scorecardresearch
 

जानवरों में पाया जाने वाला वायरस इंसान में मिला, फ्रांस में 'शामोंडा' से एक मरीज की मौत

फ्रांस में पशुओं से फैलने वाले शामोंडा वायरस का पहला मानव संक्रमण सामने आया है, जिसमें एक मरीज की मौत हो गई. स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा है कि फिलहाल आम जनता के लिए कोई खतरा नहीं है. आमतौर पर ये वायरस जानवरों के बीच मिज के काटने से फैलता है, जो एक छोटा मक्खी जैसा कीट होता है.

Advertisement
X
शामोंडा वायरस आमतौर पर भेड़, बकरी और घोड़ों जैसे जानवरों में पाया जाता है. (Representational Image- AP)
शामोंडा वायरस आमतौर पर भेड़, बकरी और घोड़ों जैसे जानवरों में पाया जाता है. (Representational Image- AP)

फ्रांस ने पशुओं में पाए जाने वाले 'शामोंडा वायरस' के पहले मानव संक्रमण की पुष्टि की है. इस खतरनाक वायरस से संक्रमित एक मरीज की मौत हो गई है. हालांकि, स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल आम जनता के लिए इस वायरस से किसी तरह का कोई खतरा नहीं है.

ये आशंका जताई जा रही है कि पीड़ित व्यक्ति को पूर्वी फ्रांस में किसी संक्रमित छोटी मक्खी ने काट लिया था, जिसके जरिए ये वायरस उसके शरीर में पहुंचा. इसी साल वसंत और गर्मियों के मौसम में ये वायरस इस इलाके के पशुओं में बड़े पैमाने पर फैला था.

यूरोपियन सेंटर फॉर डिजीज प्रिवेंशन एंड कंट्रोल (ECDC) ने इस पूरे मामले पर अपनी पैनी नजर बनाए रखी है. ECDC ने अपने एक बयान में कहा, 'संभावित सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रभावों की गंभीरता से जांच करने के लिए ECDC फ्रांसीसी अधिकारियों और यूरोपीय सहयोगियों के साथ लगातार संपर्क में है.'

रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने से संक्रमित हुआ मरीज

ECDC के मुताबिक, इस संक्रमित मरीज की मौत अक्टूबर की शुरुआत में हुई थी. मरीज पहले से ही किसी दूसरी गंभीर बीमारी का इलाज करा रहा था, जिसकी वजह से उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता काफी कमजोर हो चुकी थी और वो आम लोगों की तुलना में इस संक्रमण के प्रति ज्यादा संवेदनशील था. ये फ्रांसीसी मरीज ऐसे क्षेत्र में था जहां शामोंडा वायरस जानवरों में फैल रहा था और जहां क्यूलिकोइड्स मिज भी मौजूद थे.

Advertisement

मेडिकल स्पेशलिस्ट का कहना है कि ये वायरस आमतौर पर पशुओं को अपना शिकार बनाता है, लेकिन इंसानों में इसका मामला सामने आना एक दुर्लभ घटना है. स्वास्थ्य विभाग हालात पर पूरी नजर रखे हुए है और एहतियात के तौर पर सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं ताकि इस संक्रमण के फैलने की कोई भी गुंजाइश न बचे.

कैसे फैलता है शामोंडा वायरस?

ये वायरस पहले सिर्फ जानवरों में पाया जाता था. WHO का कहना है कि शामोंडा वायरस मुख्य रूप से मवेशी, भेड़, बकरी और घोड़ों जैसे जानवरों को प्रभावित करता है. ऐसा माना जाता है कि ये वायरस जानवरों के बीच मिज के काटने से फैलता है, जो एक छोटा मक्खी जैसा कीट होता है. ट्रांसमिशन को पूरी तरह से समझने के लिए आगे के अध्ययन की जरूरत है.

यह भी पढ़ें: कांगो में 7 हजार से ज्यादा लोग इबोला पीड़ित, वायरस नए राज्य में फैला

WHO फ्रांसीसी अधिकारियों के संपर्क में है. अधिकारी पहले मानव रोगी में संक्रमण के स्रोत, संचरण के संभावित मार्गों और सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए किसी भी संभावित खतरे को बेहतर ढंग से समझने के लिए जानकारी जुटा रहे हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement