scorecardresearch
 

अमेरिका में दर्दनाक हादसा: चट्टान से फिसलकर समुद्र में गिरी कार, भारतीय मूल की छात्रा की मौत

अमेरिका में भारतीय मूल की 19 वर्षीय UC Santa Cruz छात्रा एल्ली रेनी सिंह की कार के चट्टान से प्रशांत महासागर में गिरने से मौत हो गई. हादसे में कार चला रहा पुरुष साथी मामूली चोटों के साथ बच गया. हादसा 13 अगस्त को सांता क्रूज के वेस्ट क्लिफ ड्राइव पर स्टीमर लेन के पास हुआ.

Advertisement
X
नई academic year के लिए UC Santa Cruz लौटने की तैयारी कर रही थी एल्ली रेनी सिंह.  (Image: Facebook/@monica.singhsalazar.3)
नई academic year के लिए UC Santa Cruz लौटने की तैयारी कर रही थी एल्ली रेनी सिंह. (Image: Facebook/@monica.singhsalazar.3)

अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, सांता क्रूज की भारतीय मूल की 19 वर्षीय छात्रा की कार के चट्टान से फिसलकर प्रशांत महासागर में गिरने से मौत हो गई. रिपोर्ट के अनुसार, वह तीसरे वर्ष की पढ़ाई शुरू करने की तैयारी कर रही थी.

 मृतक की पहचान एल्ली रेनी सिंह के तौर पर हुई है. हादसा गुरुवार सुबह सांता क्रूज के मशहूर वेस्ट क्लिफ ड्राइव पर स्टीमर लेन के पास हुआ. परिवार के सदस्यों के मुताबिक, कार एक पुरुष साथी चला रहा था और इसी दौरान वह चट्टान से नीचे समुद्र में जा गिरी. हादसा 13 अगस्त को स्थानीय समयानुसार रात करीब 12:50 बजे हुआ.

कार के समुद्र में गिरने के बाद इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंचीं. सांता क्रूज फायर डिपार्टमेंट की सभी पांच यूनिट, सेंट्रल फायर डिस्ट्रिक्ट की तीन यूनिट, स्कॉट्स वैली फायर के एक बटालियन चीफ और सांता क्रूज पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान चलाया.

 ड्राइवर हादसे में बचा

रेस्क्यू स्विमर्स ने डूबी हुई कार में फंसी एल्ली सिंह तक पहुंचने की कोशिश की. रिपोर्ट के मुताबिक, पुरुष ड्राइवर बाहर निकलने में कामयाब रहा और उसे मामूली चोटें आईं. मौके की तस्वीरों में लाल रंग की कार को रेस्क्यू क्रेन की मदद से प्रशांत महासागर से बाहर निकालते हुए देखा गया. तेज लहरों और नीचे चट्टानों के कारण बचाव अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा. हादसा ऐसे तटीय इलाके में हुआ, जहां ऊंची चट्टानें, तेज सर्फ और समुद्र की खतरनाक स्थिति रहती है.

Advertisement

एल्ली सिंह की मौत से उनके परिवार और दोस्तों में शोक है. वह नए शैक्षणिक वर्ष के लिए UC Santa Cruz लौटने की तैयारी कर रही थीं. उनकी आंटी मोनिका सिंह-स्ट्रोहमायर ने फेसबुक पर इसकी जानकारी साझा की. यूनिवर्सिटी पुलिस को जब पता चला कि हादसे में जान गंवाने वाली छात्रा UC Santa Cruz की छात्रा थीं, तो यूनिवर्सिटी की ओर से भी प्रतिक्रिया दी गई. यूनिवर्सिटी के प्रवक्ता स्कॉट हर्नांडेज-जेसन ने छात्रा के परिवार और दोस्तों के प्रति संवेदना जताई और कहा कि इस हादसे से प्रभावित लोगों को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है.

खतरनाक है कैलिफोर्निया का तट

वेस्ट क्लिफ ड्राइव सांता क्रूज के सबसे लोकप्रिय तटीय इलाकों में से एक है. यहां पूरे साल पर्यटक, सर्फर्स और दर्शक आते हैं. हादसे वाली जगह स्टीमर लेन अपने सर्फ ब्रेक और प्रशांत महासागर के खूबसूरत नजारों के लिए खास तौर पर जानी जाती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement