scorecardresearch
 

बंगाल रिजल्ट पर ट्रंप ने PM मोदी को दी बधाई, जीत को बताया ऐतिहासिक

पश्चिम बंगाल में बीजेपी की यह जीत दर्शाती है कि पार्टी ने पहली बार पश्चिम बंगाल जैसे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य में सत्ता हासिल की है, जहां लंबे समय से तृणमूल कांग्रेस का दबदबा रहा है.

Advertisement
X
ट्रंप ने पीएम मोदी को दी बंगाल जीत की बधाई. (Photo: AP)
ट्रंप ने पीएम मोदी को दी बंगाल जीत की बधाई. (Photo: AP)

पश्चिम बंगाल में बीजेपी की प्रचंड जीत ने सभी को हैरान कर दिया है. 207 सीटों पर बीजेपी की जीत ने तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया. बीजेपी की जीत चर्चा में बनी हुई है. इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को बंगाल जीत की बधाई दी.

व्हाइट हाउस के प्रवक्ता कुश देसाई ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को इस ऐतिहासिक और निर्णायक चुनावी जीत की बधाई दी है. व्हाइट हाउस ने कहा कि पिछले ही महीने फोन पर हुई बातचीत में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए कहा कि भारत भाग्यशाली है कि उसके पास ऐसे नेता हैं.

बंगाल में बीजेपी की यह जीत दर्शाती है कि पार्टी ने पहली बार पश्चिम बंगाल जैसे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य में सत्ता हासिल की है, जहां लंबे समय से तृणमूल कांग्रेस का दबदबा रहा है. ये चुनावी नतीजे ममता बनर्जी के 15 साल के शासन का अंत है और इसे पीएम मोदी के लिए एक बड़ी राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे उनके तीसरे कार्यकाल को और मजबूती मिली है.

इससे पहले दिल्ली में बीजेपी हेडक्वार्टर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि बंगाल की किस्मत में एक नया अध्याय जुड़ गया है. जनता की शक्ति की जीत हुई है और बीजेपी की सुशासन की राजनीति की विजय हुई है. मैं पश्चिम बंगाल के हर एक व्यक्ति को नमन करता हूं.

Advertisement

बता दें कि कई वर्षों तक पश्चिम बंगाल उन गिने-चुने क्षेत्रों में रहा, जहां बीजेपी को अपनी पकड़ मजबूत करने में बड़ी मुश्किल होती थी जबकि उसने भारत के अन्य हिस्सों में तेजी से विस्तार किया. दस करोड़ से अधिक आबादी वाले इस राज्य का मतदाता आधार कई देशों से भी बड़ा है, जिससे यह नतीजा एक सामान्य राज्य चुनाव से कहीं अधिक महत्वपूर्ण बन जाता है.

इस जीत को पीएम मोदी के राजनीतिक सफर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक माना जा रहा है. विश्लेषकों के अनुसार, बंगाल के ये नतीजे किसी अचानक बदलाव के नहीं, बल्कि लंबे समय से चल रही राजनीतिक प्रक्रिया का परिणाम है. बीजेपी पहले ही लगातार चुनावों में खुद को बंगाल में एक मजबूत ताकत के रूप में स्थापित कर चुकी थी.

हालांकि, बंगाल की पारंपरिक राजनीति में दिखने वाले मजबूत जमीनी संगठन की कमी के बावजूद पार्टी ने अपने संगठनात्मक दायरे से बाहर भी समर्थन आधार बढ़ाने में सफलता हासिल की. ये नतीजे वोटर्स के व्यवहार में बदलाव की ओर भी संकेत करते हैं.  

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement