नेपाल में अगले प्रधानमंत्री के चुनाव के लिए वोटिंग के एक दिन बाद देश इतिहास रचने जा रहा है. रैपर से नेता बने बालेन शाह प्रधानमंत्री बनने की राह पर हैं. नेपाल की सियासत में उभरते चेहरे बालेन शाह अक्सर भारत को लेकर अपने बयानों और फैसलों की वजह से चर्चा में रहे हैं. काठमांडू के मेयर बनने के बाद बालेन ने कई ऐसे कदम उठाए, जिन्हें भारत के खिलाफ सख्त रुख के तौर पर देखा गया.
सबसे बड़ा विवाद तब हुआ, जब उन्होंने अपने दफ्तर में ‘ग्रेटर नेपाल’ का नक्शा लगवाया, जिसमें उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल समेत भारत के कई इलाकों को नेपाल का हिस्सा दिखाया गया था. यह नक्शा भारत की नई संसद में लगे ‘अखंड भारत’ के भित्तिचित्र के जवाब के तौर पर देखा गया.
बालेन शाह के इस कदम ने भारत-नेपाल संबंधों पर नई बहस छेड़ दी थी. इसके अलावा उन्होंने फिल्म ‘आदिपुरुष’ के एक डायलॉग को लेकर काठमांडू में हिंदी फिल्मों की स्क्रीनिंग पर रोक लगाने की चेतावनी भी दी थी.
भारत को लेकर क्या सोचते हैं बालेन?
ऐसे में सवाल उठता है कि भारत को लेकर बालेन शाह का रुख आखिर कैसा रहा है और ‘ग्रेटर नेपाल’ वाले विवाद में उन्होंने यूपी-बिहार और बंगाल को नेपाल का हिस्सा क्यों बताया था.
जून 2023 में काठमांडू के मेयर बालेंद्र शाह ने अपने ऑफिस में नेपाल का नया मैप लगाया, जिस पर भारत ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई थी. इस मैप में भारत के कई राज्यों के कुछ हिस्सों को 'ग्रेटर नेपाल' का हिस्सा बताया गया था. बालेन शाह ने ग्रेटर नेपाल का यह मैप भारत के एक मैप से खुन्नस खाकर अपने ऑफिस में लगाया था. बालेन शाह ने 'ग्रेटर नेपाल' का मैप भारत की नई संसद भवन में लगे 'अखंड भारत' के नक्शे के जवाब में लगाया था.
यह भी पढ़ें: रैपर, मेयर और अब पीएम... कैसे बालेन शाह नेपाल में सत्ता की सीढ़ियां चढ़ते चले गए
बॉलीवुड फिल्मों का बॉयकॉट
जून 2023 में बालेंद्र शाह ने बॉलीवुड फिल्मों को निशाने पर लिया था. प्रभास, कृति सैनन और सैफ अली खान स्टारर फिल्म 'आदिपुरुष' की रिलीज से यह विवाद शुरू हुआ था. फिल्म में एक डायलॉग है- 'सीता भारत की बेटी हैं.' इस पर बालेन भड़क गए और उन्होंने इसे नेपाल की सांस्कृतिक पहचान पर हमला बता दिया था. ऐसी भी कई मान्यताएं हैं कि सीता का जन्म नेपाल के दक्षिण-पूर्व स्थित जनकपुर में हुआ था.
फिल्म के डायलॉग को लेकर बालेन शाह ने कहा था कि जब तक फिल्म से डायलॉग नहीं हटाया जाता, काठमांडू में आदिपुरुष ही नहीं बल्कि कोई भी भारतीय फिल्म नहीं दिखाई जाएगी.