तेलंगाना के खम्मम जिले की रहने वाली महिला की अमेरिका में मौत हो गई. शुक्रवार को न्यूयॉर्क के अल्बानी में दिल का दौरा पड़ने के कारण उसकी मौत हौत हो गई. परिवार ने बताया कि वह टहलते समय अचानक गिर पड़ी और अस्पताल में मृत घोषित कर दी गई. परिवार शोक में डूबा है और महिला के पार्थिव शरीर को भारत वापस लाने की व्यवस्था कर रहा है.
महिला की पहचान 25 वर्षीय नल्लामाला अक्षिता के रूप में हुई है. अक्षिता, खम्मम चैंबर ऑफ कॉमर्स से जुड़े कारोबारी नल्लामाला आनंद की बेटी थी. वह आगे की पढ़ाई करने के लिए अमेरिका गई थी. हाल ही में, उसने मास्टर ऑफ साइंस की पढ़ाई पूरी की थी. परिवार के मुताबिक, उसे नौकरी भी मिल गई थी और वह काम शुरू करने की तैयारी में ही थी.
परिवार ने बताया कि रात को खाना खाने के बाद अक्षित बाहर टहल रही थी. इसी दौरान वह अचानक गिर पड़ी. उसके भाई अक्षय और अन्य लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया.
यह भी पढ़ें: खाटू श्याम जी के दर्शन कर लौट रहे थे 6 दोस्त, हाईवे पर फटा कार का टायर, खाई में गिरने से 4 की मौत
अक्षिता की आकस्मित मौत से परिवार में शोक की लहर है. ममता रोड इलाके में रहने वाले उसके परिवार और परिचितों में दुख का माहौल है. व्यापार जगत से जुड़े लोगों और स्थानीय नेताओं ने परिवार के प्रति संवेदना जताई है. परिवार के सदस्य अक्षिता के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए भारत वापस लाने की व्यवस्था कर रहे हैं.