scorecardresearch
 

वेनेजुएला में भूकंप का 'डबल अटैक', अब तक 164 की मौत, एक हजार के करीब जख्मी

वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप ने भारी तबाही मचाई है. इस आपदा में अब तक 164 लोगों की मौत हो चुकी है और लगभग 1,000 लोग घायल हुए हैं. कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने बताया कि राजधानी के कई हिस्सों में बिजली और मोबाइल नेटवर्क ठप हो गए हैं.

Advertisement
X
कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने गुरुवार सुबह मरने वालों की ताजा संख्या बताई. (Photo: Reuters)
कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने गुरुवार सुबह मरने वालों की ताजा संख्या बताई. (Photo: Reuters)

वेनेज़ुएला में दो जबरदस्त भूकंप के झटके महसूस किए गए. भूकंप के चलते कम से कम 164 लोगों की मौत हो गई है, लगभग 1,000 लोग घायल हो गए और कई लोग ढही हुई इमारतों के नीचे फंस गए. 

बुधवार शाम को आया 7.2 और 7.5 तीव्रता का भूकंप वेनेजुएला के सबसे ताकतवर भूकंपों में से एक माना जा रहा है. देश के मुख्य एयरपोर्ट को भारी नुकसान पहुंचा है और उसे बंद कर दिया गया है. वहीं, राजधानी कराकास से लगभग 1,700 किलोमीटर (1,050 मील) दूर ब्राजील के अमेज़ॅन तक इमारतों को खाली कराया गया.

घटना के बाद बचावकर्मी मलबे के ढेर के बीच पावर टूल्स का इस्तेमाल करते हुए दिखाई दिए, उन जगहों पर जहां कभी इमारतें हुआ करती थीं.

यह भी पढ़ें: 'हॉरर मूवी जैसा था मंजर', भूकंप के बाद डर से अब तक कांप रहे वेनेजुएला के लोग

कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने गुरुवार सुबह मरने वालों की ताजा संख्या बताई. उन्होंने कहा कि अधिकारी दिन के उजाले का अधिकतम उपयोग कर मलबे के नीचे फंसे लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं. रोड्रिग्ज ने बताया कि दर्जनों इमारतें ढह गई हैं और लोगों की जान बचाने के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

Advertisement

डेल्सी रोड्रिग्ज ने यह भी जानकारी दी कि राजधानी के कुछ हिस्सों में बिजली और सेलफोन नेटवर्क ठप हो गए.

रोड्रिग्ज ने व्यवसायों से अपील की कि वे रेस्क्यू ऑपरेशंस के लिए भारी कंस्ट्रक्शन उपकरण उपलब्ध कराएं. उन्होंने यह भी बताया कि संयुक्त राष्ट्र (UN) से सर्टिफाइड सर्च और रेस्क्यू टीमें वेनेजुएला के रास्ते में हैं.

ऑनलाइन शेयर किए गए एक वीडियो में दर्जनों लोगों का इलाज एक अस्पताल के बाहर होते देखा गया, कुछ लोग जमीन पर लेटे थे तो कुछ अस्पताल के बेड पर.

कराकास के निवासी दो तेज भूकंपों के बाद पूरी तरह सदमे में हैं. भूकंप के दौरान लोग हिलती हुई इमारतों से बाहर भाग खड़े हुए थे. लोगों ने देखा कि दीवारें पूरी तरह तबाह हो चुकी थीं और सड़क से ही घरों का फर्नीचर दिखाई दे रहा था. राजधानी के व्यस्त इलाकों में धूल का गुबार उठता देखा गया.

बुधवार देर रात राष्ट्र के नाम संबोधन में रोड्रिग्ज ने आपातकाल की घोषणा की. उन्होंने कहा कि सरकार भूकंप से क्षतिग्रस्त अस्पतालों और घरों के पुनर्निर्माण के लिए 200 मिलियन अमेरिकी डॉलर का फंड बना रही है और अर्थव्यवस्था व वित्त मंत्रियों को इसकी देखरेख का निर्देश दिया है. इस बीच दुनिया भर के देशों से मदद की पेशकश आने लगी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement