scorecardresearch
 

PHOTOS: योग को मिला ग्लोबल बूस्टर, अमेरिका के इस राज्य में भी आज का दिन बेहद खास

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग को अमेरिका में एक और बड़ी पहचान मिली है. डेलावेयर के गवर्नर मैथ्यू मेयर ने 21 जून 2026 को आधिकारिक रूप से इंटरनेशनल डे ऑफ योगा घोषित किया है और लोगों से स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने की अपील की है.

Advertisement
X
न्यूयॉर्क में टाइम्स स्क्वायर पर विदेशी कर रहे योग. (Photo- @TimesSquareNYC)
न्यूयॉर्क में टाइम्स स्क्वायर पर विदेशी कर रहे योग. (Photo- @TimesSquareNYC)

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर योग को अमेरिका से बड़ा सम्मान मिला है. अमेरिकी राज्य डेलावेयर के गवर्नर मैथ्यू मेयर ने 21 जून 2026 को आधिकारिक तौर पर "इंटरनेशनल डे ऑफ योगा" घोषित किया है. इसके साथ ही उन्होंने राज्य के नागरिकों से योग को अपनाने और स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम बढ़ाने की अपील की है.

अपने आधिकारिक घोषणा पत्र में मेयर ने योग को भारत की 5,000 साल पुरानी प्राचीन परंपरा बताया. उन्होंने कहा कि योग मन, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है और स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करता है. गवर्नर के मुताबिक, योग न सिर्फ शारीरिक शक्ति को बढ़ाता है बल्कि मानसिक स्पष्टता और भावनात्मक संतुलन भी बनाए रखने में मदद करता है.

मेयर ने कहा कि आधुनिक जीवन की चुनौतियों और तनाव के बीच योग लोगों को बेहतर मानसिक स्वास्थ्य और संतुलित जीवन जीने का प्रभावी माध्यम देता है. उन्होंने कहा कि योग समुदायों में स्वास्थ्य, शांति और एकता को भी बढ़ावा देता है.

घोषणा पत्र में गवर्नर ने कहा, "मैं, मैथ्यू मेयर, डेलावेयर राज्य का गवर्नर, 21 जून 2026 को इंटरनेशनल डे ऑफ योगा घोषित करता हूं और सभी लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए इस अभ्यास को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करता हूं."

Advertisement

गवर्नर ने यह भी याद दिलाया कि संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2014 में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी थी ताकि दुनिया भर में योग के लाभों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके. यह प्रस्ताव भारत की तरफ से रखा गया था और रिकॉर्ड 175 देशों ने इसका समर्थन किया था.

डेलावेयर में योग दिवस कार्यक्रमों का आयोजन इंडियन अमेरिकन कम्युनिटी डेलावेयर और न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के सहयोग से किया जा रहा है. इन आयोजनों का मकसद लोगों को स्वास्थ्य, शांति और सामुदायिक एकता के संदेश से जोड़ना है.

इस बीच न्यूयॉर्क के प्रतिष्ठित टाइम्स स्क्वायर में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग गुरु एच. आर. नागेंद्र इस कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे हैं. यह आयोजन भारतीय वाणिज्य दूतावास की तरफ से कराया जा रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement