Hector Tomahawk PHEV Launched Price: मोरिस गैराजेज (MG Motor) ने आज भारतीय बाजार में देश की पहली प्लग-इन हाइब्रिड कार MG Hector Tomahawk को लॉन्च किया है. आकर्षक लुक और दमदार इंजन के साथ पावरफुल बैटरी पैक से सजी इस एसयूवी को लेकर कंपनी का दावा है कि, ये कार सिंगल टैंक में 1,100 किलोमीटर तक का सफर कराएगी. एक प्लग-इन हाइब्रिड होने के नाते इसमें इलेक्ट्रिक कार की तरह पावरफुल बैटरी और एक पेट्रोल व्हीकल की तरह इंजन भी दिया गया है.
बुकिंग, कीमत और डिलीवरी
एमजी मोटर की इस नई प्लग-इन हाइब्रिड एसयूवी Hector Tomahawk PHEV को कंपनी ने बैटरी-एज-ए-सर्विस (BaaS) प्रोग्राम के साथ भी लॉन्च किया है. इस सब्सक्रिप्शन प्लान के तहत इस एसयूवी की शुरुआती कीमत 21.79 लाख रुपये तय की गई है. जिसमें बैटरी की कीमत शामिल नहीं है. बैटरी रेंटल के तौर पर ग्राहकों को 3.20 रुपये प्रतिकिमी दर से रेंटल देना होगा. इसके अलावा बैटरी के साथ इस एसयूवी की फुल व्हीकल प्राइस 25.69 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तय की गई है.
| वेरिएंट | फुल प्राइस | BaaS प्राइस | बैटरी रेंटल |
| एक्सक्लूसिव | 25,69,800 | 21,79,000 | 3.2 रुपये/किमी |
| एसेंस | 27,79,800 | 23,89,000 | 3.2 रुपये/किमी |
एमजी मोटर का कहना है कि, Hector Tomahawk PHEV के साथ कंपनी 3 साल की वारंटी और 3 साल की रोड साइड असिस्टेंस के साथ आ रही है. इसके अलावा एमजी ई-शिल्ड वारंटी पैकेज भी दिया जा रहा है. जिसके तहत ग्राहकों एक्स्ट्रा पैसे खर्च कर 5 साल तक की वारंटी का लाभ मिलेगा. कंपनी ने इसकी आधिकारिक बुकिंग शुरू कर दी है और इसकी हाइब्रिड एसयूवी की डिलीवरी नवंबर से शुरू की जाएगी.
कैसी है नई Tomahawk PHEV
Hector Tomahawk के साइज की बात करें तो इसकी लंबाई 4,745 मिमी, चौड़ाई 1,850 मिमी और उंचाई 1770 मिमी है. इसमें 2810 मिमी का शानदार व्हीलबेस मिलता है. जो केबिन के भीतर बेहतर स्पेस प्रदान करने में मदद करता है. समझने के लिए बताएं तो ये एसयूवी महिंद्रा एक्सयूवी 7एक्सओ (4,695 मिमी लंबी) और टाटा सफारी (4,668 मिमी) से भी ज्यादा लंबी है.
इंजन, बैटरी और माइलेज
Tomahawk PHEV में कंपनी ने 1.5 लीटर की क्षमता का नेचुरली एस्पीरेटेड पेट्रोल इंजन दिया है. इसके साथ 20.5kWh का बैटरी पैक और 148 kW का इलेक्ट्रिक मोटर दिया जा रहा है. कंपनी का दावा है कि, फुल टैंक और फुल चार्ज में ये एसयूवी 1100 किलोमीटर तक का ड्राइविंग रेंज देगी. यदि केवल ईवी मोड में इस एसयूवी को चलाया जाता है तो ये कार 115 किलोमीटर तक की रेंज देगी.
जेएसडब्ल्यू एजी मोटर इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर अनुराग महरोत्रा ने लॉन्च के वक्त कहा कि, इस प्लग-इन हाइब्रिड एसयूवी में पेट्रोल और ईवी दोनों मोड को शामिल किया जाए तो ये एसयूवी तकरीबन 50 किलोमीटर तक का माइलेज देगी. इतना ही नहीं पिक-अप के मामले में भी ये एसयूवी काफी बेहतर है, जो 0-100 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार केवल 9 सेकेंड में ही पकड़ लेती है.
35 मिनट में चार्ज
जैसा कि हमने पहले बताया कि, ये एसयूवी केवल EV मोड में तकरीबन 115 किमी की ड्राइविंग रेंज देगी. इसकी बैटरी को 3.3kW के AC चार्जर से 7.5 घंटे में चार्ज किया जा सकता है. इसके अलावा 25kW के डीसी फास्ट चार्जर से ये बैटरी केवल 35 मिनट में ही 80% तक चार्ज हो जाती है.
एमजी मोटर ने आज बाजार में अपनी Hector EV को भी लॉन्च किया है. जो 5-सीटर और 7-सीटर यानी दोनो सीटिंग कॉन्फिगरेशन में उपलब्ध है. लेकिन हाइब्रिड वेरिएंट वाली Tomahawk PHEV केवल 7-सीटर कॉन्फिगरेशन में आती है. कंपनी का दावा है कि, बतौर 7-सीटर ये अपने साइज के मुताबिक सबसे बेहतर माइलेज और कम्फर्ट देती है. इस एसयूवी में एक पेट्रोल और एक इलेक्ट्रिक यानी दोनों कारों का मजा मिलता है.
कैसा है केबिन
Hector Tomahawk के केबिन में सेगमेंट की सबसे बड़ी 15.6-इंच HD इंफोटेनमेंट स्क्रीन दी गई है, जो वायरलेस एप्पल कारप्ले, एंड्रॉइड ऑटो को सपोर्ट करता है. इसके अलावा डिजिटल ब्लूटूथ की (Key) और ओवर-द-एयर (OTA) सॉफ्टवेयर अपडेट्स की भी सुविधा दी गई है. इसमें नैप मोड, प्रो पेट मोड, कैंप मोड, क्वाइट मोड, एनर्जीज़ मोड और स्मोकिंग मोड जैसे 6 स्पेशल एक्सपीरियंस मोड्स मिलते हैं, जो सफर को अधिक स्मार्ट और आरामदायक बनाते हैं.
इसके अलावा, सेगमेंट में पहली बार दिया गया 'स्टारमंच कराओके ऐप' 8,000 से अधिक गानों की लाइब्रेरी के साथ केबिन को एक इंटरएक्टिव एंटरटेनमेंट स्पेस में बदल देता है. साथ ही, एमजी ऐप स्टोर के जरिए जियो-पावर्ड एंटरटेनमेंट, शॉपिंग, क्विक कॉमर्स, फूड और गेमिंग जैसे 18 से अधिक ऐप्स का एक्सेस मिलता है, जबकि जेन-AI वाले नए वॉइस-फर्स्ट इंटरफेस की भी सुविधा मिलती है.
सेफ्टी जबरदस्त
इसमें सभी वेरिएंट्स में 6 एयरबैग्स, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESP), ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम (TCS), हिल होल्ड कंट्रोल, ABS के साथ EBD, ब्रेक असिस्ट, ऑटो होल्ड के साथ इलेक्ट्रिक पार्किंग ब्रेक, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), ISOFIX चाइल्ड-सीट एंकर और चारों पहियों में डिस्क ब्रेक जैसे सेफ्टी फीचर्स बतौर स्टैंडर्ड दिए गए हैं.
इसके अलावा व्हील व्यू के साथ 360 डिग्री सराउंड व्यू एचडी कैमरा सिस्टम, फ्रंट व रियर पार्किंग सेंसर्स के साथ लेवल-2 ADAS तकनीक भी दी जा रही है. इस ADAS सूट में एडैप्टिव क्रूज़ कंट्रोल, ट्रैफिक जाम असिस्ट, लेन कीप असिस्ट, लेन डिपार्चर वार्निंग व प्रिवेंशन, फ्रंट कोलिजन वार्निंग, ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग (पैदल यात्रियों के लिए भी) और इंटेलिजेंट हेडलैंप कंट्रोल जैसे कई मॉडर्न फीचर्स मिलते हैं.
क्या होता है प्लग-इन हाइब्रिड, EV से कैसे है अलग
प्लग-इन हाइब्रिड कार ऐसी गाड़ी होती है जिसमें पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर और बैटरी भी लगी होती है. इसकी खासियत यह होती है कि बैटरी को बाहर से एक EV की तरह चार्ज किया जा सकता है. ये कारें केवल ईवी मोड में भी चल सकती हैं. बैटरी का चार्ज खत्म होने पर पेट्रोल इंजन काम संभाल लेता है. वहीं प्योर EV में केवल बैटरी और इलेक्ट्रिक मोटर ही होता है. इसके अलावा हाइब्रिड में एक छोटा बैटरी पैक और एक पेट्रोल इंजन मिलता है. आसान भाषा में कहें तो प्लग-इन हाइब्रिड में फ्यूल और इलेक्ट्रिसिटी दोनों का विकल्प होता है, जबकि प्योर EV में सिर्फ बैटरी पर डिपेंड होती है.
अश्विन सत्यदेव