scorecardresearch
 

खत्म नहीं हो रहा ट्रंप का बड़बोलापन... पहले कहा मैं लड़ता तो जीतता जरूर, अब कहा- मेरी हार के कारण शेयर बाजार गिरा

ट्रंप ने मिड टर्म चुनाव में डेमोक्रेट्स की जीत के बाद शेयर बाजार में आई भारी गिरावट के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया है. ट्रंप ने कहा कि बाजार गिरने से लोगों के 401(k) रिटायरमेंट खातों में जमा रकम भी कम हुई है. गुरुवार को नैस्डैक 100 में 6.4 फीसदी की गिरावट आई और बाजार की करीब 2.3 ट्रिलियन डॉलर की वैल्यू घट गई.

Advertisement
X
 शेयर बाजार में आई भारी गिरावट के लिए ट्रंप ने डेमोक्रेट्स की जीत को जिम्मेदार ठहराया है. (File Photo-Reuters)
शेयर बाजार में आई भारी गिरावट के लिए ट्रंप ने डेमोक्रेट्स की जीत को जिम्मेदार ठहराया है. (File Photo-Reuters)

डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में बड़ा झटका लगा. दरअसल, डेमोक्रेट्स ने संसद के दोनों सदनों में जीत हासिल की है. इसके बाद से ट्रंप लगातार अपने बयानों को लेकर चर्चा में हैं. पहले उन्होंने कहा था कि अगर वह खुद चुनाव लड़ते तो बड़े अंतर से जीतते. अब उन्होंने शेयर बाजार में आई भारी गिरावट के लिए भी डेमोक्रेट्स को जिम्मेदार ठहराया है.

ट्रंप ने कहा कि चुनाव में डेमोक्रेट्स की जीत के बाद शेयर बाजार को बड़ा नुकसान हुआ है. उन्होंने दावा किया कि इस गिरावट का असर आम अमेरिकियों की बचत पर भी पड़ा है. सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए उन्होंने डेमोक्रेट्स पर निशाना साधा.

'डेमोक्रेट्स की जीत से शेयर बाजार में गिरावट'

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि चुनाव नतीजों के बाद शेयर बाजार का दिन इतिहास के सबसे खराब दिनों में शामिल रहा. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने बाजार को अब तक के ऊंचे स्तर तक पहुंचाने के लिए काफी मेहनत की थी. लेकिन चुनाव के नतीजों ने सब बदल दिया.

ट्रंप ने आगे लिखा कि शेयर बाजार में गिरावट के कारण लोगों के 401(k) रिटायरमेंट खातों में जमा रकम भी कम हुई है. उन्होंने इसके लिए रिपब्लिकन को जिम्मेदार मानने से इनकार किया. ट्रंप ने कहा कि यह डेमोक्रेट्स की वजह से हुआ है. उन्होंने भरोसा जताया कि अमेरिका जल्द फिर से पहले से ज्यादा मजबूत होगा.

Advertisement

एक दूसरे पोस्ट में ट्रंप ने लिखा कि शेयर बाजार इसलिए गिरा क्योंकि मंगलवार को डेमोक्रेट्स ने बड़ी जीत हासिल की. उन्होंने कहा कि इसके लिए डेमोक्रेट्स खुद जिम्मेदार हैं.

'मैं चुनाव लड़ता तो बड़े अंतर से जीतता'

इससे पहले ट्रंप ने मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि वह खुद चुनाव मैदान में नहीं थे. अगर वह चुनाव लड़ते तो बड़े अंतर से जीतते. उन्होंने लिखा था कि अगर उनका नाम बैलेट पर होता तो रिपब्लिकन पार्टी की जीत भारी अंतर से होती.

अब ट्रंप ने शेयर बाजार की गिरावट को भी चुनावी नतीजों से जोड़ दिया है. हालांकि, बाजार में गिरावट के पीछे AI कंपनियों पर संभावित सख्त नियमों और टेक सेक्टर में निवेश को लेकर चिंता जैसे कारण भी बताए जा रहे हैं.

चुनावी नतीजों के बाद टेक शेयरों में बड़ी गिरावट

दरअसल, अमेरिका के शेयर बाजार में गुरुवार को भी गिरावट जारी रही. डेमोक्रेट्स की जीत के बाद निवेशकों को डर है कि अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी कंपनियों पर सख्त नियम लागू हो सकते हैं. डेटा सेंटर बनाने पर भी नए नियम लगाए जा सकते हैं.

इस आशंका का असर बड़ी टेक कंपनियों और चिप बनाने वाली कंपनियों के शेयरों पर पड़ा. ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, नैस्डैक 100 इंडेक्स में 6.4 फीसदी की गिरावट आई. मार्च 2020 के बाद यह इसका सबसे खराब कारोबारी दिन रहा. इस गिरावट से बाजार की करीब 2.3 ट्रिलियन डॉलर की कीमत कम हो गई.

Advertisement

यह भी पढ़ें: US Result Impact: ट्रंप हार गए... अब नहीं चलेगी मनमानी? चीन-भारत समेत इन 7 बड़े देशों के बाजारों में 'जश्न'

शेयर बाजार में गिरावट के बीच निवेशकों ने सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख किया. अमेरिकी सरकारी बॉन्ड की मांग बढ़ी. इसके चलते अलग-अलग अवधि वाले अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड की यील्ड में 12 बेसिस पॉइंट तक की गिरावट दर्ज की गई.

फिलाडेल्फिया सेमीकंडक्टर इंडेक्स भी 12 फीसदी गिर गया. निवेशकों को चिंता है कि AI के क्षेत्र में कंपनियां जिस बड़े पैमाने पर पैसा लगा रही हैं, क्या लंबे समय तक यह निवेश जारी रह पाएगा.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement