अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनकी भारतीय मूल की पत्नी उषा वेंस के घर खुशियों ने दस्तक दी है. रविवार सुबह उषा वेंस एक बेटे का जन्म दिया. उपराष्ट्रपति ने खुद सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर इस खुशखबरी साझा किया.
वेंस परिवार ने अपने चौथे बच्चे का नाम एलेक नील वेंस रखा है. इस जन्म के साथ ही उषा वेंस ने अमेरिकी इतिहास में एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. वह 1870 के दशक के बाद से पिछले 150 से अधिक वर्षों में पहली ऐसी महिला बन गई हैं, जिन्होंने अपने पति के उपराष्ट्रपति पद पर रहते हुए किसी बच्चे को जन्म दिया है.
41 वर्षीय उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर करते हुए लिखा, "हमें यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि आज सुबह हमारे घर एक प्यारे से बेटे, एलेक नील वेंस का जन्म हुआ है. उषा और बच्चा दोनों पूरी तरह से खुश और स्वस्थ हैं. हमारे बाकी बच्चे अपने नन्हे छोटे भाई से मिलने के लिए बेहद उत्साहित और खुश हैं."
जेडी वेंस ने इस सफल डिलीवरी के लिए वाशिंगटन स्थित वाल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर के सैन्य डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ का सहदिल से आभार व्यक्त किया है. उषा और जेडी वेंस के पहले से तीन बच्चे हैं, जिनके नाम इवान, विवेक और मिराबेल हैं, जिनकी उम्र 4 से 9 साल के बीच है.
यह भी पढ़ें: 'मेरे बच्चों ने सफेद दाढ़ी-बाल देखकर PM मोदी को दादा मान लिया', उषा वेंस ने सुनाए भारत यात्रा के मजेदार किस्से
जब वेंस ने बताया था कैसे मनाया पत्नी को
इस साल मार्च में मिशिगन में एक व्हाइट हाउस इवेंट के दौरान जेडी वेंस ने हल्के-फुल्के अंदाज में अपनी पत्नी को चौथे बच्चे के लिए मनाने का एक मजेदार किस्सा साझा किया था. वेंस ने कहा था, "मुझे याद है जब हमने उपराष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ने का फैसला किया था, तब मैंने उषा से कहा था कि डार्लिंग, मैं सच में एक चौथा बच्चा चाहता हूं. इस पर उषा ने कहा था कि ठीक है, या तो तुम देश के उपराष्ट्रपति बन सकते हो या फिर चौथा बच्चा पैदा कर सकते हो (दोनों एक साथ नहीं हो सकता). लेकिन, मैं अपनी बात मनवाने में काफी माहिर हूं, क्योंकि आज मेरे पास दोनों हैं."
बाद में उषा वेंस ने भी एक इंटरव्यू में इस बात की पुष्टि की थी कि बेटी के जन्म के बाद उन्हें लगा था कि उनका परिवार पूरा हो गया है, लेकिन बाद में वह भी चौथे बच्चे की संभावना को लेकर उत्साहित थीं और उन्होंने इसके लिए हामी भर दी.
भारतीय मूल की हैं उषा वेंस
गौरतलब है कि सेकंड लेडी उषा वेंस का जन्म और पालन-पोषण कैलिफोर्निया के सैन डिएगो में हुआ था. उनके माता-पिता भारत से अमेरिका जाकर बस गए थे, जहां उनके पिता एक मैकेनिकल इंजीनियर और मां एक मॉलिक्यूलर बायोलॉजिस्ट हैं. उषा और जेडी वेंस की मुलाकात साल 2010 में येल लॉ स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी, जिसके बाद दोनों ने शादी कर ली.