scorecardresearch
 

वियतनाम में 15 भारतीयों की मौत पर एक्शन, पुलिस ने बोट कैप्टन को हिरासत में लिया, जांच शुरू

वियतनाम में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत वाले बोट हादसे के बाद पुलिस ने स्पीडबोट के कैप्टन को हिरासत में लेकर आपराधिक जांच शुरू कर दी है. भारतीय दूतावास ने बताया कि मृतकों के शव भारत भेजने की प्रक्रिया जारी है.

Advertisement
X
बोट कैप्टन को से पूछताछ करती वियतनाम पुलिस. (Photo: ITG)
बोट कैप्टन को से पूछताछ करती वियतनाम पुलिस. (Photo: ITG)

वियतनाम में 15 भारतीय पर्यटकों की जान लेने वाले बोट हादसे के बाद प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. पुलिस ने स्पीडबोट के कैप्टन को हिरासत में लेकर आपराधिक जांच शुरू कर दी है. वहीं, भारतीय दूतावास ने बताया कि मृतकों के शव भारत भेजने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है, जबकि एक घायल का इलाज अब भी अस्पताल में चल रहा है.

फु क्वोक द्वीप के पास हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद 57 वर्षीय स्पीडबोट कैप्टन गुयेन होंग हाई को हिरासत में लिया गया है. उस पर जलमार्ग सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने का आरोप है. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि हादसा लापरवाही की वजह से हुआ या इसके पीछे कोई और कारण था.

यह दर्दनाक हादसा शनिवार को हुआ था. हादसे के वक्त इस स्पीडबोट में 32 भारतीय पर्यटक और चार क्रू मेंबर्स सवार थे. यह बोट किनारे से महज 400 मीटर की दूरी पर अचानक पलट गई, जिसकी वजह से 15 भारतीयों की डूबने से मौत हो गई. हालांकि राहत की बात यह रही कि 16 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जिन्हें जरूरी इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी भी मिल चुकी है. वहीं, एक घायल पर्यटक की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है, जिसका वियतनाम के अस्पताल में ही इलाज चल रहा है.

Advertisement

कंपनी ट्रिप पर गए थे सभी यात्री

जानकारी के मुताबिक, यह सभी भारतीय नागरिक एक मोबाइल कंपनी की तरफ से आयोजित किए गए बिजनेस ट्रिप पर वियतनाम घूमने गए थे. द्वीपों की सैर करने के दौरान इन पर्यटकों को अलग-अलग नावों में भेजा जा रहा था. इसकी मुख्य वजह यह थी कि पहली नाव जैसे ही रवाना हुई, वह अचानक समुद्र की तेज लहरों की चपेट में आकर पलट गई.

भारतीय दूतावास ने बताया कि सभी 15 मृतकों के शवों को पहले हो ची मिन्ह सिटी ले जाया गया है. लिहाजा, वहां की जरूरी कानूनी और कागजी प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद उन्हें विशेष विमान से भारत भेजा जाएगा. दूतावास के अधिकारी वियतनाम प्रशासन के साथ मिलकर इस पूरी प्रक्रिया में लगातार तालमेल बिठा रहे हैं.

बता दें कि इस दर्दनाक हादसे के एक दिन बाद भारतीय दूतावास ने शनिवार को मृतकों की आधिकारिक सूची जारी की थी. दूतावास के मुताबिक, जान गंवाने वालों में तमिलनाडु के 10, आंध्र प्रदेश के 3 और केरल के 2 लोग शामिल हैं. हादसे की खबर से इन राज्यों में कई परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. भारतीय दूतावास लगातार परिजनों के संपर्क में है और उन्हें हर जरूरी जानकारी दे रहा है.

Advertisement

वियतनाम प्रशासन ने इस पूरे मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए आपराधिक जांच तेज कर दी है. स्थानीय जांच एजेंसियां बोट की मौजूदा स्थिति, सुरक्षा के इंतजाम, इसके साथ ही हादसे के समय वहां के मौसम की परिस्थितियों की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं. पुलिस का पूरा ध्यान इस बात पर है कि कहीं जानबूझकर सुरक्षा नियमों की अनदेखी तो नहीं की गई थी.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement