अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को मैरीलैंड स्थित जॉइंट बेस एंड्रयूज में नए अस्थायी एयर फोर्स वन का उद्घाटन किया. यह विमान कतर की तरफ से अमेरिका को उपहार में दिया गया है और इसकी कीमत करीब 400 मिलियन डॉलर यानी लगभग 37 अरब रुपये बताई जा रही है.
नए विमान को VC-25B नाम दिया गया है. लाल, सफेद, गहरे नीले और सुनहरे रंग की विशेष डिजाइन वाले इस विमान को दुनिया के सबसे शानदार विमानों में से एक माना जा रहा है. उद्घाटन के दौरान ट्रंप ने कतर के अमीर का धन्यवाद करते हुए कहा, "वह शानदार इंसान हैं. उन्होंने पिछले कुछ महीनों में काफी कुछ झेला है."
यह भी पढ़ें: ट्रंप-नेतन्याहू में अब खुली जंग! ईरान संग डील होते ही क्योें लड़ पड़े दो 'कट्टर दोस्त'
ट्रंप ने विमान की तारीफ करते हुए कहा, "यह दुनिया का सबसे लग्जरी विमान माना जाता है. जब इसे बनाया गया था, तब इसे ऐसे स्तर पर तैयार किया गया था जिसे शायद दोबारा कभी नहीं देखा जाएगा."
अमेरिका में कतर के गिफ्ट को लेकर विवाद
इस विमान को लेकर अमेरिका में विवाद भी खड़ा हो गया है. आलोचकों का कहना है कि अमेरिकी नियमों के मुताबिक किसी एक स्रोत से 50 डॉलर से अधिक का उपहार स्वीकार नहीं किया जा सकता, जबकि यह विमान 400 मिलियन डॉलर का है. लेकिन ट्रंप ने आलोचनाओं को खारिज करते हुए कहा कि इतने बड़े ऑफर को ठुकराना "बेवकूफी" होती.
अमेरिकी रक्षा विभाग ने भी साफ किया है कि विमान को सभी संघीय नियमों और प्रक्रियाओं का पालन करते हुए स्वीकार किया गया है. हालांकि इस विमान को राष्ट्रपति के इस्तेमाल के योग्य बनाने के लिए करीब 1 अरब डॉलर अतिरिक्त खर्च होने का अनुमान है.
यह भी पढ़ें: दोस्ती के नाम पर धोखा? ट्रंप का 'G2' अलायंस क्या भारत के लिए खतरे की घंटी है
राष्ट्रपति के लिए बनाया जा रहा एयर फोर्स वन
यह विमान तब तक अस्थायी एयर फोर्स वन के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा, जब तक बोइंग द्वारा तैयार किए जा रहे राष्ट्रपति के लिए दो विमान 2027 और 2028 में डिलीवर नहीं हो जाते. इन नए विमानों की लागत भी बढ़कर 5 अरब डॉलर तक पहुंच चुकी है.
ट्रंप का कहना है कि अमेरिका को दुनिया के अन्य देशों के नेताओं के मुकाबले आधुनिक विमान की जरूरत है. उन्होंने कहा, "दूसरे देशों के पास हमसे कहीं ज्यादा नए और बेहतर विमान हैं. यह स्थिति थोड़ी हास्यास्पद थी."
मौजूदा राष्ट्रपति विमान 1990 से सेवा में हैं और पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू. बुश के कार्यकाल में शामिल किए गए थे. हाल ही में तकनीकी खराबी के कारण इनमें से एक विमान को उड़ान के बीच वापस लौटना पड़ा था.