scorecardresearch
 

पति का पेट 35 सेंटीमीटर तक चीर डाला, बाहर निकली आंतें बैग में भर रही थी पत्नी, कुरुक्षेत्र की वारदात से सनसनी

कुरुक्षेत्र में पति की हत्या के मामले ने सनसनी फैला दी है. आरोप है कि पत्नी ने राजेश पर चाकुओं से कई वार किए और उसका पेट करीब 35 सेंटीमीटर तक चीर दिया. बाहर आई आंतों को वह बैग में भर रही थी, तभी मकान मालिक पहुंच गया. उसे देखकर महिला छत से कूद गई और घायल हो गई.

Advertisement
X
मौके से तीन चाकू बरामद.(Photo: ITG)
मौके से तीन चाकू बरामद.(Photo: ITG)

कुरुक्षेत्र के पिहोवा रोड स्थित राज पैलेस के पास एक मकान में पति की हत्या का बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के धामपुर गांव निवासी राजेश (40) के तौर पर हुई है. आरोप है कि उसकी पत्नी विमला देवी ने उस पर चाकुओं से लगातार कई वार किए. हमले में राजेश का पेट करीब 35 सेंटीमीटर तक बुरी तरह खुल गया.

घटना के बाद मौके का मंजर देखकर मकान मालिक भी दंग रह गया. उसके मुताबिक, राजेश खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था, जबकि उसके पेट से आंतें बाहर निकल चुकी थीं. आरोप है कि विमला उन आंतों को एक बैग में डाल रही थी. इसी दौरान मकान मालिक के पहुंचने पर महिला घबरा गई और उसने छत से नीचे छलांग लगा दी. गिरने से विमला घायल हो गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया.

यह भी पढ़ें: फ्रांस आर्मी में रह चुका था कुरुक्षेत्र का विशु, जर्मनी में चाकू गोदकर हत्या, रक्षाबंधन पर बहन से किया था खास वादा

पोस्टमार्टम में सामने आई वारदात की भयावहता

मृतक के पोस्टमार्टम के दौरान भी इस घटना की गंभीरता सामने आई. जांच में पता चला कि धारदार हथियारों के हमले से राजेश के पेट पर बेहद गहरी चोटें आई थीं और उसका पेट लगभग 35 सेंटीमीटर तक चीर गया था. चोट इतनी गंभीर थी कि आंतें शरीर से बाहर आ गई थीं. पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है.

Advertisement

मकान मालिक रिंकू के अनुसार, राजेश ने करीब एक साल पहले मकान की ऊपरी मंजिल पर कमरा किराए पर लिया था. वह अपनी पत्नी विमला देवी के साथ वहीं रह रहा था. रविवार शाम करीब 5 बजे रिंकू ने दोनों के बीच चीख-पुकार सुनी. आवाज सुनकर वह छत पर पहुंचा तो वहां राजेश की हालत देखकर उसके होश उड़ गए.

रिंकू ने पुलिस को बताया कि जब वह कमरे की ओर बढ़ा तो उसने विमला को राजेश के पेट से बाहर निकली आंतों को बैग में रखते देखा. मकान मालिक को सामने देखकर महिला घबरा गई और छत से नीचे कूद गई. घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई. घायल विमला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस उसके बयान लेने का प्रयास कर रही है.

कुरुक्षेत्र

मौके से तीन चाकू बरामद, पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलने के बाद थर्ड गेट प्रभारी सतीश गौड़ और केयूके प्रभारी सुरेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से छोटे-बड़े तीन चाकू बरामद किए. टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. हत्या में इस्तेमाल हथियारों और घटनास्थल की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है.

Advertisement

मकान मालिक के मुताबिक, विमला झाड़-फूंक का काम भी करती थी. उसने यह भी बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. हालांकि दोनों के बीच किस बात को लेकर तनाव था और हत्या के पीछे तत्काल वजह क्या रही, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है. पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है.

राजेश करीब एक साल से कुरुक्षेत्र में रह रहा था और पिहोवा रोड स्थित पीबी आरओ वाटर ट्रेडिंग कंपनी में वाटर सप्लाई का काम करता था. उसकी शादी विमला देवी से कई साल पहले हुई थी. दंपती के कोई संतान नहीं थी. पुलिस अब दोनों के वैवाहिक संबंधों, पुराने विवादों और वारदात से पहले हुई घटनाओं की जानकारी जुटा रही है.

महिला के बयान के बाद खुलेगा हत्या का असली राज

फिलहाल, विमला अस्पताल में भर्ती है और पुलिस उसके स्वस्थ होने के बाद बयान दर्ज करने की कोशिश कर रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर पति-पत्नी के बीच ऐसा क्या हुआ कि विवाद ने इस खौफनाक वारदात का रूप ले लिया. पुलिस का कहना है कि महिला के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement