scorecardresearch
 

किम जोंग के साथ फिर दिखीं उनकी बेटी, रॉकेट लॉन्च ड्रिल का किया निरीक्षण

नॉर्थ कोरियाई नेता किम जोंग उन ने 12 अल्ट्रा-प्रिसिजन रॉकेट लॉन्चरों का लाइव-फायर टेस्ट किया. इस दौरान उनके साथ उनकी बेटी किम जू ऐ भी मौजूद रहीं. इस अभ्यास का मकसद दुश्मनों को दहलाना और सामरिक परमाणु हथियारों की ताकत दिखाना है.

Advertisement
X
किम जोंग की बेटी 13 साल की है. (Photo: Reuters)
किम जोंग की बेटी 13 साल की है. (Photo: Reuters)

मिडिल ईस्ट में जंग जारी है और इस बीच नॉर्थ कोरियाई नेता किम जोंग उन अलग तैयारी में दिख रहे हैं. उन्होंने अपनी बेटी के साथ मिलकर एक बड़े सैन्य अभ्यास का निरीक्षण किया. स्टेट मीडिया ने रविवार को बताया कि इस दौरान कई रॉकेट लॉन्च सिस्टम का लाइव-फायर टेस्ट किया गया.

कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (KCNA) के मुताबिक, किम जोंग उन ने शनिवार को उत्तर कोरिया के पूर्वी तट पर 600mm कैलिबर के 12 अल्ट्रा-प्रिसिजन रॉकेट लॉन्चरों के स्ट्राइक ड्रिल को देखा. 

साउथ कोरियाई सेना ने भी पुष्टि की थी कि उन्होंने राजधानी प्योंगयांग के पास से पूर्वी सागर की ओर लगभग 10 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी जाती देखीं. साउथ कोरिया की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने इन लॉन्चों की कड़ी निंदा की.

दुश्मन को दहलाने वाला बयान

KCNA के मुताबिक, किम जोंग उन ने इस ड्रिल को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाया. उन्होंने कहा कि ये अभ्यास 420 किलोमीटर की मारक क्षमता के भीतर मौजूद दुश्मनों को बेचैनी में डाल देगा. उनका इशारा साउथ कोरिया और वहां तैनात अमेरिकी सैनिकों की तरफ था.

'दुश्मन का सैन्य बुनियादी ढांचा कभी जिंदा...'

किम जोंग उन ने हथियारों की ताकत पर जोर देते हुए कहा, 'अगर इस हथियार का इस्तेमाल किया जाता है, तो इसकी मारक क्षमता के भीतर दुश्मन का सैन्य बुनियादी ढांचा कभी जिंदा नहीं रह सकता.' उन्होंने ये भी कहा कि इस ड्रिल से दुश्मनों को सामरिक परमाणु हथियारों की विनाशकारी शक्ति की गहरी समझ मिलेगी.

Advertisement

किम जोंग उन के साथ फिर नजर आईं उनकी बेटी

इस सैन्य अभ्यास की तस्वीरों में किम जोंग उन के साथ उनकी बेटी किम जू ऐ भी नजर आईं. रिपोर्ट के मुताबिक उनकी उम्र करीब 13 साल है. वो जैतून-हरे रंग के बड़े लॉन्च ट्रकों के पास अपने पिता के साथ टहलती और हथियारों के परीक्षण को देखती दिखीं.

2022 के अंत से ही किम जू ऐ अक्सर मिसाइल परीक्षणों और सैन्य परेडों में अपने पिता के साथ दिख रही हैं. कहा जाता है कि उन्हें उनके पिता के उत्तराधिकारी के तौर पर तैयार किया जा रहा है.

'फ्रीडम शील्ड' के जवाब में नॉर्थ कोरिया का परीक्षण

विशेषज्ञों का कहना है कि नॉर्थ कोरिया के ये बड़े रॉकेट लॉन्चर तोपखाने और बैलिस्टिक मिसाइलों के बीच के अंतर को खत्म कर देते हैं. ये खुद को निर्देशित कर सकते हैं और परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम हैं. ये परीक्षण अमेरिका और साउथ कोरिया के वार्षिक 'फ्रीडम शील्ड' सैन्य अभ्यास के जवाब में देखा जा रहा है, जो 19 मार्च तक चलेगा. 

यह भी पढ़ें: ईरान-इजरायल जंग के बीच उत्तर कोरिया ने दागीं 10 बैलिस्टिक मिसाइलें! अलर्ट हुए पड़ोसी देश

नॉर्थ कोरिया इन अभ्यासों को हमले की तैयारी मानता है और अक्सर मिसाइल परीक्षणों के जरिए अपनी प्रतिक्रिया देता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement