scorecardresearch
 

'ईरान की मिसाइल-ड्रोन ताकत अब खत्म', ट्रंप बोले- तेज करेंगे हमले

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान की मिसाइल और ड्रोन क्षमता काफी कमजोर हो चुकी है और जरूरत पड़ने पर अमेरिका और कड़ी सैन्य कार्रवाई करेगा.

Advertisement
X
ट्रंप ने ईरान को लेकर कहा है कि जरूरत पड़ने पर हमला तेज किया जाएगा. ( File Photo- ITGD)
ट्रंप ने ईरान को लेकर कहा है कि जरूरत पड़ने पर हमला तेज किया जाएगा. ( File Photo- ITGD)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा बयान देते हुए दावा किया कि ईरान के पास अब भी कुछ मिसाइलें मौजूद हैं. ट्रंप ने कहा कि उनकी संख्या अब पहले की तुलना में काफी कम हो गई है. उन्होंने कहा कि ईरान की मिसाइल निर्माण क्षमता और ड्रोन उत्पादन सिस्टम का बड़ा हिस्सा नष्ट कर दिया गया है. ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर जरूरत पड़ी तो ईरान के खिलाफ इससे भी अधिक कड़ी सैन्य कार्रवाई की जा सकती है.

मैरीलैंड स्थित कैंप डेविड में आयोजित कैबिनेट बैठक के दौरान ट्रंप ने कहा कि मौजूदा सैन्य अभियान की तुलना वियतनाम युद्ध से नहीं की जा सकती. उन्होंने दावा किया कि अमेरिका इस अभियान में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है और ईरान की सैन्य ताकत को काफी हद तक कमजोर कर दिया गया है.

जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या अमेरिकी नागरिकों को ईरान की ओर से जवाबी हमलों के लिए तैयार रहना चाहिए, तो इसके जवाब में उन्होंने कहा कि ईरान कुछ समय के लिए थोड़ा मजबूत हो सकता है, लेकिन आखिरी में वह खुद ही कमजोर हो जाएगा. ईरान के साथ संभावित बातचीत पर पूछे गए सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा कि स्टीव, जेडी और मार्को सहित प्रशासन के कई सीनियर अधिकारी इस मामले को देख रहे हैं. ईरान की ओर से बातचीत से इनकार किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि 'वे मुझे सिर्फ नाराज करते हैं.'

Advertisement

इजरायल और गाजा समझौते पर भी बयान

ईरान के साथ जारी तनाव के बीच ट्रंप ने गाजा युद्ध को लेकर भी बयान दिया. उन्होंने दावा किया कि इजरायल गाजा समझौते का समर्थन कर रहा है और हमास को निरस्त्र करने की कोशिशों में भी सहयोग दे रहा है. ट्रंप के अनुसार, कुछ महीने पहले ऐसा समझौता संभव नहीं था, लेकिन ईरान के खिलाफ अमेरिका की कार्रवाई के बाद हालात बदले हैं और यह एक बड़ी उपलब्धि है.

इससे पहले जब उनसे पूछा गया कि क्या अमेरिकी सेना ने ईरान के खिलाफ इससे भी बड़े अभियान का प्रस्ताव दिया था, तो ट्रंप ने कहा कि अमेरिका पहले ही "बड़ा कदम" उठा चुका है. उन्होंने दावा किया कि ईरान के पास अत्याधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम थे, लेकिन वे अमेरिकी सैन्य कार्रवाई को रोकने में पूरी तरह नाकाम रहे. ट्रंप ने कहा कि अमेरिका स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर आगे भी कड़े कदम उठाने के लिए तैयार है.

कैबिनेट की बैठक

शुक्रवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मैरीलैंड स्थित राष्ट्रपति आवास कैंप डेविड में कैबिनेट बैठक की. व्हाइट हाउस के अनुसार, कैंप डेविड से प्रसारित होने वाली यह पहली टेलीविज़न कैबिनेट बैठक थी. ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में कैंप डेविड में आयोजित यह पहली कैबिनेट बैठक भी रही. इससे पहले मई में प्रस्तावित बैठक खराब मौसम के कारण रद्द कर दी गई थी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement