर 90 दिनों के लिए 'विराम' की घोषणा किया. जिसके बाद,S&P 500 इंडेक्स में 9.5% की तेजी आई, जो दूसरे विश्व युद्ध के बाद से एक दिन में सबसे बड़ी तेजी में से एक था. रिपोर्ट में कहा गया है कि शाम 6 बजे व्यापारियों ने शेयर बाजार में तेजी आने पर बड़े दांव लगाना शुरू कर दिया.
शाम 6:18 बजे (बीएसटी) ट्रंप ने टैरिफ पर रोक लगाने की घोषणा की. एक मिनट बाद ही अमेरिकी शेयर बाजार में ऐतिहासिक उछाल देखने को मिला. रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि बीएसटी समय के अनुसार शाम 6 बजे के तुरंत बाद कॉन्ट्रैक्ट की संख्या बढ़कर 10,000 प्रति मिनट से अधिक हो गई, जबकि दिन में पहले यह संख्या सैकड़ों में थी.
कुछ व्यापारियों ने सात दिनों के नुकसान के बावजूद उस दिन शेयर बाजार में आई तेजी पर 20 लाख डॉलर से अधिक का दांव लगाया. शेयर बाजार की इस तेजी से उन्हें लगभग 20 लाख डॉलर का मुनाफा हो सकता था.
इस रैली के बाद अमेरिकी सीनेट के कई वरिष्ठ डेमोक्रेट सदस्यों ने सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन से यह जांच करने का अनुरोध किया कि क्या ट्रंप की घोषणाओं ने अमेरिकी जनता के पैसे से उनके करीबियों को अमीर किया. बीबीसी द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या एसईसी ने इन आरोपों की जांच की है, एसईसी के प्रवक्ता ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.
3 जनवरी 2026 को मादुरो की गिरफ्तारी
पॉलीमार्केट और कालशी जैसे ब्लॉकचेन-ऑपरेटर प्लेटफॉर्म यूजर्स को मौसम से लेकर बेसबॉल से लेकर अमेरिकी विदेश नीति तक किसी भी चीज पर सट्टा लगाने का मौका देते हैं. राष्ट्रपति ट्रंप के बेटे, डोनाल्ड ट्रंप जूनियर, पॉलीमार्केट में निवेशक हैं और इसके सलाहकार बोर्ड में शामिल हैं. वे कालशी के रणनीतिक सलाहकार के रूप में भी काम करते हैं और बीबीसी ने उनसे जानकारी के लिए संपर्क किया है.
दिसंबर 2025 में, एक यूजर्स ने पॉलीमार्केट पर बर्डनसम-मिक्स नाम से एक अकाउंट बनाया. 30 दिसंबर को, इस खाते ने पहली बार यह शर्त लगाई कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो जनवरी 2026 के अंत तक पद से हट जाएंगे. बर्डनसम-मिक्स ने 30 दिसंबर से 2 जनवरी के बीच इस पोजीशन पर 32,500 डॉलर का निवेश किया. जब अमेरिकी स्पेशल फोर्स ने अगले दिन मादुरो को गिरफ्तार कर सत्ता से हटा दिया, तो बर्डनसम-मिक्स ने 436,000 डॉलर जीते. पैसे कमाने के कुछ ही समय बाद, खाते ने अपना यूजर्स नाम बदल दिया और तब से कोई दांव नहीं लगाया है.
28 फरवरी 2026: ईरान पर हमले
फरवरी 2026 में, पॉलीमार्केट पर छह खाते बनाए गए. उन्होंने 28 फरवरी तक ईरान पर अमेरिकी हमले की संभावना पर दांव लगाया. ट्रंप की ओर से 28 फरवरी की सुबह ईरान पर हमलों को कंफर्म करने के बाद इन अकाउंट में मिलाकर 1.2 अरब डॉलर की कमाई की.
उन छह यूजर्स में से पांच ने तब से सट्टेबाजी बंद कर दी है. लेकिन खाते की हालिया गतिविधियों में से एक से संकेत मिलता है कि 163,000 डॉलर की रकम 7 अप्रैल तक अमेरिका-ईरान युद्धविराम पर सही दांव लगाकर कमाई गई थी, जिसकी घोषणा वाशिंगटन और तेहरान ने उसी दिन की थी.
मार्च में व्हाइट हाउस ने अपने कर्मचारियों को चेतावनी दी थी कि वे बाजारों में दांव लगाने के लिए अंदरूनी जानकारी का उपयोग न करें. उस समय प्रवक्ता डेविस इंगले ने बीबीसी को बताया था कि बिना सबूत के यह आरोप लगाना कि प्रशासन के अधिकारी इस तरह की गतिविधि में शामिल हैं, निराधार और गैरजिम्मेदार रिपोर्टिंग है.
इनसाइडर ट्रेडिंग पर कड़ी कार्रवाई
इसी से संबंधित एक घटनाक्रम में, कमोडिटी फ्यूचर्स ट्रेडिंग कमीशन के अध्यक्ष माइकल सेलिग, जिन्हें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 17 अप्रैल को नियुक्त किया था, ने कहा कि उनकी एजेंसी ट्रेडिंग के सैकड़ों संभावित मामलों की जांच कर रही है.
आजतक बिजनेस डेस्क