ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच सोमवार को ईरान के विभिन्न हिस्सों में अमेरिकी हमलों के दावे सामने आए हैं. ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी फार्स के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी प्रांत पूर्वी अज़रबैजान के शहर तबरीज़ में हुए एक अमेरिकी हमले में ईरानी सैन्य अधिकारी महदाद पशाए की मौत हो गई.
एजेंसी के अनुसार, यह हमला सोमवार को हुआ. इसी बीच, ईरान के दक्षिण-पूर्वी शहर मिर्जावेह में सुन्नी धर्मगुरु और शुक्रवार की नमाज के इमाम मोहम्मद अनवर रिगी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी. स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह हमला रात के समय हुआ. हालांकि, इस घटना के पीछे किसका हाथ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
दूसरी ओर, दक्षिण-मध्य ईरान के शिराज क्षेत्र में भी अमेरिकी हवाई हमले का दावा किया गया है. वहीं ईरान के सरकारी चैनल प्रेस टीवी ने रिपोर्ट दी है कि मध्य ईरान के खोमैन शहर स्थित एक औद्योगिक प्रतिष्ठान पर भी अमेरिका ने हमला किया है. इन हमलों के संबंध में अमेरिकी प्रशासन की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कड़ा संदेश जारी करते हुए कहा कि "हर बार जब ईरान किसी अमेरिकी सैनिक की हत्या करेगा, तो उसे उसकी कई गुना बड़ी कीमत चुकानी होगी." ट्रंप ने कहा कि इस संबंध में उन्होंने रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन डेनियल कैन और अमेरिकी सैन्य नेतृत्व को आवश्यक निर्देश दे दिए हैं.
ईरान की ओर से अमेरिकी हमलों के दावों और ट्रंप की चेतावनी के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है. फिलहाल दोनों देशों की ओर से इन घटनाओं पर विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है.