scorecardresearch
 

दिल्ली मेट्रो में सरकार विरोधी पोस्टर से हड़कंप, FIR दर्ज, जांच में जुटी स्पेशल सेल

दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर दो सरकार विरोधी पोस्टर मिलने के बाद पुलिस ने FIR दर्ज की है. पोस्टरों में सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए गए थे और QR कोड के जरिए ऑनलाइन ग्रुप से जुड़ने का निमंत्रण दिया गया था.

Advertisement
X
दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर सरकारी विरोधी पोस्टर मिले. (File Photo)
दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर सरकारी विरोधी पोस्टर मिले. (File Photo)

दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर सरकारी विरोधी पोस्टर मिलने का मामला सामने आया है. मेट्रो के अंदर दो पोस्टर चिपकाए गए थे, जिनमें सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए गए थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और मेट्रो रेलवे एक्ट, 2002 के तहत FIR दर्ज की है. 

दिल्ली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पोस्टरों में पिछले कुछ सालों में देश में हुए बदलावों को लेकर कई दावे किए गए थे. पोस्टर पर QR कोड भी मिला जिसके जरिए लोगों को एक ऑनलाइन ग्रुप से जुड़ने का निमंत्रण दिया गया था. पुलिस ने दोनों पोस्टर को जब्त किया है. इस मामले की जांच में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल भी शामिल हो गई है. 

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर एक ट्रेन के अंदर सरकार के कामकाज पर सवाल उठाते हुए दो पोस्टर लगे थे. पुलिस ने इन पोस्टरों को जब्त कर लिया है. FIR के मुताबिक, यह मामला 20 अक्टूबर का है. यह घटना तब सामने आई जब दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के ट्रेन ऑपरेटर तरुण चौधरी एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर अपनी ड्यूटी कर रहे थे.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 'थप्पड़ मारा और फर्श पर पटका...', दिल्ली मेट्रो में सीट के झगड़े में जान गंवा बैठा शख्स, दो पर केस दर्ज

तरुण चौधरी शाम तकरीबन 6:50 बजे नई दिल्ली स्टेशन से यशोभूमि स्टेशन के लिए रवाना हुए थे. ट्रेन शाम करीब 7:15 बजे अपनी मंजिल पर पहुंची. FIR में कहा गया है कि केबिन के अंदर से ट्रेन का निरीक्षण करते समय उन्होंने एक सीट पर चिपके हुए दो पोस्टर देखे. 

चौधरी का कहना है कि उन्होंने उन पोस्टर्स को हटाया और अपने वरिष्ठ अधिकारियों और ऑपरेशंस कंट्रोल सेंटर को इसकी सूचना दी. इसके बाद उन्हें ये पोस्टर द्वारका सेक्टर 21 के स्टेशन कंट्रोलर को सौंपने के लिए कहा गया. बाद में पुलिस को इसकी सूचना दी गई. सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल पोस्टर्स चिपकाने वाले व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement