scorecardresearch
 

हिंदू मंदिर में मास शूटिंग की साजिश, अमेरिका में आतंक की धमकी देने वाला गिरफ्तार

अमेरिका के इलिनॉय में 19 साल के एलेक्जेंड्रोस पापोराकिस को हिंदू मंदिर पर कथित हमले की साजिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस को उसके घर से राइफल, लोडेड मैगजीन, सैकड़ों कारतूस और श्वेत वर्चस्ववादी विचारधारा से जुड़ी सामग्री मिली है. FBI मामले की जांच कर रही है.

Advertisement
X
19 साल के युवक के घर से राइफल, मैगजीन, कारतूस बरामद किए गए हैं. (Photo- PTI)
19 साल के युवक के घर से राइफल, मैगजीन, कारतूस बरामद किए गए हैं. (Photo- PTI)

अमेरिका में हिंदू मंदिर पर मास शूटिंग की कथित साजिश का मामला सामने आया है. इलिनॉय के पैलेटाइन में रहने वाले 19 साल के युवक एलेक्जेंड्रोस पापोराकिस को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस को शक है कि वह नवरात्रि के दौरान ऑरोरा इलाके में स्थित किसी हिंदू धार्मिक स्थल को निशाना बनाने की योजना बना रहा था. उसपर आतंकी धमकी देने के आरोप भी लगे हैं.

पुलिस ने साफ किया है कि किस मंदिर पर हमला करने की योजना थी, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है. पैलेटाइन पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर को माउंट प्रॉस्पेक्ट पुलिस से संभावित मास शूटिंग की सूचना मिली थी. एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया था कि उसे पापोराकिस की ओर से कुछ चिंताजनक इलेक्ट्रॉनिक संदेश मिले हैं.

यह भी पढ़ें: भारत में ‘एकाधिकार’ का आरोप, अमेरिका में 36.6 करोड़ डॉलर का चुनावी चंदा! सवालों के घेरे में एलन मस्क

जांच में सामने आया कि आरोपी ने कथित तौर पर सामूहिक गोलीबारी की योजना से जुड़ा एक दस्तावेज और राइफल, मैगजीन, बॉडी आर्मर समेत अन्य हथियारों और सामरिक उपकरणों की तस्वीरें साझा की थीं.

राइफल, मैगजीन और कारतूस बरामद

सूचना मिलने के बाद पैलेटाइन और माउंट प्रॉस्पेक्ट पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की. 11 अक्टूबर की शाम आरोपी को उसके घर से निकलते समय हिरासत में ले लिया गया. इसके बाद उसके घर की तलाशी ली गई, जहां से एक राइफल, कई भरी हुई मैगजीन, सैकड़ों कारतूस, सामरिक उपकरण और बॉडी आर्मर वाला एक वेस्ट बरामद हुआ. वेस्ट पर श्वेत वर्चस्ववादी चरमपंथ से जुड़ी तस्वीर वाला पैच भी मिला.

Advertisement

भारतीय के खिलाफ हिंसा करने की मंशा

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी का लिखा एक दस्तावेज मिला, जिसका शीर्षक 'मैंने क्यों लड़ाई लड़ी: A.K.A.: (ऑरोरा शूटर का मैनिफेस्टो)' था. पुलिस के मुताबिक, इसमें श्वेत वर्चस्ववादी और चरमपंथी विचारधारा के साथ दक्षिण एशियाई मूल के लोगों, खासकर भारतीयों के खिलाफ हिंसा का जिक्र था.

टेरर वार्निंग के आरोप

मामले की जांच में FBI का शिकागो कार्यालय भी शामिल है. पुलिस ने आरोपी पर आतंकी धमकी देने और तय सीमा से कम लंबाई वाली बैरल की राइफल रखने के आरोप लगाए हैं. 14 अक्टूबर को सुनवाई के बाद अदालत ने उसे हिरासत में रखने का आदेश दिया. उसकी अगली पेशी 30 अक्टूबर को तय है.

यह भी पढ़ें: अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में ट्रंप का क्या लगा है दांव पर? 10 सवालों में समझिए

ऑरोरा पुलिस ने इलाके के हिंदू धार्मिक स्थलों को संभावित खतरे की जानकारी देकर सतर्क किया है. अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल इस मामले से जुड़ा आम लोगों के लिए कोई सक्रिय खतरा सामने नहीं आया है. जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ अतिरिक्त आरोप भी लगाए जा सकते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement