अमेरिका इधर पश्चिम एशिया में ईरान के साथ जंग में उलझा है. हर नए दिन के साथ अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड की ओर से ईरान के नए शहरों, नए सैन्य ठिकानों की लिस्ट जारी की जा रही है जहां बम बरसाए गए. यह युद्ध दुनिया के कई देशों के लिए सिरदर्द साबित हो ही रहा है, खुद अमेरिकी नागरिक भी इसके नकारात्मक प्रभाव यानी महंगाई से जूझ रहे हैं. अमेरिका में महंगाई ने तीन साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है.
मई महीने में महंगाई दर 4.2 प्रतिशत पर पहुंच गई, जो अप्रैल 2023 में 3.8 फीसदी के स्तर पर थी. अमेरिका में महंगाई की मार के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अजीबोगरीब बयान दिया है. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने महंगाई दर चार फीसदी के पार पहुंचने का स्वागत किया है. उन्होंने कहा है कि मुझे महंगाई पसंद है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने साथ ही यह भी दावा किया कि ईरान युद्ध समाप्त होते ही महंगाई दर नीचे आ जाएगी, कीमतें कम हो जाएंगी.
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप मई में महंगाई दर के पिछले तीन वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ने को लेकर पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे. अमेरिकी राष्ट्रपति से यह सवाल भी किया गया था कि क्या बढ़ती महंगाई के कारण नवंबर में होने वाले मिड टर्म इलेक्शन में उनकी पार्टी के नेताओं को नुकसान हो सकता है? उन्होंने महंगाई के इन आंकड़ों की तारीफ की और कहा कि आप जानते हैं कि मुझे वास्तव में क्या पसंद है.
यह भी पढ़ें: 'सही लोग ही अमेरिका आएं, यह पक्का करना है', FIFA वर्ल्ड कप वीजा विवाद पर बोले ट्रंप
ट्रंप के इस बयान की विपक्षी डेमोक्रेट नेताओं ने आलोचना की है. डेमोक्रेटिक सीनेट नेता चक शूमर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि क्या ट्रंप ने सचमुच कैमरे पर कहा है कि उन्हें महंगाई पसंद है. अमेरिका की जनता के लिए उनके (ट्रंप के) तिरस्कार की सीमा नहीं है. हाउस डेमोक्रेटिक नेता हकीम जेफ्रीज ने तंज करते हुए कहा कि हमें आखिरकार ऐसी चीज मिल गई, जिसे ट्रंप उतना ही प्यार करते हैं जितना खुद से.
यह भी पढ़ें: Trump Tension: US में महंगाई का कोहराम... अब क्या करेंगे ट्रंप? ईरान युद्ध बना सिरदर्दी
ओहायो से डेमोक्रेट सांसद एमिलिया साइक्स ने तो ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट से पूछ लिया कि क्या उनको भी महंगाई पसंद है? इसके जवाब में अमेरिकी ऊर्जा मंत्री ने कहा कि मुझे ईरान की परमाणु हथियार बनाने की क्षमता समाप्त करना पसंद है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि कम महंगाई को प्राथमिकता दूंगा. ट्रंप की टिप्पणी को लेकर पूछे जाने पर राइट ने इसे मनोरंजक टिप्पणी बताया और कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने मजबूत नेतृत्व दिखाया है.