
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने पाकिस्तान एयरफोर्स (PAF) के खुफिया निदेशालय के ग्रुप कैप्टन असीम तारिक की गोली मारकर हत्या कर दी. हमलावरों ने एयर हेडक्वार्टर और एयर यूनिवर्सिटी के पास शाहीन चौक इलाके में इस वारदात को अंजाम दिया.
पाकिस्तान एयरफोर्स (PAF) के मुताबिक, ये घटना 5 जुलाई 2026 को हुई. शाहीन चौक के पास एक मोटरसाइकिल सवार ने एक महिला का अपहरण करने की कोशिश की. ये महिला उस मोटरसाइकिल सवार की दफ्तर की सहकर्मी थी.
उसी रास्ते से गुजर रहे ग्रुप कैप्टन असीम तारिक ने जब इस घटना को देखा, तो वो तुरंत उस महिला की मदद के लिए आगे बढ़े और उन्होंने मोटरसाइकिल सवार को रोकने की कोशिश की.


बहस के बाद शूटर ने मारी गोली
महिला को बचाने की कोशिश के दौरान मोटरसाइकिल सवार और ग्रुप कैप्टन असीम के बीच बहस शुरू हो गई. विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अचानक एक हैंडगन निकाली और ग्रुप कैप्टन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इस गोलीबारी में ग्रुप कैप्टन असीम तारिक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही शहीद हो गए.
वारदात को अंजाम देने के बाद शूटर अपनी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गया. इसके बाद पुलिस ने पीड़ित महिला का बयान दर्ज किया. महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी कोई अजनबी नहीं था, बल्कि उसके ही ऑफिस का सहकर्मी था.

महिला को सुनसान जगह ले जा रहा था आरोपी
महिला के मुताबिक, आरोपी ने पहले उसे ऑफिस से लिफ्ट देने की पेशकश की थी. महिला उसकी बात मानकर गाड़ी पर बैठ गई. लेकिन रास्ते में अचानक आरोपी ने गाड़ी का रूट बदल दिया और उसे किसी सुनसान जगह ले जाने लगा.
यह भी पढ़ें: दिल्ली में महिला की हत्या... पति ने एक्साइड बैट्री से पीट-पीटकर मारा, फिर खुद भी दे दी जान
जब महिला ने इसका विरोध किया, तो दोनों के बीच बहस होने लगी और आरोपी जबरन उसका अपहरण करने की कोशिश करने लगा. इसी दौरान वहां से गुजर रहे ग्रुप कैप्टन ने महिला की चीख-पुकार सुनी और उसे बचाने के लिए कूद पड़े.