बिहार के हाजीपुर में मंगलवार को एक ही खानदान की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं. मंगलवार देर शाम राघोपुर के रामपुर श्यामचंद गांव के पास 20 से ज्यादा लोगों से भरी नाव नदी में पलट गई. इस दर्दनाक हादसे में 13 बच्चों की जान चली गई, जिनकी उम्र महज 10-14 वर्ष के बीच थी. जिन बच्चों के हंसी-ठिठोली से घर गूंजते थे, वहां अब अपनों के खोने का सन्नाटा है. हादसे के बाद जब नाव को नदी से निकाला गया तो उसमें एक बड़ा छेद मिला. आजतक की टीम ने हादसे की वजहों को समझने के लिए उसी नाव की पड़ताल की, जो कई मासूमों के लिए आखिरी सफर बन गई.
आजतक की टीम राघोपुर के रामपुर श्यामचंद गांव पहुंची. गांव में 13 बच्चों की मौत से मातम पसरा हुआ है. प्रत्यक्षदर्शी रवि यादव ने आजतक को बताया कि बच्चे पास के ही गांव में श्राद्ध का भोज खाने के लिए नाव से गए थे. उन्हें क्या पता था कि यही नाव उनकी मौत का कारण बन जाएगी. रवि यादव ने बताया कि गांव को सालों पहले सरकारी नाव दी गई थी. लेकिन अब नाव की हालत काफी जर्जर हो गई थी. प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि नाव बच्चे ही चला रहे थे. हादसे के बाद SDRF की टीम ने नदी में पलटी नाव को बाहर निकाला.
नाव में था छेद
आजतक ने जब नाव की पड़ताल की तो उसके एक हिस्से में बड़ा छेद मिला. आशंका है कि नाव पर क्षमता से ज्यादा बच्चों के सवार होने के कारण छेद वाला हिस्सा पानी में डूब गया होगा. इससे नाव के अंदर पानी भरने लगा होगा और संतुलन बिगड़ने से वह पलट गई होगी.
राघोपुर के पूर्व विधायक और बीजेपी नेता सतीश राय ने भी नाव की जर्जर हालत का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि राघोपुर बाढ़ प्रभावित इलाका है और गांव को सालों पहले यह नाव मिली थी. ऐसे में, सवाल उठता है कि जिस नाव के सहारे लोग नदी पार कर रहे थे उसकी हालत की समय रहते जांच क्यों नहीं हुई, यह एक बड़ा सवाल है.
यह भी पढ़ें: नाव हादसा: एक ही परिवार के 13 बच्चों की मौत, मांओं की चीख सुन रो पड़े लोग, DM से लिपटकर बिलख पड़े परिजन
बिहार सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये आर्थिक मदद का ऐलान किया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. उन्होंने प्रशासन को राहत और बचाव कार्य तेजी से पूरा कराने तथा घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर दुख जताया है. PMO ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. वहीं, हादसे में घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी.
तेजस्वी ने हादसे पर जताया दुख
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी नाव पलटने की घटना पर दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट में कहा कि हादसे की दुर्भाग्यपूर्ण खबर मिली है और डूबने वालों में अधिकांश बच्चे हैं. तेजस्वी यादव ने सभी के सुरक्षित होने की कामना की. उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों, प्रशासन और अधिकारियों से बातचीत कर राहत-बचाव और उपचार कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया है.
चिराग पासवान ने घायलों से की मुलाकात
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के संसदीय क्षेत्र हाजीपुर में यह हादसा हुआ है. उन्होंने घायलों से मुलाकात करते हुए चिकित्सकों को उनके बेहतर से बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं. साथ ही, उन्होंने यह भी कहा है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और उन्हें हर संभव बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए.
रोहित कुमार सिंह