पाकिस्तान में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर के बड़े भाई मोहम्मद ताहिर अनवर की मौत हो गई है. उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. इस पूरे घटनाक्रम पर रहस्य बना हुआ है.
जानकारी के अनुसार, ताहिर अनवर जैश-ए-मोहम्मद में अहम भूमिका निभाता था. वह लंबे समय से संगठन से जुड़ा हुआ था. उसकी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी रखता था. सूत्रों का कहना है कि संगठन के अंदर उसकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती थी.
इस बीच, उसके अंतिम संस्कार को लेकर भी जानकारी सामने आई है. बताया गया है कि ताहिर अनवर का जनाजा सोमवार की रात उठेगा. ईशा की नमाज़ के बाद रात करीब 11:30 बजे बहावलपुर स्थित जामिया मस्जिद उस्मान वली में नमाज-ए-जनाजा अदा किया जाएगा.
इसकी जानकारी जैश के आधिकारिक चैनल के जरिए साझा की गई है. इसके साथ ही बड़ी संख्या में लोगों से जनाजे में शामिल होने की अपील भी की गई है. हालांकि, इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल अब भी बना हुआ है कि ताहिर अनवर की मौत आखिर कैसे हुई.
गौरतलब है कि जैश-ए-मोहम्मद और मसूद अजहर का नाम भारत में कई बड़े आतंकी हमलों से जुड़ा रहा है. ये हमले सुरक्षा, राजनीति और भारत-पाक संबंधों पर गहरा असर डाल चुके हैं.
प्रमुख आतंकी घटनाएं इस प्रकार हैं...
1. भारतीय संसद पर हमला
तारीख: 13 दिसंबर 2001
स्थान: दिल्ली
क्या हुआ था: पाकिस्तान प्रायोजित पांच आतंकियों ने संसद भवन पर हमला किया था.
2. पठानकोट एयरबेस हमला
तारीख: जनवरी 2016
स्थान: पंजाब
क्या हुआ: 6 आतंकियों ने भारतीय वायुसेना के पठानकोट एयरबेस पर हमला किया था.
3. उरी हमला
तारीख: सितंबर 2016
स्थान: जम्मू-कश्मीर
क्या हुआ: सेना के कैंप पर हमला हुआ था. इसमें 19 सैनिक शहीद हो गए थे.
4. पुलवामा हमला
तारीख: 14 फरवरी 2019
स्थान: जम्मू-कश्मीर
क्या हुआ: CRPF काफिले पर आत्मघाती हमला हुआ था. इसमें 40 जवान शहीद हो गए थे.